लाइव, नेपाल में अब तक 184 विदेशी नागरिकों को सुरक्षित बचाया गया, सबसे अधिक भारतीय

नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक़, अब तक 184 विदेशी नागरिकों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि 420 पर्यटकों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • नेपाल में आई भीषण बाढ़
  • नेपाल बाढ़ की ड्रोन फ़ुटेज
  • भारी बारिश के बाद वाराणसी में जलभराव
  • गुरमीत राम रहीम को मिली फ़र्लो
  • चीनी
  • बच्चों को कंधे पर बिठाकर उफ़नती नदी पार करते लोग
  • ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों को मराठी भाषा सिखाने पर बोले फडणवीस

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, रौनक भैड़ा

  1. नेपाल में अब तक 184 विदेशी नागरिकों को सुरक्षित बचाया गया, सबसे अधिक भारतीय

    नेपाल बाढ़ रेस्क्यू

    इमेज स्रोत, PRAKASH MATHEMA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक़, अब तक 184 विदेशी नागरिकों को सुरक्षित बचाया जा चुका है

    नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक़, अब तक 184 विदेशी नागरिकों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि 420 पर्यटकों का अभी तक पता नहीं चल पाया है.

    पर्यटन बोर्ड ने शनिवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे जारी अपने ताज़ा अपडेट में बताया कि वह बेल्जियम के एक और स्पेन के दो नागरिकों के संपर्क में भी है.

    पर्यटन बोर्ड के अनुसार, अब तक रेस्क्यू किए गए विदेशी नागरिकों में सबसे ज़्यादा 114 भारतीय हैं. इसके अलावा चीन के 27, दक्षिण कोरिया के 20 और जर्मनी के 4 नागरिकों को भी सुरक्षित निकाला गया है.

    इसके अलावा, बुल्गारिया के एक, इटली के तीन, माल्टा के चार, ओमान के एक, पुर्तगाल के एक, रूस के दो, स्विट्जरलैंड के दो, तुर्की के दो और अमेरिका के तीन नागरिकों को बचाया है.

    पर्यटन बोर्ड ने कहा है कि लापता पर्यटकों का पता लगाने और प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान जारी है.

  2. नेपाल: बाढ़ से हुई तबाही के बाद पुनर्निर्माण में लगेंगे इतने अरब डॉलर

    नेपाल बाढ़

    इमेज स्रोत, Skanda Gautam/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, नेपाल के वित्त मंत्री वागले ने कहा कि यह फ़िलहाल शुरुआती अनुमान लगाया गया है

    नेपाल में फ़्लैश फ़्लड (बाढ़) से हुई तबाही के बाद देश के पुनर्निर्माण के लिए 4 से 5 अरब डॉलर की ज़रूरत पड़ सकती है.

    नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स को यह अनुमान दिया है.

    वित्त मंत्री वागले ने कहा कि यह फ़िलहाल शुरुआती अनुमान है और बाढ़ से हुए नुक़सान का आकलन अभी किया जा रहा है.

    नेपाल में बाढ़ की वजह से बड़ी संख्या में घर तबाह हुए हैं और देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को भी भारी नुक़सान पहुंचाया है.

    इसके अलावा, कई सड़कें और पुल बाढ़ की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं.

    गौरतलब है कि नेपाल बाढ़ में मरने वालों की संख्या 626 हो गई है, जबकि क़रीब 2 हज़ार लोग अभी भी लापता हैं.

  3. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को इजाज़त दीजिए. अब से रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  4. राहुल गांधी का बीजेपी-आरएसएस पर निशाना, बोले- देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में देश में दलितों के साथ होने वाले भेदभाव का मुद्दा उठाया (फ़ाइल फोटो)

    लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ़्रेंस को संबोधित किया.

    इस दौरान उन्होंने कहा, "देश में इस समय दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है. एक तरफ भारत का संविधान है, बाबा साहेब आंबेडकर, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल का संविधान और दूसरी तरफ है बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा.''

    राहुल गांधी ने देश में दलितों के साथ होने वाले भेदभाव का मुद्दा भी उठाया.

    उन्होंने कहा, ''संविधान ने दलितों के ख़िलाफ़ भेदभाव और अत्याचार को गैरकानूनी बनाया है, लेकिन आज भी कई जगह दलित बच्चों से स्कूलों में शौचालय साफ कराने और झाड़ू-पोंछा लगाने जैसे काम कराए जाते हैं.''

