You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ट्रंप बोले होर्मुज़ स्ट्रेट का नाम 'ट्रंप स्ट्रेट' कर देना चाहिए, ईरान ने क्या कहा?

ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट का नाम बदलने का सुझाव दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ कुमार यादव, संदीप राय

  1. ट्रंप: मुझे ईरान के साथ कोई समझौता नहीं करना

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो ईरान को किसी बातचीत के लिए टेबल पर लाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं.

    मंगलवार रात ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर एबीसी न्यूज़ की उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि उनका प्रशासन ईरान को बातचीत के लिए मजबूर करने की कोशिश कर रहा है.

    उन्होंने कहा कि उन्हें ईरान के साथ समझौता करने की कोई परवाह नहीं है.

    ट्रंप ने लिखा, "एबीसी ने जो रिपोर्ट दी है वह फ़ेक न्यूज़ हैं. मैं ईरान को बातचीत की मेज़ पर लाने की कोशिश नहीं कर रहा हूं."

    उन्होंने आगे कहा, "मुझे अभी की स्थिति ज़्यादा पसंद है, जहां होर्मुज़ स्ट्रेट पर हमारा लगभग पूरा नियंत्रण है और ईरान की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से ढह रही है. वे बस एक ऐसी प्रक्रिया में देरी कर रहे हैं जिसे टाला नहीं जा सकता."

    ट्रंप ने अंत में लिखा, "आख़िर ईरान के लोग कब आवाज उठाएंगे और अपने हक के लिए लड़ेंगे."

    इन टिप्पणियों से कुछ घंटे पहले ट्रंप ने होर्मुज़ के पास ईरान के ठिकानों पर अमेरिका के नए हमलों को सही ठहराया था. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने जवाबी कार्रवाई की तो अमेरिका उससे भी ज्यादा कड़े हमले करेगा.

    ईरान ने कहा है कि अमेरिका ने उस जगह को निशाना बनाया है जहां शादी हो रही थी और आम नागरिक थे. अमेरिका के हमले में पांच लोगों की मौत हुई है. ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक इस हमले में 60 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

  2. नेपाल बाढ़: मरने वालों की संख्या 1100 के पार हुई

    नेपाल पुलिस ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि मंगलवार शाम तक बाढ़ से 1,127 शव बरामद किए गए हैं. मरने वालों की संख्या और भी बढ़ सकती है.

    सैकड़ों लोगों का अभी भी कोई पता नहीं चल पाया है. नेपाल पुलिस की वेबसाइट पर लापता लोगों की संख्या 4,858 है और खोज जारी है.

    प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा है कि सरकार अब तलाशी, बचाव और राहत सामग्री बांटने के बाद प्रभावित लोगों के पुनर्वास की दिशा में आगे बढ़ रही है.

    अधिकारियों ने बताया कि तलाशी अभियान अभी भी जारी है. आशंका है कि लापता लोगों में कई लोग अब भी जलविद्युत परियोजना की सुरंगों में फंसे हो सकते हैं. पिछले कुछ दिनों से विदेशी टीमें भी इस अभियान में मदद कर रही हैं.

    अधिकारियों ने बताया कि नदी से मिले अज्ञात शवों को रखने के लिए अस्थायी व्यवस्था की गई है. अब तक बरामद किए गए शवों में से केवल कुछ की ही पहचान हो पाई है.

    पुलिस ने बताया है कि अगर लापता नेपाली या विदेशी नागरिकों के करीबी खून के रिश्तेदार डीएनए जांच की मांग करते हैं, तो उनके ताज़ा खून के नमूने लिए जा सकते हैं. इन नमूनों की मदद से डीएनए जांच के जरिए शवों की पहचान की जा सकती है.

  3. भारत ने नेपाल को भेजी 5.5 टन राहत सामग्री की एक और खेप

    नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत लगातार राहत सामग्री भेज रहा है. इसी क्रम में भारत का पांचवां विमान राहत सामग्री लेकर नेपाल के लिए रवाना हुआ है.

    विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा, "भारत का पांचवां एयरक्राफ्ट नेपाल के लिए रवाना हुआ है. इसमें खास उपकरणों के साथ 11 सदस्यों की बचाव टीम और 5.5 टन ज़रूरी दवाएं हैं."

    नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद हज़ार से ज़्यादा लोग की मौत हो चुकी है. कम से कम 4 हज़ार से ज़्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं.

    नेपाल पुलिस के मुताबिक मरने वालों की संख्या और भी बढ़ सकती है.

