लाइव , फ़िनलैंड की खाड़ी में रूसी मालवाहक जहाज़ पर ड्रोन हमला, बचाव अभियान जारी

कलिनिनग्राद जा रहे रूस के एक मालवाहक जहाज़ पर ड्रोन से हमला हुआ. अधिकारियों के मुताबिक, जहाज़ में लगी आग बुझाने और उसे डूबने से बचाने का काम किया जा रहा है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • daud ibrahim
  • aazam khan
  • bulldozer
  • डोनाल्ड ट्रंप
  • जावेद अख्तर के इस बयान पर हुआ विवाद
  • कार्बी समुदाय के 15,000 लोगों ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
  • राहुल ने किया अपनी गर्लफ्रेंड का ज़िक्र

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, शुभम गर्ग

  1. मेक्सिको में ड्रग माफ़िया की नाटकीय गिरफ़्तारी के बाद भड़की हिंसा

    मेक्सिको
    इमेज कैप्शन, मेक्सिको के सिनालोआ राज्य के पास 20 नवंबर, 2026 को एक हाईवे पर वाहन जलते हुए दिखे

    मेक्सिको में एक बड़े ड्रग माफ़िया की गिरफ़्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी है. यह माफ़िया अमेरिकी फ़ेडरल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (एफ़बीआई) की 10 मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल है.

    सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में हुई इस घटना से आम लोगों में डर का माहौल है.

    मेक्सिको की सेना ने शनिवार को फ़ॉस्तो इसिद्रो मेज़ा-फ़्लोरेस की गिरफ़्तारी की जानकारी दी. उसे 'एल चापो इसिद्रो' के नाम से भी जाना जाता है.

    एफ़बीआई के मुताबिक़, मेज़ा-फ़्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइज़ेशन का कथित सरगना है.

    रिपोर्ट में बताया गया है कि यह गिरोह अमेरिका में हेरोइन, मेथामफ़ेटामीन, कोकीन, फ़ेंटानिल और मारिजुआना की तस्करी करता है.

    एफ़बीआई के मुताबिक़, मेक्सिको में भी इसका ड्रग प्रोडक्शन, ट्रांसपोर्ट और डिस्ट्रीब्यूशन पर कंट्रोल रहा है.

    मेक्सिको के राष्ट्रीय रक्षा सचिवालय ने बताया कि शुक्रवार रात सिनालोआ में छापेमारी के दौरान मेज़ा-फ़्लोरेस को गिरफ़्तार किया गया.

    सचिवालय के मुताबिक़, सेना के विशेष दस्ते ने पहले इन लोगों की लोकेशन का पता लगाया. इसके बाद सैनिकों ने गुपचुप तरीक़े से इलाक़े में पहुंचकर एक घर की घेराबंदी की.

    सुरक्षा बलों की कार्रवाई की वीडियो फ़ुटेज में कथित तौर पर गुआसावे में हेलिकॉप्टर ज़मीन की ओर गोलियों की बौछार करते दिख रहे हैं. वहीं, कुछ अन्य वीडियो में बेसबॉल स्टेडियम में मौजूद लोग गोलीबारी की आवाज़ सुनकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं.

  2. राजस्थान: सड़क हादसे में एक ही परिवार के 9 श्रद्धालुओं की मौत

    राजस्थान सड़क हादसा
    इमेज कैप्शन, आधी रात के क़रीब 16 लोगों को ले जा रहा एक वाहन ट्रक से टकरा गया

    राजस्थान के कोटा में श्रद्धालुओं को ले जा रहा एक वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं.

    कोटा के अतिरिक्त ज़िला कलेक्टर राजेश जोशी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया, "शंभूपुरा के पास आधी रात के क़रीब 16 लोगों को ले जा रहा एक वाहन ट्रक से टकरा गया. इस हादसे में नौ लोगों की जान चली गई."

    उन्होंने बताया कि ये सभी लोग खाटू श्याम के दर्शन करने के बाद महाराष्ट्र लौट रहे थे. सभी एक ही परिवार के थे.

    राजेश जोशी ने कहा, "फ़िलहाल हमारी प्राथमिकता घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराना है. वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है."

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस हादसे पर एक्स पोस्ट में लिखा, "कोटा, राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. मैं मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं."

    पीएम मोदी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये की राशि देने की घोषणा की है.