    राहुल गांधी ने कहा, ''बच्चों के मन पर गहरा असर पड़ता है. कुछ बच्चे अपने साथियों को सफाई करते देखते हैं, जबकि सफाई करने वाले बच्चे देखते हैं कि उनके कुछ साथी ऐसे काम नहीं करते.''

    राहुल गांधी ने गांवों में भी भेदभाव होने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा कि कुछ जगह दलितों को सार्वजनिक कुएं से पानी लेने की इजाज़त नहीं होती और उन्हें अपने लिए अलग कुआं खोदना पड़ता है.

    उन्होंने चाय की दुकानों पर अलग-अलग कप इस्तेमाल किए जाने का भी दावा किया.

    राहुल ने कहा, "कुछ जगह दलितों को चाय देने के लिए कागज या प्लास्टिक के कप इस्तेमाल किए जाते हैं, जबकि दूसरे लोगों को कांच के कप दिए जाते हैं."

    उन्होंने कहा, "यही भारत की हकीकत है. यही उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत की हकीकत है. यह समस्या शहरों और गांवों दोनों में दिखाई देती है."

    उत्तराखंड में ‘शुद्धिकरण’ पर एफ़आईआर की मांग

    राहुल गांधी ने उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जुड़े एक कथित ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि ऐसा करना एससी/एसटी एक्ट का उल्लंघन है और ‘शुद्धिकरण’ की रस्म करना अपराध है.

    उन्होंने मांग की कि इस मामले में तुरंत एफ़आईआर दर्ज की जाए.

    उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खड़गे को न्याय दिलाना राज्य और केंद्र सरकार, दोनों की जिम्मेदारी है.

  5. नेपाल बाढ़: मलबे से निकाली गईं 97 साल की बुज़ुर्ग महिला कौन हैं? परपोते ने क्या बताया?

    गुना माया बोहरा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नेपाल में बाढ़ के बाद मलबे से निकाली गईं 97 साल की गुना माया बोहरा की तस्वीरें सोशल मीडिया और मीडिया कवरेज में छाई हुई हैं.

    तस्वीरों में वह मिट्टी से पूरी तरह सनी हुईं एक खुदाई मशीन के स्कूप में बैठी नज़र आ रही हैं.

    डॉक्टरों के मुताबिक, गुना माया अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है.

    उनके परपोते दीपक बोहरा ने बीबीसी नेपाली से कहा, "जब उन्हें मलबे से निकाला गया और खुदाई करने वाली मशीन के स्कूप में रखा गया, तो वह मुस्कुरा रही थीं. उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था जैसे कोई योद्धा जंग जीतकर लौटा हो.”

    उन्हें केयर होम के मलबे से निकालने में करीब चार घंटे लगे. दीपक अपनी बुज़ुर्ग रिश्तेदार को बचाने के लिए काठमांडू से पहुंचे थे.

  6. जादवपुर यूनिवर्सिटी के छात्रों से शुभेंदु अधिकारी बोले- 'या तो वे रहेंगे या हम'

    शुभेंदु अधिकारी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को जादवपुर यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स पर निशाना साधते हुए उन्हें "बदतमीज़" बताया और धमकी भरे अंदाज़ में कहा कि या तो वे रहेंगे या हम, सिर्फ़ एक ही रहेगा.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, शुभेंदु अधिकारी ने सख़्त लहजे में कहा कि सरकार कैंपस में राष्ट्रविरोधी और असामाजिक गतिविधियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेगी.

    उन्होंने कहा, "अब हिसाब बराबर करने का समय आ गया है. या तो वे रहेंगे या हम. इनके बीच कुछ नहीं होगा."

    अधिकारी ने जादवपुर यूनिवर्सिटी के बाहर एक कार्यक्रम में यह बात कही.

    उनका कार्यक्रम शाम 4 बजे से 6 बजे तक राजा एससी मलिक रोड के एक हिस्से पर हुआ.

    मुख्यमंत्री ने कहा कि वह यूनिवर्सिटी के उन छात्रों को राष्ट्रवाद का सबक सिखाना चाहते हैं.

    इससे पहले 20 अगस्त को राष्ट्रीय आरएसएस के छात्र संगठन एबीवीपी के समर्थकों के यूनिवर्सिटी कैंपस में घुसने और तोड़फोड़ करने के आरोप लगे थे.

    अधिकारी ने एबीवीपी का ज़िक्र करते हुए कहा, "संगठन को जादवपुर यूनिवर्सिटी में भी वही सबक सिखाना चाहिए, जो उसने दिल्ली की जेएनयू और हैदराबाद की उस्मानिया यूनिवर्सिटी में सिखाया था."

