ईरान ने की भारत और पाकिस्तान में मध्यस्थता की पेशकश

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए चरमपंथी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्ते अब पहले से ज़्यादा तल्ख हो गए हैं. इस बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता करके शांति लाने की बात कही है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. पाकिस्तानी हिंदुओं के वीज़ा को लेकर विदेश मंत्रालय ने दिया स्पष्टीकरण

    पहलगाम हमला
    इमेज कैप्शन, भारत ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीज़ा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है

    पहलगाम हमले के बाद सभी पाकिस्तानी नागरिकों का वीज़ा रद्द किए जाने बाद, भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी हिंदुओं के लॉन्ग टर्म वीज़ा (एलटीवी) को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है.

    मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, "जिन वीज़ा को रद्द करने की बात कही गई है, वह पाकिस्तान के हिंदू नागरिकों को पहले से दिए गए एलटीवी पर लागू नहीं होता है. ये वीज़ा अभी भी वैध हैं."

    इससे पहले विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बुधवार को कहा था कि 'अब पाकिस्तानी नागरिक सार्क वीज़ा छूट स्कीम (एसवीईएस) के तहत जारी वीज़ा के आधार पर भारत की यात्रा नहीं कर पाएंगे.'

    उन्होंने कहा था, "एसवीईएस के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को पूर्व में जारी किए वीज़ा रद्द माने जाएंगे. एसवीईएस के तहत जो भी पाकिस्तानी नागरिक भारत में हैं उन्हें 48 घंटों में भारत छोड़ना होगा."

    भारत की ओर से यह क़दम जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए चरमपंथी हमले के बाद उठाया गया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हो गए थे.

    बीते बुधवार को ही नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (सीसीएस) की बैठक में कई फ़ैसले लिए गए थे, जिनमें एक फ़ैसला पाकिस्तानी नागरिकों का वीज़ा रद्द करने का भी था.

  2. ग़ज़ा में इसराइली हमलों में कम से कम 50 लोगों की मौत

    ग़ज़ा शहर में कई इसराइली हवाई हमले
    इमेज कैप्शन, फ़लस्तीनियों ने गुरुवार को ग़ज़ा शहर में कई इसराइली हवाई हमलों के बारे में जानकारी दी

    ग़ज़ा पट्टी में गुरुवार को इसराइल की ओर से किए गए हमलों में कम से कम 50 फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

    ग़ज़ा के स्वास्थ्य अधिकारियों और राहतकर्मियों ने ये जानकारी दी है.

    एक स्थानीय अस्पताल ने बताया कि उत्तरी ग़ज़ा के जबालिया शहर के बाज़ार इलाक़े में मौजूद एक पुलिस स्टेशन पर सुबह मिसाइल गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई.

    इसराइली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने कहा कि उसने जबालिया में हमास और उसके सहयोगी फ़लस्तीनी इस्लामिक जिहाद के "कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर" पर हमला किया है.

    इसराइल का कहना है कि इस जगह का इस्तेमाल हमलों की योजना बनाने के लिए किया जा रहा था.

    बाद में, हमास की ओर से संचालित सिविल डिफेंस एजेंसी ने कहा कि जबालिया के अर्द हलावा इलाक़े में एक परिवार के घर पर बमबारी में 12 और लोग मारे गए और मलबे के नीचे अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं.

    हालांकि, आईडीएफ ने कहा है कि वह रिपोर्टों पर गौर कर रहा है.

    वहीं इलाक़े के दूसरे जगहों पर कथित तौर पर 29 लोग मारे गए हैं.

    सिविल डिफेंस के मुताबिक़, इनमें छह लोगों का एक परिवार शामिल था. जिनके घर पर ग़ज़ा शहर के उत्तरी शेख़ रादवान इलाके़ में रात में हमला किया गया.