'मैं दिशा सालियान को नहीं जानता था': आदित्य ठाकरे बोले- मीडिया ट्रायल सच को नहीं बदल सकता

आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि वो कभी भी दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान से नहीं मिले थे और न उनसे उनकी जान-पहचान थी.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • सत्य निकेतन इलाक़े के एक पीजी में रहने वाली स्टूडेंट दीपिका
  • महिला बाइकर
  • MP waterfall
  • trump
  • नेपाल में बाढ़
  • Malaysia PM
  • animal

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, संदीप राय

  1. अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता संदीप राय आज रात दस बजे तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान उच्चायोग के कार्यवाहक प्रमुख को किया तलब, जानिए क्यों

    भारतीय युद्धपोत
    इमेज कैप्शन, मंगलवार को भारतीय युद्धपोत से पाकिस्तानी नौसेना के जहाज़ की टक्कर हुई थी (सांकेतिक तस्वीर)

    नई दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के कार्यवाहक प्रमुख को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया.

    भारत ने "समुद्र में पाकिस्तानी नौसेना की यूनिट के अस्वीकार्य और ग़ैर-पेशेवर रवैये को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया."

    विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस रिलीज़ में बताया कि इस रवैये की वजह से भारतीय नौसेना की एक यूनिट के साथ टक्कर हुई.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स, एएनआई और आईएएनएस ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि मंगलवार शाम को उत्तरी अरब सागर में पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज़ नियमित निगरानी पर मौजूद भारतीय नौसेना के एक युद्धपोत की ओर तेज़ी से आया, जिससे दोनों में टक्कर हो गई.

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, “यह घटना अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई और इससे कोई बड़ा नुक़सान नहीं हुआ. हालांकि, पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज़ का आचरण अप्रैल 1991 में सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही के बारे में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन था.”

    विदेश मंत्रालय का कहना है, “पाकिस्तान के कार्यवाहक प्रमुख से कहा गया कि वह संबंधित पाकिस्तानी अधिकारियों तक यह संदेश पहुंचाएं कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सभी सैन्य इकाइयों को उचित सावधानी बरतनी चाहिए और दोनों पक्षों के बीच हुए संबंधित समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करना चाहिए.”

    विदेश मंत्रालय ने बताया है कि इस्लामाबाद में भारत के कार्यवाहक प्रमुख को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने इसी तरह का विरोध दर्ज कराने को कहा गया है.

  3. यूपीआई चार्ज- कांग्रेस का आरोप, ट्रंप को ख़ुश करने की कोशिश में पीएम मोदी

    तस्वीर- पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप
    इमेज कैप्शन, जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि अमेरिकी कार्ड कंपनियों के फ़ायदे के लिए यूपीआई पर चार्ज लगाया गया है (सांकेतक तस्वीर- पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप)

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया है कि मोदी सरकार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ख़ुश करने में लगी हुई है.

    उन्होंने आरोप लगाया, "मोदी सरकार ने यूपीआई पर ज़ीरो एमडीआर ख़त्म करने और शुल्क लगाने की अमेरिकी मांग मान ली है."

    जयराम रमेश के मुताबिक़, "अमेरिकी कारोबारियों ने इस साल की शुरुआत में यूपीआई की आलोचना की थी कि यह मुफ़्त है और इसने वीज़ा और मास्टरकार्ड को बाज़ार से बाहर कर दिया है."

    "0.4% एमडीआर क्यों? क्या इसकी वजह यह है कि डेबिट कार्ड का एमडीआर भी 0.4% है? क्या ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि अमेरिकी कार्ड कंपनियों को यूपीआई के साथ मुक़ाबला करने का मौक़ा मिल सके?"

    जयराम रमेश ने सवाल किया कि क्या इससे यूपीआई ‘सस्टेनेबल’ बनेगा, जैसा कि सरकार दावा करती है?

    उन्होंने लिखा, "पूरे यूपीआई इकोसिस्टम को चलाने की अनुमानित लागत सालाना करीब 20 हज़ार करोड़ रुपये है. यह उस राशि के 10% से भी कम है, जिसे आरबीआई पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार को ट्रांसफर कर रहा है, ताकि मोदी सरकार के लिए सरकारी आर्थिक हालात स्वस्थ दिखाई जा सकें."