  7. नेपाल बाढ़: चितवन ज़िले में 229 शवों की अब तक नहीं हो पाई पहचान

    नेपाल

    इमेज स्रोत, PRABIN RANABHAT / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, शुक्रवार को नेपाल के नुवाकोट ज़िले में बचाव अभियान के दौरान नेपाली सेना के जवान शव ले जाते हुए

    नेपाल के दक्षिण-मध्य तराई इलाक़े के चितवन ज़िले में बाढ़ के बाद बरामद 233 शवों में से अब तक सिर्फ़ चार की पहचान हो पाई है.

    चितवन ज़िला प्रशासन कार्यालय ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों और नदी किनारे से मिले शव अब पहचानने की हालत में नहीं हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़, बाकी 229 शवों को होल्डिंग सेंटर और स्वास्थ्य संस्थानों में रखा गया है.

    शवों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिए जा रहे हैं और उनका रिकॉर्ड भी तैयार किया जा रहा है

    बुधवार को नेपाल में आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 626 हो गई है. वहीं 2400 से ज़्यादा लोग अब भी लापता हैं.

    वहीं चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक, तिब्बत में मरने वालों की आधिकारिक संख्या बढ़कर सात हो गई है और 554 लोग अभी भी लापता हैं.

  8. पीएम मोदी उज़्बेकिस्तान और किर्गिस्तान दौरे के लिए रवाना

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Narendra Modi

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 से 30 अगस्त को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में रहेंगे

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान के दौरे पर रहेंगे. वो शनिवार सुबह दिल्ली से उज्बेकिस्तान के लिए रवाना हुए.

    इस दौरान वह दोनों देशों के नेताओं से मुलाक़ात करेंगे और शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.

    विदेश मंत्रालय ने प्रेस रिलीज़ जारी कर बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 29 से 30 अगस्त को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में रहेंगे. उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर यह उनकी स्टेट विजिट है.

    दौरे में नेताओं के बीच व्यापार और निवेश, डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा और ऊर्जा समेत कई मुद्दों पर बातचीत होगी.

    पीएम मोदी ने कहा है कि वह 'विकसित भारत' और 'यांगी उज्बेकिस्तान' के साझा विजन को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा करेंगे.

    पीएम मोदी ताशकंद में शास्त्री मेमोरियल और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में महात्मा गांधी सेंटर का भी दौरा करेंगे.

    इसके बाद पीएम मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे, जहां वह 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. यह सम्मेलन एससीओ के 25 साल पूरे होने के मौके पर हो रहा है. भारत 2017 से एससीओ का सक्रिय सदस्य रहा है.

  9. दिल्ली में सीएनजी 3.89 रुपये प्रति किलो महंगी हुई

    इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली और आसपास के शहरों में सीएनजी के दाम 3.89 रुपये प्रति किलो बढ़ गए हैं.

    इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. नई क़ीमतें शनिवार सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं.

    आईजीएल ने बताया कि सीएनजी के लिए गैस का एक बड़ा हिस्सा इम्पोर्टेड एलएनजी से पूरा किया जा रहा है. पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में एलएनजी की क़ीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है.

    कंपनी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में क़ीमतें बढ़ने से गैस की लागत लगातार बढ़ रही है. इसी वजह से बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा पूरा करने के लिए सीएनजी की क़ीमत में 3.89 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी ज़रूरी हो गई थी.

  10. नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 616 हुई

    नेपाल बाढ़

    इमेज स्रोत, Ambir Tolang/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बाढ़ के बाद नेपाल में करीब दो हज़ार लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं

    बुधवार को नेपाल में आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 616 हो गई है. नेपाल पुलिस ने इसकी जानकारी दी है.

    इससे पहले मौतों का आंकड़ा 579 बताया गया था.

    वहीं चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक, तिब्बत में मरने वालों की आधिकारिक संख्या बढ़कर सात हो गई है और 554 लोग अभी भी लापता हैं.

    नेपाल में बाढ़ के बाद अंतरराष्ट्रीय राहत एजेंसियों और कई देशों की सरकारों ने आपात राहत और बचाव का काम तेज़ कर दिया है.

    बाढ़ के बाद नेपाल में करीब 2,000 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.

    यूरोपीय संघ, कनाडा और अमेरिका समेत कई देशों ने नेपाल को राहत सामग्री या आर्थिक मदद देने का एलान किया है.

    संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता के मुताबिक, दस हज़ार से ज़्यादा परिवारों को खाने-पीने की चीज़ें और साफ पीने के पानी की तत्काल ज़रूरत है.

