भारत की वेस्टइंडीज़ पर ऐतिहासिक जीत, 406 रन का टारगेट दो विकेट खोकर किया हासिल

भारत की ओर से कप्तान शुभमन गिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा शतक लगाया. शुभमन गिल ने 117 गेंदों पर दोहरा शतक पूरा किया.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • सेफ़्टी पर क्या बोलीं दिल्ली की महिलाएं?
  • गुजरात के नवसारी ज़िले में सड़ुकों पर गुलाल
  • उज्जैन में शाही मस्जिद के ख़िलाफ़ कार्रवाई को लेकर बढ़ा तनाव
  • पंजाब: लवली प्रोफ़ेशनल यूनिवर्सिटी में फिर भड़की हिंसा
  • सिक्किम भूस्खलन
  • गोरखपुर में जलभराव पर बोले रवि किशन
  • यूएन में पाकिस्तान को लेकर क्या बोले एस जयशंकर?

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. शरजील इमाम और उमर ख़ालिद की ज़मानत याचिका ख़ारिज, दिल्ली हाई कोर्ट ने क्या कहा

    उमर ख़ालिद और शरजील इमाम
    इमेज कैप्शन, जेएनयू के पूर्व छात्र उमर ख़ालिद और शरजील इमाम (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली हाई कोर्ट ने बुधवार को 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े बड़े साज़िश मामले में जेएनयू के पूर्व छात्र उमर ख़ालिद और शरजील इमाम की ज़मानत याचिकाएं ख़ारिज कर दीं.

    जस्टिस प्रतिभा एम. सिंह और जस्टिस दिनेश भट्ट की दो सदस्यीय बेंच ने यह आदेश दिया.

    बार एंड बेंच के मुताबिक़, कोर्ट ने कहा,"सुप्रीम कोर्ट ने जनवरी 2026 में ख़ालिद और इमाम को ज़मानत देने से इनकार कर दिया था. साथ ही कहा था कि वे एक साल बाद या गवाहों की गवाही पूरी होने के बाद फिर से ज़मानत मांग सकते हैं. अभी दोनों में से कोई भी शर्त पूरी नहीं हुई है."

    कोर्ट ने कहा, “इन मामलों के सभी तथ्यों को देखते हुए, ख़ास तौर पर गुलफ़िशा फ़ातिमा मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर लगाई गई शर्तों के मद्देनज़र, यह अदालत ट्रायल कोर्ट के आदेश में कोई ग़लती नहीं पाती. इसलिए, मौजूदा अपीलें ख़ारिज की जाती हैं.”

    लाइव लॉ के अनुसार, ये अपीलें राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) क़ानून की धारा 21 के तहत ट्रायल कोर्ट के 4 जुलाई के उस आदेश के ख़िलाफ़ दायर की गई थीं, जिसमें ख़ालिद और इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया गया था.

    ट्रायल कोर्ट ने कहा था कि उसके पास सुप्रीम कोर्ट के उस फ़ैसले का पालन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है, जिसमें दोनों को जमानत देने से इनकार किया गया था.

    यह तीसरी बार है जब हाई कोर्ट ने खालिद और इमाम को जमानत देने से इनकार किया है

  2. ईरान के इन तीन कमांडरों की सूचना देने वालों को 15 मिलियन डॉलर देगा अमेरिका

    ईरानी सुरक्षा बल
    इमेज कैप्शन, यह घोषणा अमेरिकी विदेश विभाग के ‘रिवार्ड्स फ़ॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के तहत की गई (प्रतीकात्मक फ़ोटो: ईरानी सैनिक)

    अमेरिका ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) की एयरोस्पेस फ़ोर्स के तीन कमांडरों से जुड़ी जानकारी देने पर 15 मिलियन डॉलर के इनाम की घोषणा की है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ यह घोषणा अमेरिकी विदेश विभाग के ‘रिवार्ड्स फ़ॉर जस्टिस’ कार्यक्रम के तहत की गई.

    ये तीन कमांडर ब्रिगेडियर जनरल अब्दुल्ला मेहराबी, अहमद जाफ़राबादी और अली असगर नौरूजी हैं.

    ब्रिगेडियर जनरल अब्दुल्ला मेहराबी को आईआरजीसी की एयरोस्पेस फ़ोर्स के 'जिहाद रिसर्च एंड सेल्फ़-सफ़िशिएंसी ऑर्गनाइज़ेशन' का प्रमुख बताया गया है.

    अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, अहमद जाफ़राबादी आईआरजीसी की एयरोस्पेस फ़ोर्स के वरिष्ठ कमांडर हैं और इस बल के संचालन संबंधी मैनेजमेंट के लिए ज़िम्मेदार हैं.

    अमेरिका ने अली असगर नौरूजी को 'रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की रेडीनेस एंड सपोर्ट' का डिप्टी डायरेक्टर बताया गया है.

    अमेरिका ने ईरान के रक्षा मंत्रालय से जुड़े 10 व्यक्तियों और संस्थाओं पर भी प्रतिबंध लगाए हैं.

    अमेरिकी वित्त मंत्रालय के ऑफ़िस ऑफ़ फ़ॉरेन एसेट्स कंट्रोल ने प्रतिबंधों की सूची जारी की, जिसमें ईरान के अलावा मेक्सिको, चीन और पाकिस्तान के नागरिकों के नाम भी शामिल हैं.

  3. समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए रामगोपाल यादव और धनराज नाथवानी को बनाया उम्मीदवार

    रामगोपाल यादव
    इमेज कैप्शन, प्रोफ़ेसर रामगोपाल यादव (फ़ाइल फ़ोटो)

    समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए धनराज परिमल नाथवानी और प्रोफ़ेसर रामगोपाल यादव को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है.

    दोनों उम्मीदवार बुधवार (30 सितम्बर 2026) को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर रहे हैं.

    धनराज परिमल नाथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज में ग्रुप प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं. वह उद्योगपति और वर्तमान राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी के बेटे हैं.

    परिमल नाथवानी इस समय झारखंड से एनडीए समर्थित निर्दलीय राज्यसभा सांसद हैं.

    वहीं, प्रोफ़ेसर रामगोपाल यादव समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा के मौजूदा सदस्य हैं.

  4. जम्मू-कश्मीर: सेना ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े चरमपंथी को मारने का किया दावा, जहांगीर अली, बीबीसी संवाददाता

    भारतीय सेना के जवान
    इमेज कैप्शन, सेना के अनुसार, मृतक की पहचान मोहम्मद आसिफ़ उर्फ़ हाशिम मूसा के रूप में हुई (फ़ाइल फ़ोटो: सेना का जवान)

    भारतीय सेना ने बुधवार को दावा किया कि मध्य कश्मीर के बडगाम ज़िले में चलाए जा रहे 'आतंकवादी-विरोधी अभियान' में पाकिस्तानी चरमपंथी को मार दिया है.

    सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने पीर पंजाल पर्वत शृंखला के पास युसमर्ग पर्यटन क्षेत्र के कोराग इलाक़े में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था.

    चिनार कोर के मुताबिक़, "सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती देने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे ज़बरदस्त मुठभेड़ हुई और इस दौरान एक आतंकवादी को मार गिराया गया."

    मृतक की पहचान मोहम्मद आसिफ़ उर्फ़ हाशिम मूसा के रूप में हुई है और वह पाकिस्तान के प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा था.

    सुरक्षा बलों के मुताबिक, युसमर्ग के ऊंचाई वाले इलाक़ों में यह दूसरा चरमपंथी है, जिसे हालिया अभियानों के मारा गया है. इन इलाक़ों में पिछले कई हफ्तों से चरमपंथ विरोधी अभियान चलाया जा रहा है.

    अधिकारियों ने पीर पंजाल पर्वत शृंखला के कई पर्यटन स्थलों को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया है. अधिकारियों को इन इलाक़ों में चरमपंथियों की मौजूदगी की आशंका है.

    इस महीने जम्मू-कश्मीर में चलाए गए तीन अलग-अलग चरमपंथ विरोधी अभियानों में सुरक्षा बलों ने अब तक चार संदिग्ध चरमपंथियों को मार गिराने का दावा किया है.

  5. एशियन गेम्स में भारत का 8वां गोल्ड: आर्चरी में जीता एक और स्वर्ण पदक

    चिकिता तनिपार्थी और राजेश जाधव
    इमेज कैप्शन, मिक्स्ड टीम इवेंट में भी भारत को स्वर्ण पदक मिला

    एशियन गेम्स में बुधवार को भारतीय तीरंदाज़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल अपने नाम किए.

    दिन का पहला गोल्ड महिला कंपाउंड टीम ने जीता, जबकि इसके बाद मिक्स्ड टीम इवेंट में भी भारत को स्वर्ण पदक मिला.

