इसराइल और ईरान के बीच अब तक क्या-क्या हुआ?

इसराइल और ईरान के बीच चल रही जंग में दोनों तरफ से हमला जारी है. ईरान के मिसाइल हमले में आज इसराइल के एक अस्पताल को काफी नुकसान पहुंचा है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुरभि गुप्ता और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. ईरान के सरकारी टीवी ने दर्शकों को किया आगाह, 'हैक' होने की बात कही, घोंचेह हबीबियाज़ाद, बीबीसी फ़ारसी

    ईरान का सरकारी टीवी 'हैक'
    इमेज कैप्शन, वीडियो में ईरान में 2022 के विरोध प्रदर्शनों की कई क्लिप दिखाई गईं

    ईरान के सरकारी टीवी ने अपने दर्शकों को एक क्लिप के बारे में चेतावनी दी है, जिसमें लोगों से सरकार के ख़िलाफ़ "उठने" की अपील की गई है.

    ईरान के सरकारी टीवी ने कहा है, "अगर आप टीवी पर बेतुके संदेश देखते हैं, तो यह दुश्मन की ओर से सैटेलाइट सिग्नल की जैमिंग के कारण है."

    सरकारी टीवी ने जिस वीडियो के बारे में अपने दर्शकों को चेताया है, उसे सोशल मीडिया पर भी कई यूज़र्स ने शेयर किया है.

    वीडियो में ईरानी सरकार पर अपने लोगों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरने का आरोप लगाया गया है और लोगों से अपने "भविष्य के लिए कदम उठाने" की अपील की गई है.

    इस वीडियो और कथित हैक का स्रोत अभी पता नहीं चला है.

    वीडियो क्लिप के ऊपरी-दाएँ कोने में एक शेर का चिह्न नज़र आ रहा है, इसमें वरिष्ठ ईरानी कमांडरों की तस्वीरें भी दिखाई गईं, जिनकी 13 जून को ईरान के ख़िलाफ़ इसराइल के "ऑपरेशन राइज़िंग लायन" हमले में मौत हो गई थी.

    वीडियो में ईरान में हुए 2022 के उन विरोध प्रदर्शनों की कई क्लिप दिखाई गईं, जो पुलिस हिरासत में एक महिला की मौत के बाद शुरू हुए थे.

  2. क्या ट्रंप ने ईरान पर हमला करने के प्लान को मंज़ूरी दे दी है?

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस की रिपोर्ट के मुताबिक़ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार रात ईरान पर हमला करने के प्लान को मंज़ूरी दे दी. हालांकि, ट्रंप ने इस बारे में अंतिम फ़ैसला नहीं किया है कि ईरान पर हमला करना है या नहीं.

    एक वरिष्ठ ख़ुफ़िया सूत्र ने सीबीएस को बताया कि अगर ईरान अपना न्यूक्लियर प्रोग्राम बंद करने को तैयार हो जाए तो ट्रंप हमला करने की योजना को रोक सकते हैं.

    इस ख़बर को सबसे पहले वॉल स्ट्रीट जर्नल ने रिपोर्ट किया था.

    बुधवार को, जब ट्रंप से ईरान में अमेरिका के हस्तक्षेप के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "मैं ऐसा कर सकता हूँ, मैं ऐसा नहीं भी कर सकता हूँ."

    इसराइल ने 13 जून को ईरान के 'परमाणु कार्यक्रम' से जुड़े ठिकानों पर हमला किया था. ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई में इसराइल पर हमला किया. इसके बाद से दोनों देशों के बीच संघर्ष जारी है.