  11. नेपाल बाढ़: 84 भारतीय नागरिकों को बचाया गया, 320 अब भी लापता

    नेपाल बाढ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार रात बताया कि नेपाल में आई बाढ़ के बाद अब भी 320 भारतीय लापता हैं.

    मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 84 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचाया गया है. इनमें तमिलनाडु के 21 लोग शामिल हैं, जो शुक्रवार को भारत लौट आएं. वहीं, 63 लोग त्रिशूली-वन प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे और उन्हें भी सुरक्षित निकाला गया है.

    इसके अलावा 149 भारतीय नागरिक आज चीन से सुरक्षित नेपाल पहुंच गए हैं. करीब 400 भारतीय नागरिक चीन में सुरक्षित हैं. भारतीय दूतावास लगातार उनके संपर्क में है और उन्हें वहां से निकालने की कोशिश की जा रही है.

    विदेश मंत्रालय की ओर से जारी ये आंकड़े शुक्रवार रात 10 बजे तक के हैं.

    नेपाल की आपदा राहत एजेंसी के मुताबिक़, अब तक 570 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि क़रीब 1,900 लोग अभी भी लापता हैं.

  12. नेपाल बाढ़: सैटेलाइट इमेज से सामने आई तबाही की भयावह तस्वीरें

    नेपाल

    इमेज स्रोत, Vantor/Handout via REUTERS

    इमेज कैप्शन, बाढ़ से पहले और बाद की तस्वीरों में कई कस्बों और गांवों में तबाही का मंज़र साफ दिख रहा है

    नेपाल-तिब्बत सीमा पर बाढ़ और भूस्खलन से हुई भारी तबाही का अंदाज़ा, सामने आईं सैटेलाइट तस्वीरों से लगा सकते हैं.

    बाढ़ से पहले और बाद की तस्वीरों में कई कस्बों और गांवों में तबाही का मंज़र साफ दिख रहा है.

    पिछले महीने की सैटेलाइट तस्वीरों में नेपाल के तिमुरे इलाक़े में नदी किनारे रंग-बिरंगी इमारतें नज़र आ रही थीं. लेकिन अब वहां कुछ ही इमारतें बची हैं. पूरा इलाका कीचड़, पानी और चट्टानों से लगभग पूरी तरह ढक गया है.

    तिमुरे इलाक़ा

    इमेज स्रोत, Vantor/Handout via REUTERS

    इमेज कैप्शन, एक जुलाई को बाढ़ से पहले नेपाल का तिमुरे इलाक़ा
    तिमुरे इलाक़ा

    इमेज स्रोत, Vantor/Handout via REUTERS

    इमेज कैप्शन, बाढ़ के बाद 28 अगस्त को ली गई तस्वीर

    त्रिशूली नदी पर बना रसुवागढ़ी हाइड्रोपावर प्लांट कुछ दिन पहले तक एक फलती-फूलती औद्योगिक जगह थी. अब, ऊपर से देखने पर इसका लगभग कोई निशान भी दिखाई नहीं देता.

    रसुवागढ़ी हाइड्रोपावर प्लांट

    इमेज स्रोत, Vantor/Handout via REUTERS

    इमेज कैप्शन, अप्रैल 2024 में रसुवागढ़ी हाइड्रोपावर प्लांट और त्रिशूली नदी की तस्वीर
    रसुवागढ़ी हाइड्रोपावर प्लांट

    इमेज स्रोत, Vantor/Handout via REUTERS

    इमेज कैप्शन, उसी इलाक़े की ये तस्वीर 28 अगस्त को ली गई है.तस्वीर से पता चलता है उस जगह पर कुछ नहीं बचा है
  13. रिलायंस ने सुभाष चंद्रा के आरोपों को बताया ‘बेबुनियाद’, मीडिया संस्थानों के ख़िलाफ़ आरोपों से किया इनकार

    शुभाष चंद्रा और मुकेश अंबानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मुकेश अंबानी की अगुवाई वाले रिलायंस ग्रुप ने शुक्रवार को मीडिया कारोबारी और एस्सेल ग्रुप के चेयरमैन सुभाष चंद्रा के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए ख़ारिज कर दिया. चंद्रा ने रिलायंस ग्रुप से जुड़े मीडिया संस्थानों को लेकर आरोप लगाए थे.

    रिलायंस ग्रुप ने एक बयान में कहा कि वह सुभाष चंद्रा की "बेबुनियाद टिप्पणियों" से निराश है.

