पोलैंड की इगा स्वियातेक ने जीता विंबलडन का ख़िताब

पोलैंड की इगा स्वियातेक ने विंबलडन का महिला सिंगल्स का ख़िताब जीत लिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, सुरभि गुप्ता

  1. एयर इंडिया प्लेन क्रैश: शुरुआती जांच रिपोर्ट पर विमान कंपनी बोइंग का आया बयान

    एयर इंडिया प्लेन क्रैश
    इमेज कैप्शन, एयर इंडिया का बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 विमान 12 जून को अहमदाबाद में क्रैश हो गया था

    एयर इंडिया प्लेन क्रैश पर भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की शुरुआती जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद विमान कंपनी बोइंग ने बयान जारी किया है.

    बोइंग ने ही एयर इंडिया का वह विमान बनाया था जो कि 12 जून को अहमदाबाद में क्रैश हुआ था.

    बोइंग ने बयान में कहा, "हमारी संवेदनाएं एयर इंडिया फ़्लाइट 171 में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के परिजनों, साथ ही अहमदाबाद में ज़मीन पर प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं."

    एयर इंडिया का बोइंग ड्रीमलाइनर 787-8 विमान 12 जून को अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रहा था.

    एयर इंडिया की उड़ान संख्या 171 टेक ऑफ़ के महज़ 30 सेकंड के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी.

    ये भी पढ़ें-

  2. एयर इंडिया प्लेन क्रैश: विमान हादसे से लेकर जांच रिपोर्ट तक क्या-क्या हुआ?

    एयर इंडिया प्लेन क्रैश
    इमेज कैप्शन, एयर इंडिया प्लेन क्रैश की 13 जून को जांच शुरू हुई थी

    अहमदाबाद में 12 जून को हुए एयर इंडिया प्लेन क्रैश पर भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने शुरुआती जांच रिपोर्ट जारी कर दी है.

    क्रैश के बाद और जांच तक क्या-क्या हुआ है?

    • 12 जून- एयर इंडिया का विमान उड़ान के कुछ ही समय बाद ही क्रैश हो गया. इसमें विमान में और ग्राउंड पर कुल मिलाकर कम से कम 260 लोगों की मौत हो गई.
    • 13 जून- भारतीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मामले में जांच शुरू कर दी. ब्रिटेन और अमेरिका के जांचकर्ता भी विमान हादसे वाली जगह पर पहुंचे. 13 जून को ही पहला ब्लैक बॉक्स भी बरामद किया गया.
    • 16 जून- विमान हादसे वाली जगह पर दूसरा ब्लैक बॉक्स मलबे में मिला, लेकिन इसकी सही जगह के बारे में नहीं बताया गया.
    • 24 जून- दोनों ब्लैक बॉक्स भारतीय वायु सेना द्वारा दिल्ली भेजे गए. इसके बाद इसमें से डेटा निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई.
    • 25 जून- ब्लैक बॉक्स से मेमोरी मॉड्यूल और डेटा सफलतापूर्वक डाउनलोड कर लिया गया. हादसे से पहले घटनाओं को समझने के लिए डेटा का विश्लेषण शुरू हुआ.
  3. एयर इंडिया प्लेन क्रैश: पायलट और क्रू उड़ान के लिए थे फ़िट, जांच रिपोर्ट में बताया गया

    एयर इंडिया प्लेन क्रैश
    इमेज कैप्शन, अहमदाबाद में हुई विमान दुर्घटना में विमान और ज़मीन पर कम से कम 260 लोगों की मौत हुई थी

    अहमदाबाद में पिछले महीने हुए एयर इंडिया प्लेन क्रैश पर भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की शुरुआती जांच रिपोर्ट सामने आई है.

    रिपोर्ट में बताया गया है कि एयर इंडिया की फ़्लाइट में सवार होने से पहले पायलटों और क्रू का टेस्ट किया गया था. ऐसा इसलिए किया गया था ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे विमान उड़ाने के लिए फ़िट हैं.

    रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पायलट मुंबई के थे और उड़ान से एक दिन पहले अहमदाबाद पहुंचे थे. उन्हें पर्याप्त आराम मिला था.

