बीजेपी में शामिल होते ही युजवेंद्र चहल को मिली ये ज़िम्मेदारी

बीजेपी में शामिल होने के बाद युजवेंद्र चहल ने एक्स पर पोस्ट कर आभार प्रकट किया.

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, अरशद मिसाल

  1. अमेरिकी टेक कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट, कोरोना महामारी के बाद सबसे ख़राब प्रदर्शन

    अमेरिकी शेयर मार्केट
    इमेज कैप्शन, एआई मॉडल क्लॉड बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक के शेयरों में भी शुक्रवार को क़रीब नौ फ़ीसदी की गिरावट आई

    अमेरिकी टेक कंपनियों के शेयरों में 20 नवंबर को भारी गिरावट दर्ज की गई. बड़ी टेक कंपनियों की हिस्सेदारी वाले नैस्डैक इंडेक्स में पांच फ़ीसदी से ज़्यादा की गिरावट आई.

    पूरे हफ़्ते में नैस्डैक 10 फ़ीसदी से ज़्यादा गिर गया. यह 2020 में कोरोना महामारी के बाद उसका सबसे ख़राब साप्ताहिक प्रदर्शन है.

    शेयरों में इस गिरावट की वजह आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) के भविष्य और इस क्षेत्र में किए जा रहे बड़े निवेश से मुनाफ़ा होने को लेकर निवेशकों की बढ़ती चिंता है.

    एआई मॉडल क्लॉड बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक के शेयरों में भी शुक्रवार को क़रीब नौ फ़ीसदी की गिरावट आई.

    कंपनी के शेयर गुरुवार को पहली बार शेयर बाज़ार में सूचीबद्ध हुए थे. इस गिरावट से पहले दिन की बढ़त का बड़ा हिस्सा ख़त्म हो गया.

    एआई में इस्तेमाल होने वाले चिप बनाने वाली प्रमुख कंपनी एनवीडिया के शेयर भी 14 फ़ीसदी गिर गए.

    हाल के दिनों में अमेरिकी नियामक अधिकारियों की ओर से कंपनी के ऑडिट के तरीक़ों की जांच और चीन से जासूसी से जुड़े विवाद की ख़बरों का असर उसके शेयरों पर पड़ा है.

  2. शुभमन गिल शतक से चूके, भारत की न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ मज़बूत बढ़त

    शुभमन गिल
    इमेज कैप्शन, पहली पारी के आधार पर भारत को न्यूज़ीलैंड पर 118 रन की बढ़त मिली है

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल ख़त्म हो गया है.

    भारत ने चार विकेट के नुक़सान पर 486 रन बना लिए हैं. पहली पारी के आधार पर भारत को न्यूज़ीलैंड पर 118 रन की बढ़त मिली है.

    केएल राहुल 136 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कप्तान शुभमन गिल दो रन से शतक बनाने से चूक गए. न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ जैकब डफ़ी ने उन्हें 98 रन पर आउट किया.

    फ़िलहाल ऋषभ पंत और अंशुल कंबोज़ क्रीज़ पर मौजूद हैं. ऋषभ पंत ने 62 गेंदों पर 55 रन बनाए हैं.

    न्यूज़ीलैंड की टीम ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली.

  3. ईरान में 'डर्टी बम' बनाने के दावे पर ट्रंप ने क्या कहा?

    ट्रंप
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि ईरान में क्या हो रहा है, इसके बारे में हमारे पास बहुत सारी जानकारी है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के 'डर्टी बम' बनाने की आशंका से जुड़ी रिपोर्टों पर कहा कि उन्हें नहीं पता कि यह दावा सही है या नहीं.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान ने कहा कि अगर ईरान ऐसा हथियार बना रहा है, तो अमेरिका को इसकी जानकारी मिल जाएगी और उनकी सरकार इसे होने नहीं देगी.

    उन्होंने कहा, "ईरान में क्या हो रहा है, इसके बारे में हमारे पास बहुत सारी जानकारी है. वे जो कुछ भी कहते हैं, हम सब जानते हैं. हमें पता है कि वे कौन हैं और कहां हैं. हमें इस बारे में जानकारी मिल जाएगी और हम ऐसा नहीं होने देंगे."

    इससे पहले अमेरिकी न्यूज़ चैनल सीएनएन ने रिपोर्ट दी थी कि अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की ख़ुफ़िया जानकारी के मुताबिक़, ईरान डर्टी बम बनाने और उसे वॉशिंगटन में विस्फोट करने की कोशिश कर सकता है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने कहा था कि वह सीएनएन की इस रिपोर्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर पाई है.

    ईरान के अधिकारियों ने इस दावे को ख़ारिज किया है. वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो पहले कह चुके हैं कि उनके मुताबिक़, वॉशिंगटन पर कोई तात्कालिक ख़तरा नहीं है.

    डर्टी बम ऐसा हथियार है, जिसमें पारंपरिक विस्फोटकों के ज़रिए रेडियोएक्टिव पदार्थ फैलाए जाते हैं. यह परमाणु बम से अलग होता है.

