भारत ने कहा, 'पाकिस्तान ऐसा करेगा, तभी दुनिया उसके बयानों पर भरोसा करेगी'

इमेज स्रोत, Kabir Jhangiani/NurPhoto via Getty Images
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान को सीमा पार 'आतंकवाद के ख़िलाफ़' विश्वसनीय कार्रवाई करनी होगी, तभी दुनिया को उसके बयानों पर भरोसा होगा.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को वीकली प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान यह टिप्पणी की.
दरअसल, उनसे पाकिस्तान के आर्मी चीफ़ आसिम मुनीर के उस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी थी, जिसमें उन्होंने देश में बढ़ते उग्रवाद के ख़तरे के बीच 'आतंकवाद को हराने' के लिए सशस्त्र बलों के मजबूत संकल्प की बात कही थी.
इस पर जायसवाल ने कहा, “पाकिस्तान को कार्रवाई करने और मज़बूत प्रतिबद्धता दिखाने की ज़रूरत है. उसे सीमा पार आतंकवाद के ख़िलाफ़ विश्वसनीय कार्रवाई करनी होगी, तभी दुनिया को भरोसा होगा कि वह वही करेगा, जो वह कहता है.”
वहीं, हाल ही में पाकिस्तान ने परमानेंट कोर्ट ऑफ़ आर्बिट्रेशन के फ़ैसलों को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को पत्र भेजा था. इस पर भारत ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. यह सिंधु जल संधि से जुड़ा फ़ैसला था.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान पर तथ्यों को ग़लत तरीक़े से पेश करने और झूठे दावे फैलाने का आरोप लगाया.
रणधीर जायसवाल ने कहा कि जिसे पाकिस्तान पपरमानेंट कोर्ट ऑफ़ आर्बिट्रेशन का फ़ैसला बताया जा रहा है, वह वास्तव में उस कोर्ट का फ़ैसला नहीं है. यह एक अवैध रूप से गठित अदालत का फ़ैसला है.











