मूडीज़ ने भारत का जीडीपी ग्रोथ अनुमान बढ़ाया लेकिन इस जोख़िम से किया सावधान

इमेज स्रोत, Getty Images
रेटिंग एजेंसी मूडीज़ रेटिंग्स ने शुक्रवार को चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की जीडीपी बढ़ोतरी दर का अनुमान 6 फ़ीसदी से बढ़ाकर 7 फ़ीसदी कर दिया.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ मूडीज़ ने कहा कि मध्य-पूर्व के संघर्ष के बीच भारत की अर्थव्यवस्था वैश्विक झटकों के प्रति लचीली बनी हुई है.
हालांकि, उसने ऊंची तेल कीमतों और अल नीनो के असर से महंगाई बढ़ने के जोख़िम को लेकर चेतावनी दी है.
भारत की 'बीएए3' सॉवरेन रेटिंग की नियमित समीक्षा के बाद जारी बयान में मूडीज़ ने कहा कि कर्ज में कमी की रफ़्तार धीमी रहने की उम्मीद है और कर्ज चुकाने की क्षमता कमजोर बनी रहेगी.
इसकी वजह भारत पर कर्ज का ऊंचा बोझ और ब्याज लागत का अधिक होना है.
मूडीज़ के मुताबिक़ प्राइवेट सेक्टर में निवेश में फिर से तेजी आने की संभावना है. जबकि सर्विस सेक्टर में मजबूती बनी हुई है.