    जयराम रमेश ने लिखा, "कल अमेरिकी संसद का निचला सदन हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव्स उस विधेयक पर मतदान करेगा, जिसमें भारत पर 100% टैरिफ़ लगाने का प्रावधान है. अमेरिकी सीनेट पहले ही इस कठोर कानून को मंजूरी दे चुकी है."

    उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार ट्रंप को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं.

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, "आपके प्रिय मित्र 'अबकी बार ट्रंप सरकार' आदेश देते हैं, आप झुक जाते हैं और 140 करोड़ भारतीयों को इसके नतीजे भुगतने के लिए छोड़ दिया जाता है."

  4. शहबाज़ शरीफ़ ने मक्का पर 'ड्रोन हमले की कोशिश' को लेकर ये कहा

    शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि इस घटना की निंदा करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं
    इमेज कैप्शन, शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि इस घटना की निंदा करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने सऊदी अरब के मक्का पर हुए ड्रोन हमले की कोशिश की निंदा की है.

    शहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मैं मक्का अल-मुकर्रमा के पवित्र स्थल पर हुए घृणित और जघन्य ड्रोन हमले के प्रयास की अत्यंत कड़े शब्दों में निंदा करता हूं."

    "पाकिस्तान के लोग इस निंदनीय घटना से दुखी और चिंतित हैं. यह माफ़ी के लायक नहीं है और इससे हमें हुई पीड़ा और दुख को व्यक्त करने के लिए कोई भी शब्द काफ़ी नहीं है."

    उन्होंने लिखा, "हम रॉयल सऊदी सशस्त्र बलों की असाधारण सतर्कता, साहस और पेशेवर क्षमता को सलाम करते हैं, जिन्होंने तेजी और बहादुरी के साथ कार्रवाई की. मैं एक बार फिर सभी पक्षों से अधिकतम संयम बरतने और भविष्य में तनाव बढ़ने की स्थिति से पीछे हटने का आह्वान करता हूं."

    शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "हमारा क्षेत्र पहले ही संघर्ष से बहुत अधिक पीड़ित हो चुका है. संवाद और कूटनीति ही शांति की दिशा में एकमात्र स्थायी रास्ता हैं."

    इससे पहले सऊदी अरब ने कहा था कि उसने यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से दाग़े गए एक ड्रोन हमले को मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र से पहले ही नाकाम कर दिया है.

    सऊदी अरब के कुछ हिस्सों पर हूती हथियारबंद गुटो के हमलों में बढ़ोतरी के बाद सऊदी अरब के एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने यह कार्रवाई की.

  5. कांग्रेस ने लगाया आरोप, मोदी सरकार का यूपीआई के नाम पर लोगों को धोखा

    नरेंद्र मोदी
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस ने मोदी सरकार पर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार का यूपीआई लेन-देन पर टैक्स लगाना लोगों के साथ धोखा है.

    उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "कीमतें बढ़ने से डिजिटल और कैशलेस भारत का सपना बिखर जाएगा और लोगों की जेब पर बोझ बढ़ेगा. अमेरिकी कंपनियां मुनाफ़ा कमाएंगी और आम भारतीय भुगतान करेंगे. बीजेपी सरकार ने सरेंडर कर दिया है."

    उनका कहना है, "14 सितंबर 2026 को ‘डिजिटल सोमरसॉल्ट’ के दिन के रूप में और केंद्र की बीजेपी सरकार की ओर से ‘विश्वासघात और आत्मसमर्पण’ के दिन के रूप में याद किया जाएगा, क्योंकि इसने 2,000 रुपये से अधिक के UPI लेन-देन पर टैक्स लगाने का रास्ता खोल दिया है, जो 15 अक्तूबर 2026 से लागू होगा."

    उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार यूपीआई को आम आदमी को निशाना बनाने वाली 'टैक्स लगाने और वसूलने वाली मशीन' में बदल रही है.

    नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशंस ऑफ़ इंडिया (एनपीसीआई) ने यूपीआई पेमेंट को लेकर एक बड़ी घोषणा की है.

    अब 2000 रुपये से ऊपर की पर्सन्स टू मर्चेंट (पी2एम) यूपीआई पेमेंट पर 0.4 % की फ़ीस लगेगी और 75 हज़ार रुपये या उससे अधिक की पेमेंट पर 300 रुपये की फ़ीस लगेगी.

