ट्रंप-शी जिनपिंग की मुलाक़ात के बाद अमेरिका ने कहा, चीन ने चिप्स को लेकर किया यह फ़ैसला

अमेरिकी व्हाइट हाउस के मुताबिक़, अमेरिका और चीन के बीच हुए एक नए व्यापार समझौते के तहत चीन अब कारों में इस्तेमाल होने वाले ऑटोमोटिव कंप्यूटर चिप्स के निर्यात पर लगी पाबंदियों को धीरे-धीरे कम करेगा.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और इफ़्तेख़ार अली

  1. अनंत सिंह की गिरफ़्तारी पर दुलारचंद यादव के परिवार ने क्या कहा?

    दुलारचंद यादव
    इमेज कैप्शन, दुलारचंद यादव की हत्या 30 अक्तूबर को हुई

    बिहार में दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने 'बाहुबली' नेता अनंत सिंह को गिरफ़्तार कर लिया है. इस मामले में दुलारचंद यादव के परिवार ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में दुलारचंद यादव के पोते ने आरोप लगाया कि प्रशासन 'एकतरफ़ा' काम कर रहा है.

    उन्होंने कहा, "अभी एक अभियुक्त गिरफ़्तार हुए हैं, लेकिन कल वह प्रचार कर रहे थे. वह क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे. जब हम लोग एक्टिव हुए, प्रशासन पर दबाव डाले, तब जाकर एक्शन हुआ."

    दुलारचंद यादव के पोते ने आरोप लगाया, "पटना के एसएसपी हमारे ख़िलाफ़ बयान दे रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "हमारी यही मांग है कि जो भी लोग इस घटना के लिए ज़िम्मेदार हैं, उनकी गिरफ़्तारी हो और उन्हें सज़ा मिले."

    वहीं अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद मीडिया से बात करते हए पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा, "सोची समझी साजिश के तहत दुलारचंद की हत्या की गई है. मर्डर के समय अनंत सिंह भी मौके पर मौजूद थे. पुलिस हत्या में शामिल किसी शख़्स को नहीं छोड़ेगी."

    1980 और 1990 के दशक के बाहुबली दुलारचंद यादव की 30 अक्तूबर की दोपहर मोकामा में हत्या कर दी गई थी.

    उनकी हत्या का आरोप 'बाहुबली' नेता और जेडीयू के उम्मीदवार अनंत सिंह पर है.

    संबंधित कहानियां:

  2. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री बोले- 'भारत हमें दो मोर्चों पर व्यस्त रखना चाहता है'

    ख़्वाजा आसिफ़
    इमेज कैप्शन, ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान समस्या का तुरंत समाधान ज़रूरी है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा है कि भारत, पाकिस्तान को पूर्वी और पश्चिमी दोनों मोर्चों पर व्यस्त रखना चाहता है.

    बीबीसी उर्दू सेवा के मुताबिक़, ख़्वाजा आसिफ़ ने पाकिस्तानी न्यूज़ चैनल जियो न्यूज़ से बातचीत में यह बात कही है.

    ख़्वाज़ा आसिफ़ ने कहा, "पाकिस्तान के सभी नेता, संस्थाएं और जनता इस बात पर सहमत हैं कि अफ़ग़ानिस्तान समस्या का तुरंत समाधान ज़रूरी है और वह समाधान यह है कि अफ़ग़ान धरती से हमारे क्षेत्र में आतंकवाद को पूरी तरह से रोका जाना चाहिए."

    उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सामान्य संबंध एक बेहतर समाधान होगा.

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने आगे कहा, "इस पर किसी को भी संदेह नहीं करना चाहिए और अगर बाद में सबूत की जरूरत पड़ी तो हमारे पास इस बात के भी सबूत हैं कि भारत किस तरह इस आतंकवाद में शामिल है और हमें दो मोर्चों पर व्यस्त रखना चाहता है, एक पूर्वी और दूसरा पश्चिमी."

    उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि अफ़ग़ानिस्तान के साथ चल रही हमारी वार्ता अच्छे निष्कर्ष पर पहुंचेगी और मित्र देशों के प्रयास सफल होंगे."

    पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच बीते महीने सैन्य संघर्ष हुआ था. तुर्की और क़तर की मध्यस्थता के बाद संघर्षविराम हुआ.

    इसी साल अप्रैल महीने में हुए पहलगाम हमले के बात भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा था. मई महीने में दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष भी हुआ था.

    संबंधित कहानियां:

  3. वर्ल्ड कप फ़ाइनल से पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर क्या बोलीं?

    हरमनप्रीत कौर
    इमेज कैप्शन, भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच रविवार को दोपहर तीन बजे से फ़ाइनल मुक़ाबला होगा

    आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के फ़ाइनल मुक़ाबले से पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि उनकी और टीम की कोशिश होगी कि अपना शत प्रतिशत दें और गेम को एंजॉय करें.