  4. असम की जेल में 3.5 साल से बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल पंजाब पहुंचे

    अमृतपाल सिंह
    इमेज कैप्शन, अमृतपाल सिंह के पंजाब पहुंचने से पहले उनके पैतृक गांव जल्लूपुर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह आज अपने घर पहुंच रहे हैं. वह पिछले साढ़े तीन साल से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं.

    बीबीसी पंजाबी के अनुसार, अमृतसर की अदालत ने उन्हें उनकी दादी के अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने के लिए तीन घंटे की अनुमति दी है.

    उन्हें पहले डिब्रूगढ़ जेल से दिल्ली लाया गया. इसके बाद शनिवार सुबह दिल्ली से अमृतसर एयरपोर्ट ले जाया गया.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार रविंदर सिंह रॉबिन के मुताबिक़, अमृतपाल को लेकर विमान अमृतसर एयरपोर्ट पहुंच चुका है.

    अमृतपाल सिंह के पंजाब पहुंचने से पहले उनके पैतृक गांव जल्लूपुर में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं.

    अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का निधन 8 नवंबर को हुआ था. इसके बाद परिवार ने अदालत में आवेदन देकर उन्हें अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की थी.

    अब अमृतपाल सिंह के आने के बाद आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. वह दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक जल्लूपुर खेड़ा में अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होंगे. इस दौरान वह पुलिस की निगरानी में रहेंगे.

    अमृतपाल सिंह
    इमेज कैप्शन, अमृतपाल सिंह की दादी चरण कौर का निधन 8 नवंबर को हुआ था

    क्या है पूरा मामला

    फ़रवरी 2023 में अजनाला थाने पर कथित हमले के मामले में अदालत ने मई 2026 में अमृतपाल सिंह के ख़िलाफ़ आरोप तय किए थे.

    अजनाला हिंसा के बाद अमृतपाल सिंह के ख़िलाफ़ अलग-अलग धाराओं में 16 मामले दर्ज किए गए थे. उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून (एनएसए) भी लगाया गया था.

    अजनाला हिंसा का मामला फ़रवरी 2023 की उस घटना से जुड़ा है, जब वारिस पंजाब दे के प्रमुख और मौजूदा सांसद अमृतपाल सिंह ने अपने समर्थकों के साथ एक साथी की रिहाई की मांग को लेकर अमृतसर ज़िले के अजनाला पुलिस थाने का घेराव किया था.

    अप्रैल 2023 में पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह को मोगा से गिरफ़्तार किया था. उनके ख़िलाफ़ 2023 में राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून लगाया गया था. 2024 में इसे एक साल के लिए बढ़ा दिया गया. इसके बाद 2025 में भी इसकी अवधि एक साल और बढ़ाई गई.

    हालांकि, इस साल एनएसए की अवधि ख़त्म होने के बाद सरकार ने इसे आगे नहीं बढ़ाया. इसके बावजूद सुरक्षा कारणों का हवाला देकर अमृतपाल सिंह को असम की डिब्रूगढ़ जेल में ही रखा गया है.

  5. अजित डोभाल को अमेरिकी अदालत के समन पर भारत ने क्या कहा?

    अजित डोभाल
    इमेज कैप्शन, अमेरिका की एक अदालत ने अजित डोभाल को समन भेजने का आदेश दिया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल को अमेरिकी अदालत के समन भेजने के आदेश को ख़ारिज कर दिया है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ने कहा, "हम पहले भी कह चुके हैं कि हम ऐसे बेबुनियाद मुक़दमों को ख़ारिज करते हैं."

    दरअसल, अमेरिका की एक अदालत ने अजित डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल को समन भेजने का आदेश दिया था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह मामला खालिस्तानी अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से दायर मुक़दमे से जुड़ा है.

    13 नवंबर को दिए गए आदेश में न्यूयॉर्क के साउथ डिस्ट्रिक्ट की अमेरिकी ज़िला अदालत ने समन और संबंधित न्यायिक दस्तावेज़ दिल्ली की ज़िला अदालतों के ज़रिए भेजने का निर्देश दिया था.

  6. भारत दौरे पर आए पाकिस्तानी मंत्री ने 'चरमपंथ' के सवाल का क्या जवाब दिया?

    मुसादिक मसूद मलिक
    इमेज कैप्शन, मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि एक पारदर्शी व्यवस्था बनने से भरोसा बहाल होगा और कुछ समाधान भी निकलेंगे

    पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक के लिए भारत के दौरे पर हैं.

    पत्रकारों से बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया कि "पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादियों के ख़िलाफ़" कार्रवाई क्यों नहीं की जाती?

    इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वह एक बहुपक्षीय मंच पर आए हैं और चाहते हैं कि इस मंच पर होने वाली बातचीत अच्छे और व्यवस्थित तरीक़े से आगे बढ़े.

    समाचार एजेंसियों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "जब भी आतंकवाद पर बात होगी, तो उसमें पारदर्शिता लानी होगी. दोनों तरफ़ से सबूत सामने रखने होंगे."

    उन्होंने कहा कि एक पारदर्शी व्यवस्था बनने से विश्वास बहाल होगा और कुछ समाधान भी निकलेंगे.

