अमेरिका: बर्फ़ीले तूफ़ान के कारण पिछले एक दशक में सबसे भारी बर्फ़बारी की आशंका

अमेरिका में लाखों लोग भीषण बर्फ़ीले तूफ़ान से निपटने की तैयारी कर रहे हैं. इस तूफ़ान के कारण यहां पिछले एक दशक में सबसे भारी बर्फबारी हो सकती है और पारा तेज़ी से गिर सकता है.

सारांश

लाइव कवरेज

संदीप राय और सुमंत सिंह

  1. हैती में हथियारबंद गिरोहों से निपटने के लिए ग्वाटेमाला ने भेजे सैनिक

    ग्वाटेमाला
    इमेज कैप्शन, हैती में हथियारबंद गिरोहों का वर्चस्व इतना बढ़ गया है कि उन्होंने राजधानी के एक बड़े हिस्से पर नियंत्रण हासिल कर लिया है.

    हैती में हथियारबंद गिरोहों द्वारा फैलाई गई अराजकता से निपटने के लिए ग्वाटेमाला ने अपने सैनिक भेजे हैं.

    ग्वाटेमाला की सरकार के अनुसार, 150 सैनिकों में से 75 सैनिक शुक्रवार को और 75 सैनिक शनिवार को हैती पहुंच गए.

    इस कैरेबियाई देश में हथियारबंद गिरोहों की हिंसा से अराजकता की स्थिति पैदा हो गई थी और यहां महीनों से इमर्जेंसी लगानी पड़ी है.

    इन हथियारबंद गिरोहों ने राजधानी पोर्टो-प्रिंस के अधिकांश हिस्से पर कब्ज़ा कर लिया था.

    ग्वाटेमाला के सैनिक कीनिया की अगुवाई वाले संयुक्त राष्ट्र समर्थित सिक्योरिटी मिशन की मदद करेंगे, जो अभी तक हिंसा को रोक पाने में असफल रहा है.

    पिछले साल जून और जुलाई में कीनिया ने इन गिरोहों से निपटने के लिए अपने 400 सैनिक हैती भेजे थे.

    संयुक्त राष्ट्र समर्थित अंतरराष्ट्रीय सैन्य मिशन में कई देशों के 2,500 अधिकारी हैं. अमेरिका इस मिशन का सबसे बड़ा आर्थिक सहयोगी है.

    हैती में जमैका, बेलीज़ और अल-सल्वाडोर के भी कुछ सैनिक हैं.

    पिछले साल मार्च में इन हथियारबंद गिरोहों ने हैती की दो सबसे बड़ी जेलों पर हमला किया था और 3,700 क़ैदियों को छुड़ा लिया था.

  2. बलूचिस्तान में बस पर आत्मघाती हमला, चार लोगों की मौत और 25 घायल

    पाकिस्तान, बलूचिस्तान
    इमेज कैप्शन, बलूचिस्तान के एक बड़े हिस्से में हाल के सालों में हिंसा बढ़ी है.

    ईरान से लगी सीमा के पास पाकिस्तान के बलूचिस्तान के केछ ज़िले में एक बस पर हुए हमले में चार लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हुए हैं.

    बीबीसी उर्दू के अनुसार, बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रंद ने इस हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि हमले में क्राइम विंग के एसएसपी ज़ोहैब मोहसिन भी घायल हुए हैं.

    केछ ज़िले के एक पुलिस अधिकारी ने बीबीसी उर्दू को बताया कि मारे गए लोगों में सुरक्षाबलों के लोग भी हैं. हमले में 25 लोग घायल हुए हैं.

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह एक आत्मघाती हमला था.

    इस बीच बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने पत्रकारों को भेजे संदेश में इस आत्मघाती हमले की ज़िम्मेदारी ली है.

    बीएलए ने दावा किया कि उन्होंने पाकिस्तानी सेना के काफ़िले को निशाना बनाया था. हालांकि पाकिस्तानी सेना ने अभी तक इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया है.

    तुरबत के एक पुलिस अधिकारी ने बीबीसी उर्दू को बताया कि यह विस्फोट तुरबत सिटी से आठ किलोमीटर दूर बाहमान इलाक़े में हुआ.

    पाकिस्तान के केंद्रीय गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने इस हमले की निंदा की है.