  6. रिटायर हो चुके मेसी को अर्जेंटीना की टीम में इसलिए किया गया शामिल, मनदीप संघेरा, बीबीसी स्पोर्ट जर्नलिस्ट

    मेसी
    इमेज कैप्शन, मेसी अर्जेंटीना के सर्वकालिक सबसे ज़्यादा गोल करने वाले और सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं

    अर्जेंटीना ने अक्तूबर में बेनिन के ख़िलाफ़ होने वाले मैच के लिए अपनी टीम में पूर्व कप्तान और स्टार फ़ुटबॉलर रहे लियोनेल मेसी को शामिल किया है.

    यह एक फ़्रेंडली मैच होगा और अर्जेंटीना अपने फॉरवर्ड खिलाड़ी मेसी को इस मैच से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से विदाई देगा.

    अर्जेंटीना फुटबॉल संघ के अध्यक्ष क्लाउडियो तापिया ने कहा, "हमने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, अपनी राष्ट्रीय टीम के प्रतीक और अपने कप्तान लियोनेल आंद्रेस मेसी को आमंत्रित करने का फ़ैसला किया है, ताकि उन्हें 6 अक्तूबर को यहां अर्जेंटीना में वह विदाई मिल सके जिसके वह वास्तव में हकदार हैं."

    अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में रिवर प्लेट का एस्टाडियो मोनुमेंटल, जिसमें 85,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है, बेनिन के ख़िलाफ़ इस मैच की मेजबानी करेगा.

    2022 वर्ल्ड कप जीतने वाली अर्जेंटीना की टीम के खिलाड़ियों को भी इस मैच के लिए आमंत्रित किया गया है. तापिया ने कहा कि यह एक "अविस्मरणीय" अवसर होगा.

    मेसी ने अगस्त में अर्जेंटीना के लिए फ़ुटबॉल से संन्यास घोषणा की थी. उन्होंने यह फ़ैसला 2026 विश्व कप फ़ाइनल में अपनी टीम की स्पेन से हार और अपने पिता जॉर्ज की मौत के बाद लिया.

    39 वर्षीय मेसी ने साल 2022 वर्ल्ड कप फ़ुटबॉल जीतने वाली अर्जेंटीना की कप्तानी की थी. उन्होंने कहा कि अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना बंद करने का फ़ैसला उन्हें "दिल से" दुखी करता है, लेकिन उन्होंने "अपना सब कुछ दे दिया" और उनके पास "देने के लिए कुछ नहीं बचा".

    आठ बार बैलन डी'ओर जीत चुके मेसी फिलहाल इंटर मियामी के लिए खेलते हैं. वह अर्जेंटीना के सर्वकालिक सबसे ज़्यादा गोल करने वाले और सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने 207 मैचों में 125 गोल किए हैं.

  7. एस जयशंकर करेंगे भूटान दौरा, विदेश मंत्रालय ने ये बताया

    विदेश मंत्री एस जयशंकर
    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री एस जयशंकर

    भारतीय विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर 16-17 सितंबर को भूटान की यात्रा करेंगे.

    वह विदेश मामलों और विदेश व्यापार मंत्री एचई ल्योनपो डीएन ढुंग्येल के निमंत्रण पर भूटान की आधिकारिक यात्रा करेंगे.

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक़ यात्रा के दौरान एस जयशंकर भूटान के विदेश मंत्री के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे.

    वह भूटान के राजा और प्रधानमंत्री से भी मुलाक़ात करेंगे.

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक़ इस यात्रा का मक़सद दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग के क़रीबी संबंधों को और मजबूत करना है.

  8. सऊदी अरब का दावा, हूती विद्रोहियों का दाग़ा ड्रोन मक्का के पास नष्ट

    हूती और सऊदी अरब के बीच संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है
    इमेज कैप्शन, हूती और सऊदी अरब के बीच संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है (सांकेतिक तस्वीर)

    सऊदी अरब का कहना है कि उसने यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से दाग़े गए एक ड्रोन हमले को मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र से पहले ही नाकाम कर दिया है.

    सऊदी अरब के कुछ हिस्सों पर हूती हथियारबंद गुटो के हमलों में बढ़ोतरी के बाद सऊदी अरब के एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने यह कार्रवाई की है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ यमन युद्ध में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने एक बयान में कहा कि यह दूसरी बार है जब हूती गुट ने मक्का को निशाना बनाया है.

    मक्का में उन्होंने पहली बार जुलाई 2017 में एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई थी.

    इसी बीच, मंगलवार, 15 सितंबर को मक्का, जेद्दा और तैफ में थोड़े समय के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया था, और सऊदी सिविल डिफ़ेंस अफ़सरों ने बाद में घोषणा की कि "ख़तरा टल गया है."

