सांसद पप्पू यादव को धमकी देने वाला शख़्स गिरफ़्तार, पुलिस ने बताया कैसे दी थी धमकी

बिहार के पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को मिल रही धमकियों के मामले में पूर्णिया पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है.

सारांश

  • भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया, कनाडा सरकार भारत के राजनयिकों की ऑडियो-वीडियो के ज़रिए निगरानी कर रही है
  • विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कनाडा की ओर से अमित शाह पर की गई टिप्पणी पर जताई आपत्ति
  • विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका की ओर से प्रतिबंधित भारतीय कंपनियों के मुद्दे पर यूएस के संपर्क में हैं
  • केमी बैडनॉक बनीं ब्रिटेन की कंज़र्वेटिव पार्टी की नई नेता
  • तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन न्यूज़ीलैंड की हालत ख़राब, 9 बल्लेबाज़ पवेलियन लौटे
  • शाइना एनसी को लेकर दिए गए बयान पर अरविंद सावंत ने मांगी माफी
  • स्पेन में आई भीषण बाढ़ से अब तक हुईं कम से कम 200 मौतें

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत

  1. एकनाथ शिंदे ने किस बात पर कहा- 'बालासाहब ठाकरे होते तो मुंह तोड़ देते'

    एएनआई के साथ बातचीत के दौरान एकनाश शिंदे
    इमेज कैप्शन, एएनआई के साथ बातचीत के दौरान एकनाश शिंदे

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत की.

    एकनाथ शिंदे ने कहा, "काम, राज्य का विकास और आम आदमी के जीवन में परिवर्तन ये काम हमारी सरकार ने किया है. जो काम करेगा और परिवर्तन करेगा उसी के साथ जनता जाएगी."

    "हमने ये लोकसभा चुनाव में भी साबित किया है. उद्धव गुट से हम 13 जगहों पर आमने-सामने लड़े थे, जिसमें से हम सात जगहों पर जीते. उनके जितने भी गढ़ थे वो सब ध्वस्त हो गए. जनता ने तोड़ दिया."

    क्या एकनाथ शिंदे ही महायुति में सीएम पद का चेहरा हैं? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "अभी तो मैं यहां टीम का लीडर हूं. अभी हम टीम के तौर पर काम कर रहे हैं. हमारा लक्ष्य महायुति की सरकार लाना और जनता का विकास करना है."

    महाविकास अघाड़ी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा, "चुनाव को चुनाव की तरह से लड़ा जाता है. हम किसी को कमज़ोर नहीं समझते. जनता यह तय करती है किसे जिताना है. हम गलत धारणाएं नहीं फैलाते हैं. कांग्रेस और महाविकास अघाड़ी ने लोकसभा चुनाव में ‘फेक़ नैरेटिव’ फैलाया था."

    मुंबादेवी विधानसभा सीट से शिंदे गुट की उम्मीदवार शाइना चुडासमा मुणोत को लेकर दिए गए अरविंद सावंत के बयान पर भी एकनाथ शिंदे ने प्रतिक्रिया दी.

    उन्होंने कहा, "एक बहन के बारे में ऐसी बातें करना बहुत ही निंदा की बात है. ये खुद को बालासाहब ठाकरे के विचारों वाला कहते हैं और इनके विचार देखिए. बालासहाब ठाकरे अगर आज रहते तो सही में मुंह तोड़ देते."

    महाराष्ट्र में एक ही चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को नतीजे जारी किए जाएंगे.

  2. ट्रंप की रैली में लगे 'फ्री फ़लस्तीन' के नारे, कमला हैरिस ने कहा-आपकी आवाज़ ही आपकी ताकत

    डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)
    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)

    रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने मिशिगन के डियरबॉर्न इलाके में अपना चुनाव प्रचार किया.

    ट्रंप के चुनाव प्रचार के दौरान भीड़ के एक हिस्से ने ‘फ़्री फ़लस्तीन’ के नारे भी लगाए. मिशिगन एक स्विंग स्टेट है और इसके शहर डियरबॉर्न में अरब-अमेरिकी समुदाय की अधिकता है.

    दूसरी तरफ, अपने प्रचार अभियान के तहत डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस लगातार पहली बार वोट डालने वाले जेन-ज़ी वोटरों को लुभाने की कोशिश कर रही हैं.

    हालिया की गई एक रैली में कमला हैरिस ने जेन-ज़ी वोटरों को संबोधित करते हुए कहा, “मुझे सच में जेन-ज़ी पीढ़ी से प्यार है. मुझे पता है आप लोग बंदूक रखने के क़ानून और जलवायु संकट जैसी समस्याओं में बदलाव के लिए बेताब हैं.”

    हैरिस ने मतदाताओं से कहा, “आपका वोट आपकी आवाज़ है और आपकी आवाज़ ही आपकी ताकत है.”

  3. रोहित और विराट आउट, दूसरे दिन खेल शुरू करेंगे शुभमन गिल और ऋषभ पंत

    आउट होने के बाद पवेलियन की तरफ़ जाते रोहित शर्मा
    इमेज कैप्शन, आउट होने के बाद पवेलियन की तरफ़ जाते रोहित शर्मा

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मुंबई में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच का पहला दिन ख़त्म होने तक भारतीय टीम ने चार विकेट खोकर 86 रन बना लिए हैं.

