ट्रंप बोले- अमेरिका संघर्ष में शामिल न होता तो ईरान के पास परमाणु हथियार होता

अमेरिका और यूरोपीय संघ ने 2010 से ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए थे.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल, रौनक भैड़ा

  1. यूएई में हुए हमले में तीन भारतीय घायल, भारत के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

    रणधीर जायसवाल
    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि आम लोगों व उनकी ज़रूरी सुविधाओं को निशाना बनाना बंद किया जाए (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फ़ुजैराह में हुए हमले को 'अस्वीकार्य' करार दिया है और ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की मांग की है.

    भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस हमले में तीन भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "फ़ुजैराह में हुए हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. हम मांग करते हैं कि तुरंत इन हमलों को रोका जाए और आम लोगों व उनकी ज़रूरी सुविधाओं को निशाना बनाना बंद किया जाए."

    उन्होंने कहा, "भारत हमेशा बातचीत और कूटनीति का समर्थन करता है ताकि हालात को संभाला जा सके और पूरे पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता वापस लाई जा सके."

    भारत के विदेश मंत्रालय का बयान
    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किया गया बयान

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय क़ानून के अनुसार होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों और व्यापार का रास्ता बग़ैर किसी रुकावट के खुला रहना चाहिए. भारत हर उस कोशिश में मदद करने के लिए तैयार है जो मुद्दों का शांतिपूर्ण हल निकालने के लिए की जाए."

    उल्लेखनीय है कि इससे पहले यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि 4 मई को उसके डिफ़ेंस सिस्टम ने ईरान की ओर से दागीं गईं कई मिसाइलों को रोका है. इस दौरान तीन लोगों के घायल होने की बात भी कही गई.

  2. विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बोले शशि थरूर- कांग्रेस को आत्मचिंतन करना होगा

    शशि थरूर
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस को गंभीर आत्मचिंतन करना होगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी को आत्मचिंतन करना होगा.

    शशि थरूर ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "मुझे लगता है कि पार्टी को बहुत गंभीर आत्मचिंतन करना होगा, इसमें कोई शक़ नहीं है. हमने पहले भी यह कहा है और आज हमारे पास (केरल के नतीजे) एक अच्छा उदाहरण हैं कि क्या सही काम किया."

    शशि थरूर ने कहा, "अगर हम केरल में सही कर सकते हैं, तो बाक़ी जगहों पर सही करने के लिए क्या कर सकते हैं? यह एक चीज़ है जो कांग्रेस पार्टी को सीखनी चाहिए."

    गौरतलब है कि केरल में कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा रहा है, जहां इसके नेतृत्व वाले यूडीएफ़ गठबंधन ने 102 सीटें जीती हैं.

    जबकि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के चुनावों में जीत दर्ज की है. तमिलनाडु में अभिनेता विजय की टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.

  3. पंजाब के सीएम भगवंत मान विधायकों के साथ राष्ट्रपति से मिलने क्यों जा रहे?

    भगवंत मान
    इमेज कैप्शन, सीएम भगवंत मान सभी विधायकों को साथ लेकर राष्ट्रपति मुर्मु से मुलाक़ात करने दिल्ली जा रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मंगलवार को मुलाक़ात करेंगे. वह आम आदमी पार्टी के विधायकों के साथ दिल्ली रवाना हो गए हैं.

    राष्ट्रपति से मुलाक़ात में सीएम भगवंत मान आप के सात राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने पर 'ग़ैरक़ानूनी दलबदल' का मुद्दा उठाएंगे.

    भगवंत मान ने मीडिया से बातचीत में कहा था, "मुझे लगता है कि राष्ट्रपति हमारी बात सुनेंगी. राष्ट्रपति संविधान की संरक्षक हैं, वह देश की संवैधानिक प्रमुख हैं."

    बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने तंज कसते हुए कहा, "मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है. लेकिन इतना ज़रूर है कि भगवंत मान को अपने सभी विधायकों पर कड़ी नज़र रखनी चाहिए. कहीं वे भाजपा कार्यालय पहुंचकर मोदी जी के जश्न में शामिल न हो जाएं."

    गौरतलब है कि 24 अप्रैल 2026 को राघव चड्ढा सहित आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे, इसे राज्यसभा सभापति ने मंज़ूरी भी दे दी थी.

    लेकिन आप नेताओं का कहना है कि इन सांसदों पर दलबदल क़ानून लागू होना चाहिए और इनकी सदस्यता जानी चाहिए.

  4. अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी का वीडियो पोस्ट करते हुए क्या कहा?