    चिकिता तनिपार्थी और राजेश जाधव की जोड़ी ने मिक्स्ड टीम इवेंट में कोरियाई तीरंदाज़ों को टाई-ब्रेकर में हराकर भारत की झोली में दूसरा गोल्ड डाल दिया.

    चिकिता तनिपार्थी का इन एशियन गेम्स में यह दूसरा गोल्ड मेडल है. वहीं, राजेश जाधव ने अपना पहला गोल्ड जीता है.

    इससे पहले महिला कंपाउंड टीम ने फाइनल में चीन को 238-234 के स्कोर से हराकर गोल्ड मेडल जीता. चिकिता तनिपार्थी इसी महिला कंपाउंड टीम का हिस्सा थीं.

    मिक्स्ड टीम में गोल्ड जीतने के साथ चिकिता और राजेश ने 2028 ओलिंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है.

  6. डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का नाम बदलकर क्या रख दिया?

    डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सरकारी कामकाज, वेबसाइटों और आधिकारिक दस्तावेज़ों में एआई की जगह एसआई शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा (डोनाल्ड ट्रंप)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आधिकारिक तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का नाम बदलकर सुपर इंटेलिजेंस (एसआई) करने के एक आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं.

    व्हाइट हाउस में टेक दिग्गजों जैसे- एलन मस्क, सुंदर पिचाई, मार्क ज़करबर्ग और जेनसेन ह्वांग के साथ हुई एक बैठक के बाद यह एग्ज़ीक्यूटिव ऑर्डर साइन किया गया. अब अमेरिकी सरकारी कामकाज, वेबसाइटों और आधिकारिक दस्तावेज़ों में एआई की जगह एसआई शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा.

    ट्रंप ने कहा, "आर्टिफिशियल शब्द सुनने में ऐसा लगता है जैसे तकनीक नकली या बनावटी हो. यह तकनीक असली और बेहद शानदार है, इसलिए सुपर इंटेलिजेंस शब्द ज़्यादा सटीक है."

    एग्ज़ीक्यूटिव ऑर्डर में कहा गया है, "सुपर इंटेलिजेंस’ शब्द इन तकनीकों की संभावनाओं, क्षमता और तेज़ी से हो रहे विकास को ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ की तुलना में अधिक उपयुक्त तरीके से दर्शाता है."

    गौरतलब है कि इससे पहले ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोल किया था, जिसमें उन्होंने लोगों से पूछा था कि एआई का नाम बदलकर क्या करना चाहिए. ट्रंप ने कुछ ऑप्शन भी सामने रखे थे. इसके बाद उन्होंने नाम बदला है.

  7. एफ़िल टावर का संचालन करने वाली कंपनी के चीफ़ देंगे इस्तीफ़ा, महिला कर्मचारियों को हटाने पर हुआ था विवाद, जॉर्ज राइट

    एफिल टावर
    इमेज कैप्शन, कंपनी के कर्मचारियों का आरोप था कि एक हिंदू धार्मिक समूह के आने पर महिला कर्मचारियों को वहां से हट जाने के लिए कहा गया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    एफिल टावर का संचालन करने वाली कंपनी एसईटीई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (चीफ़ एग्जीक्यूटिव) पैट्रिक ब्रांको रुवो इस साल के अंत में अपने पद से इस्तीफ़ा देंगे.

    उनका यह फ़ैसला उस वाक़ये के बाद आया है, जब एक हिंदू संगठन के प्रतिनिधिमंडल के दौरे पर रहने के दौरान महिला कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल से हटाकर पुरुष कर्मचारियों से काम कराया गया. इस मामले में काफ़ी विवाद हुआ था.

    एसईटीई ने एक बयान में बताया कि रुइवो 2018 से एफिल टावर के डायरेक्टर जनरल के पद पर कार्यरत हैं, वो साल के अंत में अपनी ज़िम्मेदारी छोड़ देंगे.

    कंपनी ने बताया कि आंतरिक जांच में पाया गया कि प्रतिनिधिमंडल के दौरे की व्यवस्था में 'परिचालन संबंधी ख़ामियां और कमियां' थीं. जांच के मुताबिक, इन्हीं के चलते महिला कर्मचारियों को हटाने जैसी 'अस्वीकार्य स्थिति' पैदा हुई.

    गौरतलब है कि कंपनी के कर्मचारियों का आरोप था कि एक हिंदू धार्मिक समूह के आने पर महिला कर्मचारियों को वहां से हट जाने के लिए कहा गया था.