    रिलायंस के प्रवक्ता ने कहा, "हम रिलायंस ग्रुप का हिस्सा रहे मीडिया संस्थानों पर लगाए गए आरोपों और इशारों को पूरी तरह ख़ारिज करते हैं."

    ग्रुप ने कहा कि उसके मीडिया ब्रांड्स का इस्तेमाल कभी किसी पर हमला करने के लिए नहीं किया गया और न ही भविष्य में ऐसा किया जाएगा.

    रिलायंस के प्रवक्ता ने कहा कि ग्रुप सुभाष चंद्रा को एक कारोबारी और उद्यमी के तौर पर काफी सम्मान देता है और उनके अच्छे भविष्य की कामना करता है.

    दरअसल, सुभाष चंद्रा ने रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के चेयरमैन मुकेश अंबानी और ग्रुप की मीडिया कंपनियों पर आरोप लगाया है कि वे उनके कर्ज़ और हाल की एनसीएलटी कार्यवाही के बारे में गुमराह करने वाली बातें फैला रहे हैं.

  14. मोहन भागवत के कार्यक्रम के विरोध के बीच ज़ोहरान ममदानी की ये तस्वीरें

    ज़ोहरान ममदानी

    इमेज स्रोत, NYCMayor

    इमेज कैप्शन, इंडिया होम में बुज़ुर्गों के साथ रक्षाबंधन का त्योहर मनाते न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी

    अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने शुक्रवार को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राखी बंधवाते हुए तस्वीरें भी शेयर कीं.

    ज़ोहरान ममदानी ने लिखा, "राखी का एक छोटा सा धागा एक-दूसरे की रक्षा करने, मदद करने और हर हाल में साथ खड़े रहने के मज़बूत वादे का प्रतीक है."

    ज़ोहरान ममदानी ने बताया कि उन्होंने इंडिया होम में बुज़ुर्गों के साथ इस ख़ास मौक़े की खुशियां शेयर कीं.

    दरअसल, ज़ोहरान ममदानी ने मंगलवार को कहा था कि वह मेडिसन स्क्वेयर गार्डन में होने वाले उस प्रस्तावित कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे.

    उनके इस बयान के बाद बीजेपी के कुछ नेताओं ने उन्हें हिन्दू विरोधी बताया था.

    फिलहाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत अमेरिका में हैं और वो आज यानी शनिवार को भारतीय प्रवासियों को संबोधित करेंगे.

  15. नेपाल बाढ़: 570 से ज़्यादा लोगों की मौत, हज़ारों अब भी लापता

    बचाव अभियान

    इमेज स्रोत, Ritesh Shukla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, बाढ़ के बाद लगातार हो रही तेज़ बारिश ने बचाव अभियान को और मुश्किल बना दिया है

    नेपाल और तिब्बत में आई भीषण बाढ़ को क़रीब तीन दिन हो चुके हैं, लेकिन हालात अब भी ख़राब हैं. बुधवार सुबह आई बाढ़ के बाद राहत और बचाव का काम लगातार जारी है. इस बीच मरने वालों और लापता लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है.

    नेपाल की आपदा राहत एजेंसी के मुताबिक़, अब तक 570 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि क़रीब 1,900 लोग अभी भी लापता हैं.

    अधिकारियों के मुताबिक़, क़रीब चार हज़ार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. वहीं, पर्यटन बोर्ड ने बताया है कि 100 से ज़्यादा पर्यटकों को भी ढूंढ लिया गया है.

    हालांकि, बाढ़ ने कई इलाक़ों में सड़कें और पुल बहा दिए हैं. इससे सबसे ज़्यादा प्रभावित क्षेत्रों तक राहत टीमों का पहुंचना मुश्किल हो गया है.

    बाढ़ के बाद लगातार हो रही तेज़ बारिश ने बचाव अभियान को और मुश्किल बना दिया है.

    तिब्बत में चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक, बाढ़ से कम से कम 7 लोगों की मौत हुई है और 554 से ज़्यादा लोग लापता हैं.

    बाढ़ के बाद तिब्बत में एक झील बन गई है. चीन को डर है कि अगर यह झील अचानक टूट गई, तो फिर से बड़ी बाढ़ आ सकती है. इसी ख़तरे को देखते हुए शुक्रवार कुछ समय के लिए बचाव अभियान रोक दिया गया था.

    बाद में बचाव का काम फिर शुरू कर दिया गया. लेकिन चीनी सेना ने चेतावनी दी है कि अगर बारिश हुई तो हालात और बिगड़ सकते हैं.

  16. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.