    प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पीएम मोदी का बयान भी जारी किया है.

    राजस्थान से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के सहयोगी संवाददाता मोहर सिंह मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने हादसे पर बयान जारी कर हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए कहा है, "कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास सड़क हादसे में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं."

    वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बयान जारी किया है, "कोटा- उदयपुर नेशनल हाईवे - 52 पर शंभूपुरा गांव के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में खाटूश्याम जी के दर्शन कर लौट रहे एक ही परिवार के कई श्रद्धालुओं की मृत्यु होना बेहद दुखद है."

    "इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं."

  3. भारत ने पहली पारी में खड़ा किया 720 रनों का विशाल स्कोर, जानिए न्यूज़ीलैंड का जवाब

    भारत की ओर से केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतकीय पारियां खेलीं
    इमेज कैप्शन, भारत की ओर से केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतकीय पारियां खेलीं (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में 720 रन बनाकर पारी घोषित की. भारत की ओर से केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतकीय पारियां खेलीं.

    वहीं, कप्तान शुभमन गिल 98 रन बनाकर आउट हुए. इसके अलावा यशस्वी जायसवाल ने 85, देवदत्त पडिक्कल ने 80 और ध्रुव जुरेल ने 78 रन बनाए.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से ग्लेन फ़िलिप्स ने तीन विकेट लिए, जबकि रचिन रवींद्र को दो विकेट मिले.

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुताबिक़, पुरुष टेस्ट क्रिकेट में यह विदेशी धरती पर एक पारी में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है.

    न्यूज़ीलैंड को दूसरी पारी की शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा. कप्तान टॉम लैथम बिना खाता खोले जसप्रीत बुमराह की गेंद पर आउट हो गए.

    फ़िलहाल भारत को न्यूज़ीलैंड पर 300 से ज़्यादा रनों की बढ़त हासिल है.

    न्यूज़ीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे. उसकी ओर से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रनों की पारी खेली.

  4. ईरान जंग को लेकर अमेरिका में सरकारी कामकाज ठप होने का ख़तरा

    ट्रंप
    इमेज कैप्शन, क्रिसमस से पहले अमेरिकी संघीय सरकार का कामकाज ठप होने की आशंका बढ़ गई है

    ईरान जंग और अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन के लिए 350 अरब डॉलर के अतिरिक्त बजट की डोनल्ड ट्रंप की मांग को लेकर अमेरिकी संसद में मतभेद बढ़ गए हैं.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, इससे क्रिसमस से पहले अमेरिकी संघीय सरकार का कामकाज ठप होने की आशंका बढ़ गई है.

    रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, दोनों प्रमुख पार्टियों के सांसदों ने चेतावनी दी है कि इन मतभेदों के कारण सरकारी बजट पर सहमति बनना मुश्किल हो सकता है.

    अमेरिकी सरकार का मौजूदा बजट 11 दिसंबर तक वैध है. ऐसे में संघीय सरकारी विभागों के कामकाज के लिए आगे की फंडिंग पर सहमति बनाने के लिए सांसदों के पास क़रीब तीन हफ़्ते का समय है.

    अमेरिकी सीनेट में मतभेद ख़ास तौर पर गंभीर हैं. यहां दोनों पार्टियों के बीच सहमति से तैयार बजट पैकेज को मंज़ूरी देने के लिए 100 में से कम से कम 60 वोटों की ज़रूरत होती है.

    दोनों पार्टियों के सांसदों के बीच मतभेद ऐसे समय बने हुए हैं, जब थैंक्सगिविंग की एक हफ़्ते की छुट्टी के लिए अमेरिकी संसद का कामकाज रोकने की तैयारी है.

    रॉयटर्स न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़, वरमोंट से डेमोक्रेटिक पार्टी के सीनेटर पीटर वेल्च ने हाल ही में कहा, "सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि हम युद्ध के लिए फंडिंग नहीं करना चाहते और न ही सरकार का कामकाज ठप करना चाहते हैं. ऐसे में इसका समाधान कैसे निकाला जाए?"

    उन्होंने कहा, "यही वह उलझी हुई गुत्थी है, जिसे सुलझाना मुश्किल है."