    मैच से पहले प्रेस कॉन्फ़्रेंस में हरमनप्रीत ने कहा, "फ़ाइनल में खेलना सभी के लिए प्राउड मोमेंट है. हमने जिस भी गेम को एंजॉय किया और अपना 100 परसेंट दिया है, वहां हमें पॉज़िटिव रिज़ल्ट मिले हैं."

    उन्होंने कहा, "हमारी सोच यहां भी वही है कि चाहे जो भी परिस्थिति हो हमें गेम को एंजॉय करना है."

    भारतीय टीम दो बार वर्ल्ड कप फ़ाइनल मैच हार चुकी है.

    तीसरी बार फ़ाइनल खेलने के सवाल पर हरमनप्रीत ने कहा, "हार के बाद क्या फ़ील होता है, हम सब को पता है. लेकिन जीतने के बाद कैसा महसूस होता है हम सब इसका इंतज़ार कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "उम्मीद है कि फ़ाइनल का दिन हमारे लिए स्पेशल होगा."

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच रविवार को फ़ाइनल मुक़ाबला होगा. यह मैच दोपहर तीन बजे से नवी मुंबई के डी. वाई. पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.

    जो भी टीम यह मैच जीतेगी वह पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनेगी.

    संबंधित कहानियां:

  4. ब्रिटेन: कैम्ब्रिजशर में ट्रेन में चाकू से हमला, नौ लोगों की हालत गंभीर

    कैम्ब्रिजशर में एक ट्रेन में चाकू से हमला
    इमेज कैप्शन, हमले के बाद इलाक़े में ट्रेन सेवाएं और सड़कें बंद कर दी गई हैं

    ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशर में एक ट्रेन में चाकू से हमले में नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. यह जानकारी ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस ने दी है.

    पुलिस ने बताया कि डॉनकास्टर से किंग्स क्रॉस जा रही ट्रेन में हुए हमले के बाद 10 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से नौ की हालत गंभीर है.

    पुलिस ने इसे "बड़ी घटना" कहा है. काउंटर-टेररिज़्म के अधिकारी भी इस मामले की जांच में जुटे हैं.

    ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस के चीफ़ सुपरिटेंडेंट क्रिस केसी ने इस हमले को "एक चौंकाने वाली घटना" बताया.

    उन्होंने कहा कि अभी इस घटना की वजह के बारे में बताना जल्दबाज़ी होगी.

    केसी ने यह भी बताया कि इलाक़े में ट्रेन सेवाएं बंद हैं और सड़कें भी अगली सूचना तक बंद रहेंगी.

  5. न्यूज़ीलैंड के केन विलियमसन ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया

    केन विलियमसन
    इमेज कैप्शन, विलियमसन ने टी20 इंटरनेशनल में कुल 2575 रन बनाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    न्यूज़ीलैंड के दिग्गज क्रिकेटर केन विलियमसन ने टी20 इंटरनेशनल करियर को अलविदा कह दिया है. उनके रिटायरमेंट की जानकारी न्यूज़ीलैंड क्रिकेट ने दी है.

    विलियमसन ने न्यूज़ीलैंड के लिए 93 टी20 मैच खेले हैं. इनमें उन्होंने कुल 2575 रन बनाए.

    विलियमसन ने 2011 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और 75 मैचों में टीम की कप्तानी की. उनकी अगुवाई में टीम ने दो बार आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल (2016 और 2022) और एक बार फ़ाइनल (2021) में जगह बनाई.

    न्यूज़ीलैंड क्रिकेट के मुताबिक़, विलियमसन ने अपने रिटायरमेंट पर कहा कि उन्हें लगा कि छोटे फ़ॉर्मेट से अलग होने का यही सही समय है.

    उन्होंने कहा, "यह ऐसा कुछ है जिसका हिस्सा बनना मुझे लंबे समय से पसंद रहा है और मैं इन यादों और अनुभवों के लिए बहुत आभारी हूं. यह मेरे लिए और टीम के लिए सही समय है. इससे टीम को आगे आने वाली सिरीज़ और अपने अगले बड़े टारगेट यानी टी20 वर्ल्ड कप से पहले क्लियरिटी मिलेगी."

    विलियमसन ने कहा, "टी20 में हमारे पास बहुत सारा टैलेंट मौजूद है और आने वाला समय इन खिलाड़ियों को अधिक क्रिकेट खेलने और वर्ल्ड कप के लिए तैयार करने में अहम रहेगा."

    केन विलियमसन ने न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर की तारीफ़ करते हुए कहा, "मिच शानदार कप्तान और लीडर हैं. उन्होंने इस टीम के साथ वाक़ई बेहतरीन काम किया है. अब इस फ़ॉर्मेट में ब्लैक कैप्स (न्यूज़ीलैंड मेन्स टीम) को आगे बढ़ाने की ज़िम्मेदारी उन्हीं की है और मैं बाहर से उनका समर्थन करता रहूंगा."

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.