एलन मस्क को मिली 10 लाख सैटेलाइट लॉन्च करने की मंजूरी, स्पेस में डेटा सेंटर बनाने की योजना, मैक्स मात्ज़ा

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका के रेगुलेटर्स ने उद्योगपति एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स को पृथ्वी की ऑर्बिट में 10 लाख सैटेलाइट लॉन्च करने की मंजूरी दे दी है.
इसके ज़रिए कंपनी अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना बना रही है. इस तरह के प्रोजेक्ट को पहली बार मंजूरी दी गई है.
स्पेसएक्स की योजना इन सैटेलाइट्स को सूर्य की रोशनी से मिलने वाली ऊर्जा से चलाने की है. ये सैटेलाइट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े डेटा को प्रोसेस करेंगे और उसके रिजल्ट वापस पृथ्वी पर भेजेंगे.
अमेरिकी फ़ेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (एफसीसी) ने बुधवार को इस प्रोजेक्ट को मंजूरी देते हुए कहा कि इससे अमेरिका की तेज़ी से बढ़ती सुपर इंटेलिजेंस इंडस्ट्री को मजबूती मिलेगी. इस प्रोजेक्ट का नाम 'स्टारमाइंड' बताया गया है.
यह मंजूरी ऐसे समय में मिली है, जब अमेरिका के कई इलाकों में स्थानीय लोग जमीन पर डेटा सेंटरों के विस्तार का विरोध कर रहे हैं.
स्पेसएक्स का मानना है कि अंतरिक्ष में बनाए जाने वाले डेटा सेंटर बढ़ती एआई कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करने का किफायती विकल्प साबित हो सकते हैं.
कंपनी के मुताबिक़, पृथ्वी पर मौजूद मौजूदा संसाधन भविष्य की कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करने में सक्षम नहीं हो सकते.
एफसीसी के चेयरमैन ब्रेंडन कैर ने इस फ़ैसले को अमेरिका के तकनीकी और आर्थिक नेतृत्व के लिए अहम बताया. उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट देश के कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक नई दिशा खोलेगी.
मंजूरी की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "बहुत-बहुत धन्यवाद. यह अमेरिका और पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा."

