  5. ईरान का दावा, बहरीन में अमेरिका के दो रडारों को बनाया निशाना

    ईरान
    इमेज कैप्शन, ईरान ने चेतावनी दी कि उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किए जाने पर कड़ा जवाब दिया जाएगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिकी सेना के पैट्रियट एयर डिफ़ेंस सिस्टम के दो रडार को निशाना बनाया है.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, ये रडार अल-रिफ़ा और अवाली स्थित दो सैन्य ठिकानों पर लगे हुए हैं. रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के मुताबिक़, मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया.

    रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह हमला "ईरान के हवाई क्षेत्र का लगातार उल्लंघन और उसके ख़िलाफ़ आक्रामक कार्रवाई" के जवाब में किया गया.

    बयान के मुताबिक़, यह कार्रवाई उस समय की गई जब अमेरिकी सेना के दो जासूसी ड्रोन एमक्यू-1 और एमक्यू-9 ईरान के हवाई क्षेत्र में दाख़िल हुए.

    रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने चेतावनी दी कि किसी भी देश या "आक्रामक ताक़त" की ओर से ईरान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किए जाने पर "कड़ा और निर्णायक" जवाब दिया जाएगा.

    बहरीन के राजा के मीडिया मामलों के सलाहकार ने कहा है कि देश के एयर डिफेंस सिस्टम ने बहरीन के एयर स्पेस में ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया है. दोनों पक्षों के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

  6. राहुल के बाद ऋषभ पंत का भी शतक, न्यूज़ीलैंड पर भारत की बड़ी बढ़त

    ऋषभ पंत
    इमेज कैप्शन, ऋषभ पंत ने अपनी पारी में 10 चौके और छह छक्के लगाए.

    न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट मैच में भारत ने 650 से ज़्यादा रन बना लिए हैं. भारत की बढ़त 280 रन से अधिक हो गई है.

    टेस्ट मैच के चौथे दिन भारत की ओर से ऋषभ पंत ने शतक लगाया. उन्होंने 153 गेंदों पर 128 रन की पारी खेली. ऋषभ ने अपनी इस पारी में 10 चौके और छह छक्के लगाए.

    इससे पहले केएल राहुल भी शतक लगा चुके हैं, जबकि कप्तान शुभमन गिल 98 रन बनाकर आउट हो गए थे.

    फ़िलहाल भारत की ओर से ध्रुव जुरेल और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज़ पर मौजूद हैं.

    न्यूज़ीलैंड की टीम ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे. उसकी ओर से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली.

  7. ट्रंप ने कहा- ईरान में सत्ता परिवर्तन में दिलचस्पी नहीं

    ट्रंप
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि मुझे कभी भी सत्ता परिवर्तन में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं रही

    मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ रहा है. ईरान ने बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर हमलों के दावे किए हैं. साथ ही उसने एक अमेरिकी लड़ाकू विमान को निशाना बनाने की बात कही है.

    इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के साथ सिर्फ़ 'एक टिकाऊ और दीर्घकालिक' समझौता चाहते हैं.

    ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ को फ़ोन पर दिए एक इंटरव्यू में कहा, "मुझे कभी भी सत्ता परिवर्तन में ज़्यादा दिलचस्पी नहीं रही. कुछ लोग सत्ता परिवर्तन की बात करते हैं, लेकिन आपको यह भी बताना होगा कि इसका मतलब क्या है."

    उन्होंने कहा, "मैं अब तक दो सरकारों का अंत कर चुका हूं. ग्रुप वन और ग्रुप टू. अब हम ग्रुप थ्री से निपट रहे हैं. इसलिए आप इसे अंतिम सत्ता परिवर्तन भी कह सकते हैं."

    ट्रंप ने कहा, "तीसरे समूह का रवैया बहुत अलग नहीं है. शायद वे ज़्यादा समझदार हैं, लेकिन उनके साथ काम करना बहुत, बहुत मुश्किल है. मेरा मतलब है कि हम कोई समझौता करते हैं और अगले ही दिन वे उसे तोड़ देते हैं."

    उन्होंने कहा कि वह ईरान के साथ ऐसा समझौता करना चाहते हैं जो लंबे समय तक कायम रहे.

    ट्रंप के मुताबिक़, "ताकि अगर चार, 15 या 20 साल बाद कोई अयोग्य राष्ट्रपति भी सत्ता में आ जाए, तब भी ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके."

  8. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.