    मुसादिक ने कहा कि "आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान को भी बहुत दुख और तकलीफ़ें" झेलनी पड़ी हैं.

    उन्होंने कहा, "आपके यहां भी बहुत सी घटनाएं हुई हैं. मगर अगर आप देखें तो हमारे यहां भी हज़ारों लोग पिछले एक-डेढ़-दो साल में मारे गए हैं."

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भी चाहता है कि इन सभी मुद्दों का स्थायी समाधान निकले.

  7. डोनाल्ड ट्रंप ने अब भारत की जीडीपी को लेकर क्या कहा

    ट्रंप
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने अमेरिका के फ़ेडरल रिज़र्व (फ़ेड) की ब्याज दरों को लेकर भी सवाल उठाए

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान भारत की जीडीपी का ज़िक्र किया.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने ट्रंप का एक वीडियो शेयर किया है. इसमें उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका में भी ब्याज दरें कम होतीं तो उसकी जीडीपी अधिक हो सकती थी.

    ट्रंप ने कहा, "अगर आप भारत को देखें, तो वहां ब्याज दरें कम हैं और जीडीपी सात फ़ीसदी की दर से बढ़ रही है. अमेरिका की जीडीपी 14, 15 या शायद 20 फ़ीसदी तक हो सकती थी."

    ट्रंप ने अमेरिका के फ़ेडरल रिज़र्व (फ़ेड) की ब्याज दरों को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें बहुत ज़्यादा हैं, क्योंकि फ़ेडरल रिज़र्व बहुत राजनीतिक हो गया है.

    उन्होंने कहा कि जब भी अमेरिका अच्छे आर्थिक आंकड़े पेश करता है, फ़ेड ब्याज दरें बढ़ा देता है. ट्रंप के मुताबिक़, "अच्छे आर्थिक आंकड़े आने पर ब्याज दरें घटाई जानी चाहिए."

    उन्होंने कहा कि अगर ब्याज दरें कम होतीं, तो अमेरिका अपना क़र्ज़ भी तेज़ी से चुका सकता था.

    ट्रंप ने यह भी दावा किया कि चुनाव के बाद से अमेरिका को 'चार ट्रिलियन का नुक़सान' हुआ है, क्योंकि दुनिया उन लोगों से 'ख़ुश नहीं है' जिन्होंने चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया.

  8. केएल राहुल ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ शतक लगाकर बनाया ये नया रिकॉर्ड

    केएल राहुल
    इमेज कैप्शन, केएल राहुल सेना देशों (दक्षिण अफ़्रीका, इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक लगाने वाले भारत के इकलौते ओपनर बन गए हैं

    न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ भारतीय टीम ने टेस्ट मैच की पहली पारी में एक विकेट के नुक़सान पर 290 से ज़्यादा रन बना लिए हैं.

    केएल राहुल ने अपना शतक पूरा कर लिया है, जबकि देवदत्त पडिक्कल 80 रन बनाकर आउट हुए.

    बीसीसीआई के मुताबिक़, केएल राहुल सेना देशों (दक्षिण अफ़्रीका, इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक लगाने वाले भारत के इकलौते ओपनर बन गए हैं.

    इससे पहले कल यशस्वी जायसवाल 85 रन बनाकर आउट हुए थे. न्यूज़ीलैंड की टीम ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली.

  9. पोलैंड में गिरी रूस की मिसाइल, यूक्रेन के सहयोगी देशों का चल रहा था सैन्य अभ्यास- टस्क, फ़ीबी हॉप्सन और पॉल किर्बी, यूरोप डिजिटल एडिटर

    पोलैंड
    इमेज कैप्शन, पोलैंड के प्रधानमंत्री ने कहा कि यह घटना ऐसे समय हुई, जब पश्चिमी देशों की सेनाएं इस इलाक़े में सैन्य अभ्यास कर रही थीं

    पोलैंड ने कहा है कि शुक्रवार तड़के उसके हवाई क्षेत्र में घुसी तीन वस्तुओं में एक रूसी क्रूज़ मिसाइल भी थी.

    पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने कहा कि यह घटना ऐसे समय हुई, जब पश्चिमी देशों की सेनाएं इस इलाक़े में सैन्य अभ्यास कर रही थीं. उन्होंने कहा कि यह कोई दुर्घटना नहीं लगती.

    इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी तरह के नुक़सान की ख़बर है. हालांकि, पोलैंड ने इसे रूस की ओर से की गई 'उकसावे की कार्रवाई' बताया है.

    रूस ने इस घटना पर अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है. यह घटना यूक्रेन पर रूस के बड़े हवाई हमलों में से एक के दौरान हुई.

    स्थानीय निवासी नताली श्पोनार ने बताया कि वह अपने बच्चों को स्कूल के लिए तैयार कर रही थीं, तभी उन्हें सीटी जैसी आवाज़ सुनाई दी और फिर किसी चीज़ के टकराने की धीमी आवाज़ आई.

    एक खेत में लगे कैमरे में मिसाइल गिरने का वीडियो रिकॉर्ड हुआ. अधिकारियों ने बाद में कहा कि स्थानीय लोगों को कोई ख़तरा नहीं है.

  10. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.