    नेपाल के चितवन जिले में सबसे ज़्यादा लाशें मिली हैं. लाशों की हालत को देखते हुए उन्हें समूह में दफनाने का काम किया जा रहा है.

  4. जर्मनी ने रूस पर लगाया एयरपोर्ट पर हमले का आरोप, पुतिन ने दिया ये जवाब, जेम्स ग्रेगरी और जेसिका पार्कर, बीबीसी न्यूज़

    जर्मनी ने कहा है कि पिछले महीने लीपज़िग एयरपोर्ट पर हुए ड्रोन हमले के पीछे रूस का हाथ था.

    चार अगस्त को पूर्वी जर्मनी के लीपज़िग/हाले एयरपोर्ट पर एक ड्रोन मिला था. इसमें विस्फोटक लगा हुआ था और यह यूक्रेन के कार्गो विमानों के पास था.

    ड्रोन में विस्फोट नहीं हुआ, क्योंकि माना जा रहा है कि उसका डेटोनेटर खराब था. जांचकर्ताओं को शक है कि एक दूसरा ड्रोन पास में मौजूद एक कार्गो विमान से टकरा गया था. इसके 10 दिन बाद एयरपोर्ट के पास एक तीसरा ड्रोन भी मिलने की खबर आई.

    जर्मनी के गृह मंत्री अलेक्ज़ेंडर डोब्रिंट ने कहा कि लीपज़िग एयरपोर्ट पर हुआ हमला यूरोप में रूस की "हाइब्रिड गतिविधियों के लंबे समय से चले आ रहे तरीके" का हिस्सा था. उन्होंने कहा कि यह मानकर चलना चाहिए कि जर्मनी को फिर निशाना बनाया जा सकता है.

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को जर्मनी पर आरोप लगाया कि उसने लीपज़िग एयरपोर्ट पर हुए ड्रोन हमले के लिए रूस को ज़िम्मेदार ठहराने के मक़सद से सबूत प्लांट किए हैं.

    पुतिन ने अपने आरोप के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया.

    इस बीच, बर्लिन में रूसी दूतावास ने रूस के हमले के लिए ज़िम्मेदार होने के आरोप को "बेतुका" बताया है.

    डोब्रिंट ने कहा कि ड्रोन में इस्तेमाल किए गए उपकरणों की जांच और खुफिया जानकारी से रूस की इस हमले में भूमिका साबित होती है.

  5. अमेरिकी हमलों के जवाब में कार्रवाई करते हुए ईरान बोला, ‘अमेरिका को पछताना पड़ेगा’, जो कॉगलन, बीबीसी न्यूज़

    अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान पर फिर से हमले शुरू किए हैं. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने इसकी जानकारी दी है.

    सेंटकॉम ने कहा कि अमेरिका के ये हमले ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की ओर से होर्मुज़ स्ट्रेट में कमर्शियल जहाज़ों पर हाल में किए गए "हमलों के प्रयासों" के बाद किए गए हैं.

    ईरानी रेड क्रिसेंट के मुताबिक़, अमेरिकी हमलों में चार लोगों की मौत हुई है, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल है. 50 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.

    ईरानी रेड क्रिसेंट ने बताया कि दक्षिणी ईरान के सिरिक में अमेरिकी मिसाइल हमले के बाद उसके छर्रे वहां चल रहे एक शादी समारोह के दौरान एक घर में जा गिरे. इसी घटना में ये लोग मारे गए और घायल हुए.

    इसके जवाब में ईरान ने इराक़ और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं. स्थानीय सरकारी मीडिया और जॉर्डन की सशस्त्र सेना ने इसकी जानकारी दी है.

    वहीं, कुवैत और बहरीन में भी हमलों की ख़बरें सामने आई हैं.

    आईआरजीसी ने कहा है कि अमेरिका को इन हमलों पर "पछताना पड़ेगा".

    ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक़, बुधवार तड़के ईरान ने सिरिक हमले के जवाब में जॉर्डन के अकाबा में अमेरिकी मरीन बेस पर बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार की.

    जॉर्डन की सशस्त्र सेना ने कहा कि उसने 13 बैलिस्टिक मिसाइलों को रोका. इनमें से 10 को नष्ट कर दिया गया, जबकि तीन मिसाइलें दूरदराज़ के इलाक़ों में गिरीं.

    ईरान के इस हमले में किसी की भी मौत या घायल होने की ख़बर नहीं है.

    इस बीच, कुवैत की सेना ने कहा है कि बुधवार तड़के ईरान की ओर से किए गए मिसाइल हमलों के जवाब में उसके एयर डिफ़ेंस सिस्टम एक्टिव थे.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सौरभ कुमार यादव अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.