    सभी पायलटों और क्रू का स्थानीय समयानुसार लगभग दोपहर 12 बजे ब्रीथ एनालाइज़र टेस्ट भी किया गया, जिसमें वे 'फ़्लाइट ऑपरेट करने के लिए फ़िट' पाए गए.

  4. अहमदाबाद प्लेन क्रैश: शुरुआती जांच रिपोर्ट पर एयर इंडिया ने क्या कहा?

    एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया था
    इमेज कैप्शन, 12 जून को लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया था

    अहमदाबाद में 12 जून को हुए एयर इंडिया प्लेन क्रैश पर भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने शुरुआती जांच रिपोर्ट जारी की है.

    इस रिपोर्ट पर एयर इंडिया ने बयान जारी किया है.

    कंपनी ने कहा है कि वह 'हादसे में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है' और जांच कर रही एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है.

    बयान में रिपोर्ट के किसी विशेष विवरण पर टिप्पणी नहीं की गई है.

    बयान में कहा गया है, "AI171 हादसे से प्रभावित परिवारों के साथ एयर इंडिया खड़ी है. हम इस दुखद समय में शोक में डूबे हैं और हर संभव मदद देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम 12 जुलाई 2025 को एयरक्राफ़्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) की ओर से जारी शुरुआती रिपोर्ट को प्राप्त करने की पुष्टि करते हैं."

    "एयर इंडिया सभी संबंधित पक्षों, जिनमें नियामक भी शामिल हैं, उनके साथ मिलकर काम कर रही है. हम एएआईबी और अन्य अधिकारियों के साथ जांच में पूरा सहयोग जारी रखेंगे. चूंकि जांच अभी जारी है, इसलिए हम किसी भी विशेष विवरण पर टिप्पणी नहीं कर सकते और ऐसे सभी सवालों के लिए एएआईबी से संपर्क करने का अनुरोध करते हैं."

  5. अल उदैद एयरबेस को ईरानी हवाई हमले में हुआ था मामूली नुक़सान, अमेरिका ने क्या कहा?

    अल उदैद एयर बेस
    इमेज कैप्शन, अल उदैद एयर बेस की ये तस्वीर 2004 की है

    अमेरिकी रक्षा विभाग ने पुष्टि की है कि ईरानी हवाई हमले में क़तर में स्थित अमेरिका के अल उदैद एयरबेस को 'मामूली नुक़सान' हुआ था.

    अमेरिकी रक्षा विभाग के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने बीबीसी फ़ारसी की वेरीफाई सर्विस को बताया है, "23 जून को अमेरिकी और क़तर के एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने ईरानी मिसाइलों को नष्ट कर दिया था, लेकिन एक ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल ने अल उदैद एयरबेस को टारगेट किया."

    उन्होंने कहा, "हमले से बेस के उपकरणों और इंफ्रास्ट्रक्चर को मामूली नुक़सान हुआ. इस दौरान कोई भी घायल नहीं हुआ."

    अमेरिका रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने कहा है कि अल उदैद एयरबेस पूरी तरह से चालू है. साझेदार क़तर के सहयोग से क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता प्रदान करने के अपने मिशन की जारी रखने में एयरबेस पूरी तरह से सक्षम है.

    बीबीसी फ़ारसी की फ़ैक्ट चेकिंग टीम ने अल उदैद एयरबेस पर हुए हमले से पहले और बाद की सैटेलाइट तस्वीर देखी है. फ़ोटो से साफ़ होता है कि हमले से एंटीना कोर नष्ट हो गया. इसके आस-पास की इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं.

    इसराइल ने ईरान के कई सैन्य और परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया था. इसके बाद दोनों देशों के बीच संघर्ष शुरू हो गया था.

    संघर्ष के दौरान अमेरिका भी इसमें शामिल हो गया और उसने ईरान के तीन परमाणु केंद्रों - फ़ोर्दो, नतांज़ और इस्फ़हान पर हमले किए.

    इसके जवाब में ईरान ने अल उदैद एयरबेस पर हमला किया था.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.