    भारतीय टीम अभी भी न्यूज़ीलैंड से 149 रन पीछे है. पहले दिन न्यूज़ीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.

    पहले बैटिंग करते हुए कीवी टीम ने 235 रन बनाए थे. डेरल मिशेल ने सबसे ज़्यादा 82 और विल यंग ने 71 रन बनाए.

    भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने सबसे ज़्यादा पांच विकेट लिए. वॉशिंगटन सुंदर ने भी चार बल्लेबाज़ों को पवेलियन की राह दिखाई.

    अपनी पहली पारी में बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. महज़ 25 रन के टीम टोटल पर कप्तान रोहित शर्मा 18 रन बनाकर आउट हो गए. विराट कोहली भी केवल चार रन ही बना सके और रन आउट होकर ड्रेसिंग रूम की तरफ़ रवाना हुए.

    नाइट वॉचमैन के रूप में भेजे गए मोहम्मद सिराज़ बिना खाता खोले ही आउट हो गए. ओपनर यशस्वी जायसवाल को हालांकि अच्छी शुरुआत मिली थी लेकिन वे 30 रन बनाकर एजाज पटेल की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए.

    दिन का खेल ख़त्म होने तक शुभमन गिल 31 बनाकर ऋषभ पंत के साथ क्रीज़ पर टिके हुए थे.

    अगर भारत को इस सिरीज़ में क्लीन स्वीप होने से बचना है तो उसके लिए इस टेस्ट मैच को जीतना या फिर इसे ड्रॉ कराना ज़रूरी है.

    न्यूज़ीलैंड की टीम तीन टेस्ट मैचों के लिए भारत के दौरे पर है. जहां मेहमान टीम 2-0 से पहले ही सिरीज़ को जीत चुकी है.

    भारत को 12 साल बाद घरेलू ज़मीन पर टेस्ट सिरीज़ में हार मिली है. मेहमान टीम ने बेंगलुरु में खेले गए पहले टेस्ट को 8 विकेट से और पुणे में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच को 113 रनों से जीता था.

  4. स्पेन में बाढ़, मरने वालों की संख्या बढ़कर 200 हुई

    स्पेन में आई बाढ़ से उपजे हालात का दृश्य
    इमेज कैप्शन, स्पेन में आई बाढ़ से उपजे हालात का दृश्य

    स्पेन में आई भीषण बाढ़ की वजह से अभी तक कम से कम 200 लोगों की जान जा चुकी है.

    कई लोगों के लापता होने की ख़बरें भी हैं. इमरजेंसी टीमें लापता लोगों के लिए तलाशी अभियान को जारी रखे हुए हैं.

    स्पेन में ज़्यादातर मौतें वैलेंसिया इलाक़े से सामने आई हैं. हालांकि अभी भी मरने वालों की संख्या में इज़ाफ़े की आशंका जताई जा रही है.

    लापता लोगों की तलाशी अभियान में जुटे बचावकर्मी
    इमेज कैप्शन, लापता लोगों की तलाशी अभियान में जुटे बचावकर्मी

    स्पेन के निवासियों का ऐसा भी कहना है कि अगर सरकार ने उनको बाढ़ के ख़तरे के बारे में पहले से आगाह किया होता तो इतनी तबाही ना होती.

    स्पेन के वैलेंसिया के अल्दाइया शहर में रहने वाले जुआन गोंज़ालेज़ ने बीबीसी से कहा, “यहां होने वाला नुक़सान विनाशकारी है. यह एक ऐसा इलाक़ा है जहां अचानक से बाढ़ आने की आशंका बनी रहती है. यह बहुत ही ख़राब स्थिति है कि हमारी सरकार ने इससे बचने के लिए कुछ नहीं किया.”

    स्पेन में हो रही बारिश
    इमेज कैप्शन, स्पेन में हो रही बारिश

    एक और स्थानीय नागरिक ऑगस्टिन का कहना था, “हम जिस फ़्लैट में रहते हैं वह पूरी तरह से पानी में डूब गया है. मुझे अपनी पत्नी और बच्चों समेत अपने माता-पिता के घर में रहना पड़ रहा है.”

    स्पेन में शनिवार को भी बारिश होने की आशंका जताई गई है.

  5. नमस्कार

    आज सुबह छह बजे से दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    साथ ही बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - कांग्रेस के चुनावी वादों पर पीएम मोदी ने ऐसा क्या कहा कि सिद्धारमैया गिनाने लगे अपने काम?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - बांग्लादेश के हिंदुओं और पीएम मोदी पर डोनाल्ड ट्रंप के बयान की वजह क्या है?-इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - अमेरिका ने भारत की 19 कंपनियों पर क्यों लगाया प्रतिबंध?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - ‘लंदन रोड’: पाकिस्तान का दरवाज़ा समझी जाने वाली वो सड़क जो ‘डंकी रूट’ बन गई- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.