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने कहा कि पूरा देश आक्रोशित है और लोकतंत्र व्यथित है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मतगणना में केंद्रीय बलों का दुरुपयोग हुआ है.

    अखिलेश यादव ने एक्स हैंडल पर ममता बनर्जी का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह कह रही हैं कि उनके साथ धक्का-मुक्की हुई.

    इस पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा, "अब क्या सत्ताधारी राजनीति को पाताल से भी नीचे ले जाएंगे. देश के राजनीतिक इतिहास का ये एक घनघोर ‘काला दिन’ है. आज पूरा देश आक्रोशित है और लोकतंत्र व्यथित."

    उन्होंने आगे लिखा, "चुनावी व्यवस्था के नाम पर केंद्रीय बलों का जो दुरुपयोग मतगणना में आज बंगाल में हुआ है, ठीक वैसा ही घपला 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में अधिकांश जगह किया गया था, जिसकी साक्षात गवाह कन्नौज की विधानसभाएं थीं. फिर इसी निंदनीय मॉडल को फ़र्रुख़ाबाद के 2024 लोकसभा चुनाव में दोहराया गया था."

    अखिलेश यादव ने लिखा, "सब जानते हैं क्या हुआ है और सच क्या है और जनमत की खुली लूट कैसे हुई है. घोर, घोर, घोर निंदनीय."

    इससे पहले ममता बनर्जी और राहुल गांधी ने भी चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाए. राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने 100 सीटें चुराई हैं. उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाए.

  5. यूएई के रक्षा मंत्रालय का दावा- ईरान ने किए मिसाइल हमले

    रॉकेट
    इमेज कैप्शन, यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि अब तक कुल 227 लोग घायल हुए हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसके डिफ़ेंस सिस्टम ने ईरान की ओर से दागीं गईं कई मिसाइलों को रोका है.

    मंत्रालय ने कहा कि इनमें 12 बैलिस्टिक मिसाइलें, 3 क्रूज़ मिसाइलें और 4 ड्रोन्स शामिल थे.

    रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 4 मई 2026 को ईरान से छोड़े गए इन हथियारों को रोकने की कार्रवाई में 3 लोगों को चोटें आईं.

    रक्षा मंत्रालय ने कहा, "अब तक ईरान की ओर से छोड़ी गईं कुल 549 बैलिस्टिक मिसाइल, 29 क्रूज़ मिसाइल और 2,260 ड्रोन को यूएई की रक्षा प्रणाली रोक चुकी है."

    यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि अब तक कुल 227 लोग घायल हुए हैं. इनमें कई देशों के नागरिक शामिल हैं, जिनमें भारत भी है.

    यूएई के रक्षा मंत्रालय का बयान
    इमेज कैप्शन, यूएई के रक्षा मंत्रालय का बयान

    यूएई का कहना है कि अब तक ईरानी हमलों में उसके 3 सैनिक मारे गए हैं, इनमें एक मोरक्को का नागरिक था जो सशस्त्र बलों के साथ अनुबंध पर था.

    वहीं, कुल 10 लोगों की मौत हुई है, जिनमें पाकिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश, भारत और मिस्र के अलावा फलस्तीनी नागरिक भी शामिल हैं.

    रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वह पूरी तरह तैयार है और किसी भी ख़तरे का डटकर सामना करेगा. यूएई ने कहा कि देश की सुरक्षा, स्थिरता और हितों की रक्षा के लिए हर क़दम उठाया जाएगा.

  6. पश्चिम बंगाल और असम के नतीजों पर राहुल गांधी ने क्या कहा?

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में 100 सीटें चुराई हैं

    चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर चुनाव आयोग का सहारा लेने का आरोप लगाया है.

    राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "असम और बंगाल साफ़ उदाहरण हैं कि चुनाव को बीजेपी ने चुनाव आयोग की मदद से चुराया है. हम ममता जी से सहमत हैं. बंगाल में 100 से ज़्यादा सीटें चुराई गईं."

    राहुल गांधी ने लिखा, "हमने ये तरीक़ा पहले भी देखा है: मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, लोकसभा 2024 आदि. चुनाव चोरी, संस्था चोरी- अब और रास्ता ही क्या बचा है!"

    गौरतलब है कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की है. जबकि केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ़ गठबंधन जीता है. तमिलनाडु में अभिनेता विजय की टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.

    पश्चिम बंगाल में बीजेपी को 206, टीएमसी को 80, कांग्रेस को 2 और लेफ्ट को 2 सीटें मिली हैं. असम में बीजेपी को 102, कांग्रेस को 21, एआईयूडीएफ़ को 2 और अन्य को 1 सीट मिली.

  7. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.