  3. बाइडन का कार्यकाल ख़त्म होने से पहले इसराइल को 8 अरब डॉलर के हथियार भेजेगा अमेरिका, एना फ़ैगाय, बीबीसी न्यूज़, वॉशिंगटन

    बाइडन
    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति जो बाइडन का कार्यकाल 20 जनवरी को ख़त्म हो रहा है.

    अमेरिकी विदेश विभाग ने इसराइल को 8 अरब डॉलर के हथियार देने की योजना के बारे में कांग्रेस को सूचित किया है. एक अमेरिकी अधिकारी ने बीबीसी से इसकी पुष्टि की है.

    हथियारों की खेप भेजने के लिए हाउस और सीनेट कमेटियों से मंज़ूरी की ज़रूरत है.

    यह फ़ैसला राष्ट्रपति जो बाइडन के पद छोड़ने से एक पखवाड़े पहले लिया गया है.

    ग़ज़ा में बेहिसाब नागरिकों की मौतों के कारण इसराइल को अमेरिकी सैन्य मदद रोके जाने की मांग होती रही है लेकिन वॉशिंगटन ने इन मांगों को ख़ारिज किया है.

    पिछले साल अगस्त में अमेरिका ने इसराइल को 20 अरब डॉलर के लड़ाकू विमानों और अन्य सैन्य साज़ो सामान बेचने की मंज़ूरी दी थी.

    एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि हथियारों की इस ताज़ा खेप में हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलें, हेलफ़ायर मिसाइलें, तोप के गोले और बम शामिल हैं.

    इस बिक्री की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बीबीसी से शनिवार को कहा, “राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया है कि इसराइल को अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार क़ानूनों के तहत अपने नागरिकों की रक्षा करने, ईरान और इसके प्रॉक्सी संगठनों की आक्रामकता का जवाब देने का अधिकार है.”

    अमेरिका इसराइल को उसकी ज़रूरत का 69 प्रतिशत हथियार और सैन्य साज़ो सामान निर्यात करता है.

    7 अक्तूबर 2023 को हुए हमास के हमले के बाद से ग़ज़ा में इसराइली सैन्य कार्रवाई में अब तक 45,580 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे हैं.

  4. सिडनी टेस्ट में भारतीय टीम 157 रनों पर सिमटी, ऑस्ट्रेलिया जीत की ओर

    सिडनी टेस्ट
    इमेज कैप्शन, सिडनी टेस्ट में भारतीय टीम ने कुल 342 रन बनाए हैं.

    सिडनी टेस्ट की दूसरी पारी में भारतीय टीम 157 रनों पर सिमट गई. पहली पारी में उसने 185 रन बनाए थे.

    ऑस्ट्रेलिया टीम के आगे 162 रनों का लक्ष्य है और वो लंच तक 3 विकेट खोकर 71 रन बना भी चुकी है.

    भारत की दूसरी पारी में ऋषभ पंत ने सर्वाधिक 61 रन बनाए. इस बार भी विराट कोहली नहीं चल पाए. वो छह रन पर आउट हो गए.

    नीतीश कुमार रेड्डी भी नहीं चले. उन्होंने कुल 21 गेंदें खेलीं और सिर्फ चार रन बनाए.

    यशस्वी जायसवाल ने 22 रन बनाए. जबकि केएल राहुल और शुभमन गिल ने 13-13 रन बनाए.

    इससे पहले पहली पारी में भारत ने 185 रन बनाए थे, जबकि जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 181 रन बनाए थे.

    पांच मैचों की बॉर्डर-गावसकर सिरीज़ में ऑस्ट्रेलिया 2-1 से बढ़त पर है.

    इस मैच में रोहित शर्मा ने अपना नाम वापस ले लिया था और उनकी जगह जसप्रीत बुमराह को कप्तान बनाया गया था.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय दोपहर दो बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - एचएमपीवी: चीन में फैले वायरस से भारत के लोगों को कितना डरने की ज़रूरत है, इससे कैसे बचें? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - 'शादी क्यों नहीं कर लेते, कोई दिक्कत है क्या'- ऐसे सवाल दिल और दिमाग पर क्या असर करते हैं? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - मोदी सरकार के बारे में वॉशिंगटन पोस्ट के सनसनीख़ेज़ दावों पर बोला मालदीव पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    - छत्तीसगढ़: सेप्टिक टैंक में मिला पत्रकार का शव, हत्या के शक के दायरे में कौन? पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.