लाइव , यूक्रेन के जहाज़ डुबोने के दावे पर रूस ने क्या जवाब दिया?

रूसी सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि "बाल्टिक क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों का बढ़ना" एक "ख़तरनाक रुझान" है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • gautam gambhir
  • musadiq khan
  • daud ibrahim
  • aazam khan
  • bulldozer
  • डोनाल्ड ट्रंप
  • कार्बी समुदाय के 15,000 लोगों ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, अरशद मिसाल

  1. यूक्रेन में रूसी हमले के 14 घंटे बाद मलबे से ज़िंदा निकाला गया 7 साल का बच्चा, हफ़्सा ख़लील और जेसिका लैम्ब

    यूक्रेन
    इमेज कैप्शन, यूक्रेन में रिहायशी इमारत पर यह हमला रविवार तड़के हुआ, उस समय लोग सो रहे थे

    यूक्रेन में रूसी हमले के बाद एक रिहायशी इमारत के मलबे से सात साल के बच्चे को ज़िंदा निकाला गया है. बचावकर्मियों ने उसे 14 घंटे बाद बाहर निकाला.

    बीबीसी न्यूज़ के मुताबिक़, यह हमला रविवार तड़के कीएव क्षेत्र के डाइमर में हुआ था. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक़, इस हमले में नौ लोगों की मौत हुई है.

    कीएव क्षेत्रीय प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि मलबे से एक 79 साल की महिला को भी ज़िंदा निकाला गया है.

    उन्होंने बताया कि महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    तकाचेंको के मुताबिक़, हमला एक निजी घर पर भी हुआ. बिला त्सेरकवा में हुए इस हमले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई. घर में आग भी लग गई.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बताया कि कीएव के विश्नेवे इलाक़े में एक अलग हमले में तीन लोगों की मौत हुई और 13 घायल हो गए.

    यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि डाइमर से बचाए गए बच्चे की हालत स्थिर है. उसे अस्पताल ले जाया गया है.

    ज़ेलेंस्की और यूक्रेन की राष्ट्रीय पुलिस ने भी बच्चे को बचाए जाने की पुष्टि की है.

  2. इसराइल में किसकी बनेगी सरकार? नेतन्याहू और आइज़नकोट की बातचीत बेनतीजा

    नेतन्याहू आइज़नकोट
    इमेज कैप्शन, बिन्यामिन नेतन्याहू इसराइल में राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और उनके प्रतिद्वंद्वी गादी आइज़नकोट के बीच गठबंधन सरकार बनाने को लेकर बातचीत बेनतीजा रही है.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, दोनों नेताओं की पार्टियों के प्रतिनिधियों ने रविवार को चार घंटे तक बातचीत की. यह बातचीत का दूसरा दौर था. इससे पहले दोनों पक्षों ने पिछले रविवार को भी मुलाक़ात की थी.

    दोनों पार्टियों ने एक संयुक्त बयान जारी किया. इसमें कहा गया कि गठबंधन को लेकर बातचीत का ताज़ा दौर ख़त्म हो गया है.

    बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों के बीच एक और बैठक होगी. हालांकि, इसकी तारीख़ नहीं बताई गई है.

    इसराइल के पूर्व सेना प्रमुख गादी आइज़नकोट के पास सरकार बनाने के लिए छह दिसंबर तक का समय है. इस समयसीमा को 14 दिन और बढ़ाया जा सकता है.

    अक्टूबर में हुए चुनाव में किसी भी राजनीतिक गठबंधन को संसद में पूर्ण बहुमत नहीं मिला था.

    गादी आइज़नकोट के गठबंधन के पास 48 सीटें हैं. सरकार बनाने के लिए उसे 61 सीटों की ज़रूरत है. लेकिन गठबंधन में अब तक सरकार बनाने के तरीक़े पर सहमति नहीं बन पाई है.

    बिन्यामिन नेतन्याहू राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं. इस सिस्टम में प्रधानमंत्री का पद बारी-बारी से नेतन्याहू और आइज़नकोट के पास रह सकता है. इसराइल में पहले भी ऐसी व्यवस्था लागू हो चुकी है.

  3. ट्रंप का दावा: ईरान ने अब तक 81 हज़ार प्रदर्शनकारियों को मारा है

    ट्रंप
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि ईरान के नेता डेमोक्रेट्स को कमज़ोर और अप्रभावी मानते हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने पिछले एक सप्ताह में ही एक वर्ष में सबसे अधिक हमलावर ड्रोन और मिसाइलें दागी हैं.

    उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह बात कही.

    ट्रंप ने लिखा कि उन्होंने तीन नवंबर को हुए मध्यावधि चुनाव को लेकर दो भविष्यवाणियां की थीं.

    पहली यह कि अगर डेमोक्रेट्स जीते तो शेयर बाज़ार में भारी गिरावट आएगी. ट्रंप ने कहा कि ऐसा हुआ है.

    दूसरी भविष्यवाणी यह थी कि ईरान अपने हमले और तेज़ करेगा. ट्रंप के मुताबिक, ऐसा भी हुआ है.

    ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने अब तक 81 हज़ार प्रदर्शनकारियों को मार डाला है.

    उन्होंने दावा किया कि ईरान ने जो ड्रोन और मिसाइलें दाग़ीं, उन सभी को मार गिराया गया. उनसे कोई नुकसान नहीं हुआ.

    ट्रंप ने कहा कि ईरान के नेता डेमोक्रेट्स को कमज़ोर और अप्रभावी मानते हैं.

    ट्रंप ने यह भी दावा किया कि डेमोक्रेट्स और ईरान ने तेल की क़ीमतें ऊंची रखने की पूरी कोशिश की. उनके मुताबिक़, चुनाव के बाद तेल की क़ीमतों में रिकॉर्ड गिरावट आई है.

    उन्होंने कहा कि मतदाताओं को वोट देने से पहले यह बात समझनी चाहिए थी. ट्रंप ने पूरे चुनाव को "बहुत अजीब" भी बताया.

  4. बिसलेरी के पानी को जांच में बताया गया असुरक्षित, FSSAI ने मुक़दमा चलाने की दी मंजूरी

    बिसलेरी
    इमेज कैप्शन, कंपनी के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का सैंपल लिया गया था इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अनुरूप नहीं पाई गई (सांकेतिक तस्वीर)

    भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफ़एसएसएआई) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी दी है.

    एफ़एसएसएआई ने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है.

    बिसलेरी इंटरनेशनल ने इस मामले पर बयान जारी कर अपने पानी को सुरक्षित बताया.

    एफ़एसएसएआई के मुताबिक़, कंपनी के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का सैंपल लिया गया था. जांच में इसमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अनुरूप नहीं पाई गई. इसके बाद सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया.

    कंपनी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया. वहां भी जांच में पानी को असुरक्षित पाया गया. इसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएचएस) की मौजूदगी मिली.

    एफ़एसएसएआई के अनुसार, जांच में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमों का उल्लंघन पाया गया है.

    इसके बाद कंपनी के ख़िलाफ़ इसी क़ानून के तहत मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी दी गई है.

  5. जीत से पांच विकेट दूर टीम इंडिया, पांचवें दिन का खेल रोमांचक मोड़ पर

    टीम इंडिया
    इमेज कैप्शन, भारत की तरफ़ से प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिए हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह को एक विकेट मिला है

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का आज आखिरी दिन है.

    न्यूज़ीलैंड ने दूसरी पारी में 190 से ज्यादा रन बना लिए हैं, लेकिन उसके पांच विकेट गिर चुके हैं. भारत के पास अब भी 150 से ज्यादा रनों की बढ़त है.

    ग्लेन फ़िलिप्स और डेरिल मिचेल क्रीज़ पर मौजूद हैं. न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से दूसरी पारी में अभी तक डेवॉन कॉनवे ने सबसे ज़्यादा 65 रन बनाए हैं.

    इससे पहले भारत ने पहली पारी में 720 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी. भारत की तरफ़ से केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतकीय पारियां खेलीं.

    न्यूज़ीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे. उसकी तरफ़ से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली.

  6. नवी मुंबई के तुर्भे में लगी भीषण आग, धुएं का गुबार फैला

    नवी मुंबई
    इमेज कैप्शन, दमकलकर्मी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे

    नवी मुंबई के तुर्भे में स्थित महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) के ऑयल वेयरहाउस में भीषण आग लग गई है. आग के बाद आसपास के इलाक़े में धुएं का घना गुबार फैल गया.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, दमकलकर्मी मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है.

    वीडियो में एक इमारत आग की लपटों से घिरी नज़र आ रही है. दमकलकर्मी मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे थे.

    आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है.

  7. पाकिस्तान-ए ने भारत-ए को 48 रन से हराया, तिलक वर्मा का शतक बेकार

    तिलक वर्मा
    इमेज कैप्शन, भारत की तरफ़ से कप्तान तिलक वर्मा ने 100 रन बनाए (फ़ाइल फ़ोटो)

    एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में पाकिस्तान-ए ने भारत-ए को 48 रन से हरा दिया.

    पाकिस्तान ने रविवार को खेले गए मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 313 रन बनाए थे. इसके जवाब में भारतीय टीम 265 रन पर ऑलआउट हो गई.

    पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.

    पाकिस्तान की तरफ़ से हसन नवाज़ ने सबसे ज़्यादा 79 रन बनाए. माज़ सदाकत ने 59 और फ़रहान यूसुफ़ ने 56 रन की पारी खेली.

    भारत की तरफ़ से कप्तान तिलक वर्मा ने 100 रन बनाए. वहीं, अभिषेक शर्मा ने 70 रन और शहबाज़ अहमद ने 56 रन बनाए.

    पाकिस्तान के गेंदबाज़ अली रज़ा और हसन नवाज़ ने तीन-तीन विकेट लिए.

    मैच के दौरान एक और बात चर्चा में रही. टॉस के समय पाकिस्तान-ए के कप्तान अब्दुल समद और भारत-ए के कप्तान तिलक वर्मा ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया.

  8. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.