    मक्का के लिए यह चेतावनी ऐसे समय में जारी की गई है जब हालिया झड़पों के दौरान शहर में पहले कभी ऐसी घटना नहीं देखी गई थी.

    गठबंधन के अनुसार, एक दिन पहले, सऊदी अरब के तीन शहरों पर हूती मिसाइल और ड्रोन हमलों में 13 नागरिक घायल हो गए थे और सात घर और दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ हूती गुट ने कहा है कि मक्का या अन्य मुस्लिम पवित्र स्थलों को उसके किसी भी प्रकार का ख़तरा नहीं है..

  9. एक्सक्लूसिव तस्वीरें: ईरानी मिसाइलों से मध्य-पूर्व में अमेरिका को हुआ भारी नुक़सान

    सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस से ली गई तस्वीर
    इमेज कैप्शन, सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस से ली गई तस्वीर, इसमें अमेरिकी बोइंग ए-3 सेंट्री विमान को हमले से हुआ नुक़सान स्पष्ट तौर पर देखा जा सकता है

    बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ ने पहली बार कई तस्वीरें जारी की हैं, जिसके बारे में उसका कहना है कि ये तस्वीरें ख़ास तौर पर सीबीएस समाचार नेटवर्क को ही उपलब्ध कराई गई हैं.

    ये तस्वीरें ईरान की ओर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद मध्य पूर्व में स्थित कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर इमारतों और वाहनों को हुए व्यापक नुक़सान और विनाश को दिखाती हैं.

    ये तस्वीरें सेवा में मौजूद अमेरिकी सैन्य कर्मियों ने सीबीएस को इस शर्त पर भेजीं कि उनकी पहचान गुप्त रखी जाए, क्योंकि अमेरिकी सेना में मीडिया पर सख्त प्रतिबंध हैं.

    कुवैत के कैंप ब्यूहरिंग में नष्ट हुआ शेड
    इमेज कैप्शन, कुवैत के कैंप ब्यूहरिंग में नष्ट हुआ शेड

    इस संबंध में क्षेत्र में तैनात सैनिकों में से एक ने सीबीएस को बताया, "यह हमारे सैन्य ठिकानों के लिए बहुत बड़ा नुक़सान है, जिसकी जानकारी अमेरिकी जनता को नहीं दी गई है. हम वहां आंखें बंद करके खड़े हैं और हमारे चेहरे पर पंच (मुक्के) पड़ रहे हैं."

    कुवैत के आरिफ़जान सैन्य अड्डे पर एक इमारत को हुआ गंभीर नुक़सान
    इमेज कैप्शन, कुवैत के आरिफ़जान सैन्य अड्डे पर एक इमारत को हुआ गंभीर नुक़सान

    सीबीएस को मिली एक तस्वीर सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस से ली गई थी और इसमें चार इंजन वाले बोइंग ए-3 सेंट्री विमान के पिछले हिस्से पर सीधा हमला दिखाया गया है.

    इस तस्वीर में विमान का पिछला हिस्सा उसके जले हुए हिस्से से अलग दिखाई दे रहा है, जिसमें एक घूमने वाला रडार सिस्टम भी लगा था, जो हवाई गतिविधियों के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए ज़रूरी है.

  10. सऊदी अरब ने लाल सागर में स्थित यानबू पोर्ट से तेल लोडिंग रोकी

    लाल सागर के आस-पास हुए हमलों और हूती विद्रोहियों की लगातार बढ़त ने सऊदी अरब की चिंताएं बढ़ा दी हैं
    इमेज कैप्शन, लाल सागर के आस-पास हुए हमलों और हूती विद्रोहियों की लगातार बढ़त ने सऊदी अरब की चिंताएं बढ़ा दी हैं

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने शिपिंग सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि लाल सागर पर स्थित सऊदी अरब के यानबू पोर्ट पर तेल की लोडिंग रोक दी गई है.

    इन ख़बरों के बाद मंगलवार को तेल की कीमतों में लगभग 3 डॉलर प्रति बैरल की बढ़ोतरी हुई है.

    बीबीसी फ़ारसी ने बताया है कि ख़बरों के मुताबिक़ सऊदी अरब ने यूरोपीय ख़रीदारों को सूचित किया है कि उसने सितंबर के अंत (लगभग दो सप्ताह शेष) में कच्चे तेल की आपूर्ति रद्द कर दी है.

