कनाडा के पीएम ने कहा- 'हमने एंटी टैरिफ़ विज्ञापन पर ट्रंप से माफ़ी मांगी'

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि उन्होंने एंटी टैरिफ़ विज्ञापन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से माफी मांगी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और सौरभ यादव

  1. दिल्ली में आज कैसी है हवा, जानिए

    दिल्ली में धुंध
    इमेज कैप्शन, एम्स के इलाक़े में शनिवार सुबह धुंध दिखी

    राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ज़्यादातर इलाक़ों की हवा 'ख़राब' स्थिति में है. शनिवार सुबह अधिकतर इलाक़ों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 300 के क़रीब रहा और धुंध छाई रही.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की ओर से जारी डेटा के मुताबिक़, सुबह आठ बजे दिल्ली के बवाना में सबसे अधिक एक्यूआई दर्ज किया गया.

    यहां का एक्यूआई 301 रहा, जो कि 'बहुत ख़राब' श्रेणी में माना जाता है.

    वहीं आनंद विहार का एक्यूआई 298, अशोक नगर का 287, द्वारका सेक्टर आठ का 260, चांदनी चौक का 299, आईटीओ का 275, नरेला का 283 और सोनिया विहार का 279 रहा.

    सीपीसीबी के मुताबिक़, 200 से 300 के बीच के एक्यूआई को 'ख़राब' श्रेणी का माना जाता है.

    संबंधित कहानी:

  2. तंज़ानिया में चुनावी विरोध प्रदर्शनों पर कार्रवाई में सैकड़ों लोगों के मारे जाने की आशंका, वायक्लिफ़ मुया और लुसी फ़्लेमिंग

    सामिया सुलुहू हसन का पोस्टर
    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन ने साल 2021 में पदभार संभाला और यह उनका पहला राष्ट्रपति चुनाव है

    तंज़ानिया की मुख्य विपक्षी पार्टी का कहना है कि बुधवार को हुए आम चुनाव के बाद देश में तीन दिनों तक चले विरोध प्रदर्शनों के दौरान सैकड़ों लोग मारे गए हैं.

    मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं और देशभर में इंटरनेट बंद होने के कारण इन आंकड़ों की पुष्टि करना मुश्किल हो गया है.

    विपक्षी पार्टी चडेमा के एक प्रवक्ता ने एएफ़पी को बताया कि सुरक्षा बलों के साथ झड़पों में "क़रीब 700" लोगों की मौत हुई है. वहीं तंज़ानिया में एक राजनयिक सूत्र ने बीबीसी को बताया कि कम से कम 500 लोगों की मौत की विश्वसनीय जानकारी मिली है.

    सरकार हिंसा के स्तर को कम करके दिखाने की कोशिश कर रही है और अशांति को रोकने के लिए कर्फ़्यू बढ़ा दिया गया है.

    इन प्रदर्शनों में ज़्यादातर नौजवान सड़कों पर उतरे और देश के कई शहरों में चुनाव को अनुचित बताते हुए प्रदर्शन किए.

    प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार ने मुख्य विपक्षी नेताओं का दमन करके लोकतंत्र को कमज़ोर किया है. एक विपक्षी नेता जेल में हैं, जबकि दूसरे को तकनीकी कारणों से चुनाव से बाहर कर दिया गया.

    इससे तंज़ानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन और उनकी पार्टी चामा चा मापिंदुज़ी (सीसीएम) की जीत की संभावना बढ़ गई.

  3. बाबर आज़म ने तोड़ा रोहित शर्मा का ये रिकॉर्ड

    रोहित शर्मा और बाबर आज़म
    इमेज कैप्शन, टी20 करियर में बाबर आज़म के 4 हज़ार 234 रन हो गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तानी क्रिकेटर बाबर आज़म ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट मैचों में भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. बाबर टी20 में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं.

    उन्होंने यह कारनामा दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ खेले गए टी20 मुक़ाबले में किया. यह मैच लाहौर के गद्दाफ़ी स्टेडियम में खेला गया.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दक्षिण अफ़्रीकी टीम 19.2 ओवरों में 110 रन पर ऑल आउट हो गई. इसके जवाब में पाकिस्तान ने महज़ 13.1 ओवरों में एक विकेट खोकर मैच लिया.

    इस मैच में बाबर आज़म 11 रन बनाकर नॉट आउट रहे. इसी के साथ टी20 करियर में बाबर आज़म के 4 हज़ार 234 रन हो गए हैं.

    उनके बाद क्रमशः रोहित शर्मा (4231 रन), विराट कोहली (4188 रन), इंग्लैंड के जॉस बटलर (3869) और आयरलैंड के पॉल रॉबर्ट स्टर्लिंग (3710 रन) हैं.

    संबंधित कहानियां:

  4. लालू यादव ने एनडीए के घोषणा पत्र को बताया 'सॉरी पत्र'

    लालू यादव
    इमेज कैप्शन, लालू यादव ने कहा कि जिनके पास अपना घोषणा पत्र पढ़ने का समय नहीं है वे इसे लागू नहीं कर सकते (फ़ाइल फ़ोटो)

    बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की ओर से जारी हुए घोषणा पत्र पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू यादव ने तंज़ भरे अंदाज़ में टिप्पणी की है.

    उन्होंने एनडीए के घोषणा पत्र को 'सॉरी पत्र' बताया है.

    लालू यादव ने कहा, "जिन लोगों को अपना घोषणा पत्र पढ़ने तक के लिए समय नहीं है, वे लोग उस घोषणा पत्र को लागू कर ही नहीं सकते. उनका इतिहास और वर्तमान ये सिद्ध भी कर चुका है. इसलिए जनता अब संकल्प ले चुकी है कि महागठबंधन के प्रण को चुनेंगे, जनता की तेजस्वी सरकार लाएंगे."

    उन्होंने कहा, "एनडीए का सॉरी पत्र, नकार चुका है बिहार!"

    एनडीए ने शुक्रवार को पटना में अपना चुनावी 'संकल्प पत्र' जारी किया, जिसमें रोज़गार और विकास से जुड़े कई बड़े वादे किए गए हैं.

    बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत गठबंधन के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में यह घोषणा पत्र पेश किया गया.

    विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि एनडीए के नेताओं ने मात्र '26 सेकंड' में अपना घोषणा पत्र पेश किया.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.