    इस घटना से कर्मचारियों में नाराज़गी फैल गई. फ़्रांस के राजनेताओं ने इसकी आलोचना की और शहर के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी थी.

  8. एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला टीम ने आर्चरी में जीता गोल्ड मेडल

    भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम
    इमेज कैप्शन, यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का सातवां स्वर्ण पदक है

    जापान के आईची-नागोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है.

    भारत ने महिला कंपाउंड टीम इवेंट के फाइनल में चीन को 238-234 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल जीता.

    यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का सातवां स्वर्ण पदक है. भारतीय तीरंदाजों ने 238 अंक के स्कोर के साथ महिला टीम के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली.

    इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया को कड़े मुकाबले में 235-233 से शिकस्त दी थी.

    इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने फाइनल में जगह बनाई थी.

  9. जम्मू-कश्मीर: कठुआ में सीआईएसएफ़ जवान ने साथियों पर की फ़ायरिंग, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 की मौत

    अपराध
    इमेज कैप्शन, सीआईएसएफ़ के हेड कांस्टेबल अभिदेश कुमार का कुछ साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले में मंगलवार शाम एक सीआईएसएफ़ जवान ने कथित तौर पर अपने साथियों पर सर्विस राइफ़ल से फ़ायरिंग कर दी. घटना में असिस्टेंट कमांडेंट समेत सीआईएसएफ़ के चार जवानों की मौत हो गई.

    अधिकारियों के मुताबिक़, वारदात शाम क़रीब 7:30 बजे बसोहली के पास माश्का में हुई.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सीआईएसएफ़ के हेड कांस्टेबल अभिदेश कुमार का कुछ साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद उन्होंने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफ़ल से फ़ायरिंग शुरू कर दी.

    फ़ायरिंग में चार सीआईएसएफ़ कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए नज़दीकी एनएचपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

    मृतकों की पहचान असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल रफ़ीक़ अहमद और कांस्टेबल संदीप कुमार के रूप में हुई है.

    घटना के बाद अभियुक्त हेड कांस्टेबल को उसके साथियों ने क़ाबू कर लिया. बाद में उसे गिरफ़्तार कर लिया गया. अधिकारियों के अनुसार, घटना में इस्तेमाल सर्विस राइफ़ल भी जब्त कर ली गई है.

    घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ़ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौक़े पर पहुंचे. अधिकारियों ने बताया कि विवाद की वास्तविक वजह और फ़ायरिंग की परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

  10. नेतन्याहू के यूएई दौरे के बाद ईरान ने बाकी देशों को क्या चेतावनी दी?

    अब्बास अराग़ची
    इमेज कैप्शन, ईरान के विदेश मंत्रालय ने मध्य पूर्व के देशों को नेतन्याहू के यूएई दौरे के बाद चेतावनी देते हुए कहा कि इससे अस्थिरता पैदा होगी (फ़ाइल फ़ोटो: ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची)

    ईरान ने इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू की संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) दौरे की निंदा करते हुए बयान जारी किया है.

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने मध्य पूर्व के देशों को नेतन्याहू के यूएई दौरे के बाद चेतावनी देते हुए कहा कि इससे अस्थिरता पैदा होगी.

    विदेश मंत्रालय ने मंगलवार रात जारी बयान में कहा, "क्षेत्र की सुरक्षा सभी देशों की साझा ज़िम्मेदारी है. ऐसा कोई भी कदम, जिससे क्षेत्र में असुरक्षित ताक़तों के आने का रास्ता बने, आख़िरकार क्षेत्र के सभी देशों के लिए नुकसानदेह होगा."

    "इससे पश्चिम एशिया में बंटवारा, असुरक्षा और अस्थिरता पैदा होगी. इसलिए क्षेत्र की सरकारों से उम्मीद की जाती है कि वे क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने की अपनी ज़िम्मेदारी को समझें."

    बयान में कहा, "वे (बाकी देशों की सरकारें) इसराइली शासन की नुकसान पहुंचाने वाली मौजूदगी के लिए रास्ता बनाने से बचें और अपनी ज़मीन को दूसरे देशों के ख़िलाफ़ होने वाली गतिविधियों का मंच न बनने दें."

    गौरतलब है कि नेतन्याहू रविवार को यूएई के दौरे पर थे, उनकी वहां के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायेद अल नाहयान से मुलाक़ात हुई. हालांकि, इसराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस दौरे की पुष्टि दो दिन बाद की.