किम जोंग उन के साथ 'अच्छे रिश्तों' के कारण ट्रंप ने दक्षिण कोरिया को लेकर उठाया ये क़दम

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका, दक्षिण कोरिया के साथ होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यासों में ‘काफ़ी कमी’ करेगा.
उन्होंने इसकी वजह उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ अपने ‘बहुत अच्छे रिश्ते’ को बताया.
उन्होंने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह भी कहा कि दक्षिण कोरिया ने हाल ही में ईरान के "परमाणु निरस्त्रीकरण" के अभियान में अमेरिका के साथ शामिल होने से इनकार कर दिया था.
ट्रंप ने लिखा, "ये सैन्य अभ्यास न सिर्फ़ महंगे हैं, जिनका बड़ा हिस्सा हमेशा की तरह अमेरिका ही उठाता है, बल्कि इनसे ऐसा संदेश भी जाता है जो पूरी तरह अनुचित और शत्रुतापूर्ण है."
दक्षिण कोरिया ने कहा है कि अमेरिका के साथ होने वाले सैन्य अभ्यास "तय कार्यक्रम के मुताबिक" जारी रहेंगे. उत्तर कोरिया ने अभी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब उत्तर कोरिया ने इसी महीने संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित बैलिस्टिक मिसाइलों के परीक्षण किए हैं.
ट्रंप ने रविवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अब अभ्यास रद्द करने में "बहुत देर हो चुकी है.", क्योंकि अमेरिका और दक्षिण कोरिया सोमवार से अपना वार्षिक सैन्य अभ्यास शुरू करने वाले हैं.
उन्होंने आगे लिखा, "मैंने हाल ही में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति से पूछा था कि क्या वे इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के परमाणु निरस्त्रीकरण में हमारे साथ शामिल होना चाहेंगे. उन्होंने कहा, 'नहीं, शुक्रिया!'"
ट्रंप का यह बयान उनके और किम जोंग उन की 2019 की एक पुरानी तस्वीर पोस्ट करने के 24 घंटे से भी कम समय बाद आया. तस्वीर के साथ ट्रंप ने लिखा था कि दोनों "बहुत अच्छे दोस्त" हैं, भले ही इस खास तस्वीर में दोनों के चेहरे के भाव दोस्ताना नज़र नहीं आ रहे हैं.













