जंग ख़त्म करने वाले ट्रंप के बयान पर क्या होगी इसराइल की रणनीति?

इसराइली अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इस जंग के ख़त्म होने के बाद भी, इसराइल ईरान में रणनीतिक हमले जारी रख सकता है.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, रौनक भैड़ा

  1. अमेरिकी विदेश मंत्री ने ईरान युद्ध को लेकर कहा- फ़िनिश लाइन नज़र आ रही

    मार्को रुबियो
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि फ़िनिश लाइन नज़र आ रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिका ईरान से बात कर रहा है और युद्ध ख़त्म होने की उम्मीद दिख रही है.

    उन्होंने फ़ॉक्स न्यूज़ पर कहा, "बातचीत चल रही है. किसी भी समय सीधी मुलाक़ात हो सकती है. हम हमेशा इसके लिए तैयार रहेंगे."

    मार्को रुबियो ने यह भी कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप नहीं चाहेंगे कि ईरान झूठी या दिखावटी बातचीत करके सिर्फ़ वक़्त निकालता रहे."

    रुबियो ने युद्ध ख़त्म करने को लेकर कहा, "मैं कोई टाइमलाइन तय नहीं करना चाहता, लेकिन फ़िनिश लाइन नज़र आ रही है."

    अमेरिकी विदेश मंत्री ने नेटो की आलोचना करते हुए कहा, "अमेरिका को यह देखना पड़ सकता है कि जो गठबंधन इस देश के लिए कुछ समय तक उपयोगी रहा है, क्या अब भी वह यह काम कर रहा है या नहीं."

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका 'दो या तीन हफ़्तों' के भीतर ईरान से बाहर निकल जाएगा.

  2. 'ईरान जंग ख़त्म करने को तैयार बशर्ते..' मसूद पेज़ेश्कियान ने ईरान की शर्तों के बारे में ये कहा, जॉन सडवर्थ,नॉर्थ अमेरिका संवाददाता

    मसूद पेज़ेश्कियान
    इमेज कैप्शन, मसूद पेज़ेश्कियान ने यूरोपीय काउंसिल के प्रेसीडेंट के साथ फ़ोन कॉल पर बात की (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने कहा है कि अगर कुछ शर्तें पूरी हों तो ईरान अमेरिका और इसराइल के साथ युद्ध ख़त्म करने को तैयार है.

    ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि पेज़ेश्कियान ने यूरोपीय काउंसिल के प्रेसीडेंट के साथ फ़ोन कॉल पर की गई बातचीत के दौरान ये बयान दिया.

    पेज़ेश्कियान की ओर से युद्ध ख़त्म करने की "इच्छा" की बात भी कई शर्तों के साथ आई, ख़ासकर इस गारंटी के साथ कि भविष्य में फिर से संघर्ष शुरू नहीं होगा.

    इससे पहले भी अमेरिका के 15 बिंदुओं वाले शांति प्रस्ताव पर ईरान ने फिर हमला नहीं करने की गारंटी की मांग की थी.

    पेज़ेश्कियान के इस बयान के बाद अमेरिकी बाज़ारों में तेज़ी देखी गई.

  3. चीन के विदेश मंत्री से हुई मुलाक़ात के बारे में इसहाक़ डार ने क्या बताया?

    इसहाक़ डार
    इमेज कैप्शन, इसहाक़ डार ने बताया कि वांग यी के साथ उनकी बातचीत तीन घंटे से ज़्यादा चली (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार चीन यात्रा पर रहे. इस दौरान उन्होंने चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मुलाक़ात की.

    इसहाक़ डार ने एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि आने वाले दिनों में दोनों देशों के रिश्ते और मज़बूत होंगे.

    इसहाक़ डार ने लिखा, 'हमने सीमित वार्ता से लेकर प्रतिनिधिमंडल स्तर की चर्चा तक और फिर एक गर्मजोशी भरे डिनर तक बातचीत की. हमारी बात तीन घंटे से ज़्यादा चली जिसमें आगे की दिशा तय करने वाली बातें हुईं."

    इसहाक़ डार और वांग यी
    इमेज कैप्शन, इसहाक़ डार ने कहा कि पाकिस्तान-चीन की रणनीतिक साझेदारी लगातार मज़बूत हो रही है

    उन्होंने लिखा, "पाकिस्तान-चीन की रणनीतिक साझेदारी लगातार मज़बूत हो रही है. हमने द्विपक्षीय रिश्तों को और मज़बूत करने, सीपीईसी 2.0 के तहत सहयोग बढ़ाने, आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और हमारे राजनयिक रिश्तों की 75वीं सालगिरह को मिलकर मनाने पर चर्चा की."

    उन्होंने लिखा, "हमने मिलकर खाड़ी और मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए चीन और पाकिस्तान की पांच-सूत्रीय पहल जारी की."

  4. भारत में फिर बढ़े कमर्शियल एलपीजी के दाम, इतने रुपये महंगा हुआ सिलेंडर

    सिलेंडर
    इमेज कैप्शन, कमर्शियल एलपीजी की क़ीमत में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    मध्य पूर्व में चल रही जंग के बीच भारत में एक बार फिर कमर्शियल एलपीजी के दाम बढ़ गए हैं. बुधवार को कमर्शियल एलपीजी की क़ीमत में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.

    हालांकि, घरेलू सिलेंडर के दामों में कोई वृद्धि नहीं हुई है.

    पीटीआई के मुताबिक़, दिल्ली में अब 19 किलोग्राम का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 2,078.50 रुपये का हो गया है. यह जानकारी सरकारी तेल कंपनियों के हवाले से दी गई है.

    इससे पहले 1 मार्च को 19 किलो वाले सिलेंडर की क़ीमत 114.50 रुपये बढ़ाई गई थी.

  5. इराक़ में अमेरिकी महिला पत्रकार का अपहरण हुआ, अधिकारियों ने क्या बताया?

    शैली किटलसन
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी फ़्रीलांस पत्रकार शैली किटलसन का मंगलवार शाम को अपहरण किया गया (फ़ाइल फ़ोटो)

    इराक़ की राजधानी बग़दाद में एक अमेरिकी महिला पत्रकार का अपहरण हो गया है. इराक़ी और अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों में से एक का संबंध ईरान समर्थित मिलिशिया से है.

    अल-मॉनिटर नाम की न्यूज़ वेबसाइट ने बताया कि अमेरिकी फ़्रीलांस पत्रकार शैली किटलसन का मंगलवार शाम को अपहरण किया गया.

    इराक़ के गृह मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अपहर्ताओं का पीछा किया. इस दौरान एक अपहर्ता की गाड़ी पलट गई और एक संदिग्ध को गिरफ़्तार कर लिया गया.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ़्तार व्यक्ति का संबंध ईरान समर्थित मिलिशिया ग्रुप "कताइब हिज़्बुल्लाह" से है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के असिस्टेंट सेक्रेटरी डिलन जॉनसन ने पत्रकार के अपहरण की पुष्टि की लेकिन उन्होंने किटलसन का नाम नहीं लिया.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "विदेश मंत्रालय ने पहले ही पत्रकार को उनके ख़िलाफ़ ख़तरे के बारे में चेतावनी दी थी. हम एफ़बीआई के साथ मिलकर उनकी जल्द से जल्द रिहाई सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं."

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बीबीसी को दिए बयान में कहा, "गोपनीयता और अन्य कारणों से, इस समय हमारे पास साझा करने के लिए और कुछ नहीं है."