प्रशांत किशोर बोले- बीजेपी बयानबाज़ी नहीं सोनिया गांधी पर केस करे
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के अपमान का आरोप लगाया है. यह विवाद 15 अगस्त 2026 को कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान सामने आए एक वीडियो के बाद शुरू हुआ.
अब इस मामले में जनसुराज पार्टी के संस्थापक और विधायक प्रशांत किशोर की टिप्पणी भी आई है. उन्होंने कहा है कि बीजेपी को बयानबाज़ी करने की बजाय सोनिया गांधी पर केस करना चाहिए.
प्रशांत किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा, "बीजेपी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहती है और कांग्रेस इस देश की सबसे पुरानी पार्टी है. अब बीजेपी ने आरोप लगाया है और कांग्रेस इसका जवाब देने में सक्षम हैं. इस पर हम लोगों को क्या कहना है. हम लोगों ने जो वीडियो देखा है, उसमें वंदे मातरम् पूरा गाया गया है."
उन्होंने कहा, "अब बीच में कौन रोक रहा था और नहीं रोक रहा था, यह तो सरकार को ही पता होगा, उन्हें ही पता करना चाहिए. अगर सच में कांग्रेस के लोगों ने ग़लती की है तो अब तो सरकार ने उस पर क़ानून बना दिया है. आप उसका अपमान करेंगे तो आप पर केस हो जाएगा. इसलिए बीजेपी को बयानबाज़ी करने की जगह सोनिया गांधी पर केस करना चाहिए."
गौरतलब है कि इस मामले में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बीजेपी के दावों को पूरी तरह ख़ारिज किया.
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी राष्ट्रगीत रोकने का नहीं, बल्कि काफ़ी देर से खड़े पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी मंगवाने का इशारा कर रही थीं.