    तीन दिन पहले हुए ड्रोन हमले के बाद सऊदी अरब ने ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन में तेल की आपूर्ति रोक दी है.

    इस पाइपलाइन ने सऊदी अरब को होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरे बिना यानबू तक और वहां से स्वेज़ नहर के रास्ते यूरोप तक तेल पहुंचाने में मदद की थी. इस पाइपलाइन की वजह से बाब अल-मंदेब से गुज़रना जरूरी नहीं रह गया था.

    हाल के दिनों में ईरान समर्थित हथियारबंद गुट ने बाब अल-मंदेब को क़ब्ज़े में ले लिया है, इससे सऊदी अरब की चिंताएं बढ़ गई हैं.

    सऊदी अरब की तेल कंपनी सऊदी अरामको, जिसने 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से यानबू टर्मिनल का उपयोग बढ़ा दिया था, उसने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ लीबिया ने भी तीन तेल क्षेत्रों में ट्रांसपोर्टेशन रोक दिया है, जिससे तेल आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.

  11. अमेरिका: भारत समेत कई देशों पर 100 प्रतिशत टैरिफ़ वाले विधेयक पर होगी वोटिंग

    प्रस्तावित विधेयक राष्ट्रपति ट्रंप को भारत समेत अन्य कई देशों पर 100% टैरिफ़ लगाने का अधिकार देगा
    इमेज कैप्शन, प्रस्तावित विधेयक राष्ट्रपति ट्रंप को भारत समेत अन्य कई देशों पर 100% टैरिफ़ लगाने का अधिकार देगा

    अमेरिकी सदन रूस पर प्रतिबंध संबंधी विधेयक पर वोटिंग के लिए तैयार है, इसमें भारत सहित चार अन्य देशों पर 100% टैरिफ़ लगाने का प्रस्ताव है.

    अमेरिकी संसद का निचला सदन हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव रूस के ख़िलाफ़ प्रतिबंध वाले बिल पर वोटिंग के क़रीब पहुंच गया है.

    यह प्रस्तावित क़ानून अमेरिकी राष्ट्रपति को रूस से तेल-गैस ख़रीदने वाले देशों पर 100% टैरिफ़ लगाने का अधिकार देगा. इन देशों में भारत भी शामिल है.

    इस बिल को 'लिंडसे ओ ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट 2026' का नाम दिया गया है, जो पहले ही अमेरिकी सीनेट में भारी बहुमत से पारित हो चुका है.

    संशोधन में भारत का नाम स्पष्ट रूप से उन देशों में शामिल करने की मांग की गई है, जिन पर रूस के साथ कारोबार के लिए अतिरिक्त 100% शुल्क लगाया जा सकता है.

    इस बिल पर कल यानी गुरुवार (भारतीय समय के मुताबिक़) को वोटिंग होने की उम्मीद है. इस बात की संभावना है कि यह बिल हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में भी पास हो जाएगा.

  12. टी-20 क्रिकेट: भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को 7 विकेट से हराया, संजू सैमसन की तूफ़ानी पारी

    संजू सैमसन
    इमेज कैप्शन, संजू सैमसन ने अपनी पारी में सात चौके और चार छक्के जड़े

    भारत ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ तीन मैचों की टी-20 सिरीज़ का दूसरा मुक़ाबला जीत लिया है. यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया.

    भारत की ओर से संजू सैमसन ने सबसे ज़्यादा 57 रन बनाए. उन्होंने 22 गेंदों की अपनी पारी में 7 चौके और चार छक्के जड़े.

    वहीं अभिषेक शर्मा ने 39 रनों का योगदान दिया, जबकि ईशान किशन 38 रन बनाकर नाबाद रहे.

    इन पारियों की बदौलत भारत ने 15वें ओवर में ही अफ़ग़ानिस्तान की ओर से मिली 160 रनों की चुनौती को पार कर लिया.

    भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था. पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अफ़ग़ानिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 159 रन बनाए थे.

    अफग़ानिस्तान के लिए सबसे ज़्यादा रन कप्तान इब्राहिम जादरान ने बनाए, वह 33 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए.

    भारत के लिए नीतीश कुमार रेड्डी ने तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह को दो विकेट मिले. जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई को एक-एक सफलता मिली.

    इस सिरीज़ में टीम इंडिया ने पहला मुक़ाबला भी 7 विकेट से जीता था और दूसरे मैच में जीत के साथ ही भारत ने सिरीज़ में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है.

  13. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.