पीएम मोदी और शी जिनपिंग के बीच हुई द्विपक्षीय बातचीत में किन मुद्दों पर हुई चर्चा

सात साल के बाद भारत आए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की द्विपक्षीय बातचीत हुई.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • ख़राब नेटवर्क से परेशान शख़्स टावर पर चढ़ा
  • एशिया कप फ़ाइनल में भारतीय टीम
  • 9/11 हमले में जान गंवाने वालों को इस तरह दी गई श्रद्धांजलि
  • दिल्ली पहुंचे रूस के राष्ट्रपति पुतिन
  • सत्य निकेतन इलाक़े के एक पीजी में रहने वाली स्टूडेंट दीपिका
  • विरोध प्रदर्शन करते रोबोट्स
  • चीन की लिफ़्ट

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, शिवांगी जायसवाल

  1. उत्तराखंड: पूर्व सीएम हरीश रावत ने कांग्रेस के सभी पदों से देने की बात कही, बताई ये वजह

    हरीश रावत
    इमेज कैप्शन, हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरीश रावत के सहयोगी चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर छापेमारी की थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफ़ा देने की बात कही है.

    रावत ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य और कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य पद से हटने की बात कही है.

    हरीश रावत ने शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट के ज़रिए अपने फ़ैसले की जानकारी दी.

    दरअसल, हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनके सहयोगी चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर छापेमारी की थी.

    हरीश रावत ने कहा कि टीवी पर यह ख़बरें चल रही हैं कि उनके सहयोगी के घर से बड़ी मात्रा में नक़दी और जूलरी बरामद हुई है. रावत ने कहा कि इस मामले की सच्चाई जल्द ही सामने आ जाएगी.

    हरीश रावत ने एक्स पर लिखा, "कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ता भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ लामबंद होकर लड़ रहे हैं. राहुल गांधी जी राष्ट्रीय स्तर पर 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के माध्यम से शिक्षा प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ बुलंद कर रहे हैं. ऐसे समय में हरीश रावत के किसी भी कृत्य से यदि पार्टी के संघर्ष में कोई कमज़ोरी आती है, तो मैं ऐसा बिल्कुल नहीं चाहूंगा."

    रावत ने लिखा, "मैंने अभी अपने ईष्ट देवता का स्मरण करके एक बड़ा निर्णय लिया है कि मैं किसी सरकारी पद पर तो हूं नहीं, कि उससे त्यागपत्र दूं! मैं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी का सदस्य हूं और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस कार्यसमिति का स्थायी आमंत्रित सदस्य हूं और मैं बहुत विनम्रता पूर्वक इन दोनों पदों से हटना चाहूंगा, क्योंकि पार्टी के संघर्ष में कोई कमज़ोरी मेरी वजह से नहीं आनी चाहिए."

  2. पाकिस्तान में फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीज़ल, अब एक लीटर के दाम हुए इतने

    पेट्रोल-डीजल
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में पिछले पांच दिनों में पेट्रोल की क़ीमत में कुल 29.95 रुपये प्रति लीटर का इज़ाफ़ा हुआ है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान में पेट्रोल और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमतों में लगातार पांचवें दिन बढ़ोतरी की गई है. पेट्रोल के दाम में 5.20 रुपये और हाई-स्पीड डीज़ल में 5.28 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. नई क़ीमतें 12 सितंबर से लागू हो गई हैं.

    पेट्रोलियम डिविज़न की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक़, ताज़ा बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल की क़ीमत बढ़कर 375.82 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं, हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमत 403.32 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, इससे पहले 11 सितंबर को पेट्रोल की क़ीमत में 3.50 रुपये और डीज़ल की क़ीमत में 5.37 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी. इससे एक दिन पहले भी दाम बढ़ाए गए थे.

    पिछले पांच दिनों में पेट्रोल की क़ीमत में कुल 29.95 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमत में 25.27 रुपये प्रति लीटर का इज़ाफ़ा हो चुका है.

    पाकिस्तान में पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती क़ीमतों के पीछे वैश्विक बाज़ार में कच्चे तेल की क़ीमतों में तेज़ी को बड़ी वजह माना जा रहा है.

    (ख़बर में रुपये को 'पाकिस्तानी रुपया' समझा जाए)

  3. सऊदी अरब पर हुए हमलों को लेकर मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने क्या कहा

    हमला
    इमेज कैप्शन, मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने कहाअ कि इस तरह के हमले सभी धार्मिक मूल्यों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय और मानवीय क़ानूनों का उल्लंघन करते हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने सऊदी अरब के रियाद और मदीना क्षेत्रों में ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन पर हुए ड्रोन हमलों की निंदा की है.

    सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) के मुताबिक़, मुस्लिम वर्ल्ड लीग के सेक्रेटरी जनरल शेख डॉ मोहम्मद अल-ईसा ने इन हमलों को 'विश्वासघाती और आपराधिक कार्रवाई' क़रार दिया.

    उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले सभी धार्मिक मूल्यों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय और मानवीय क़ानूनों का उल्लंघन करते हैं.

    अल-ईसा ने मुस्लिम वर्ल्ड लीग और इसकी यूनिट्स की ओर से सऊदी अरब के प्रति पूरा समर्थन जताया.

    उन्होंने कहा, "सऊदी अरब अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए जो भी क़दम उठाएगा, मुस्लिम वर्ल्ड लीग उसका समर्थन करेगी. सऊदी अरब को हमलावरों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने और अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का पूरा अधिकार है."

    जॉर्डन ने भी सऊदी पर हुए हमले की निंदा की है. वहां के विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह हमला 'अंतरराष्ट्रीय क़ानून और संयुक्त राष्ट्र के चार्टर का उल्लंघन' है.

    गौरतलब है कि सऊदी अरब पर इराक़ी क्षेत्र की ओर से ड्रोन हमले हुए थे. इराक़ इस मामले की जांच कर रहा है और सऊदी ने उसका समर्थन किया है.

  4. चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग दिल्ली के लिए रवाना, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

    शी जिनपिंग
    इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत के लिए रवाना हो गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए बीजिंग से भारत के लिए रवाना हो गए. चीनी मीडिया आउटलेट ग्लोबल टाइम्स ने इसकी जानकारी दी है.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, शी जिनपिंग के साथ भारत आ रहे प्रतिनिधिमंडल में चीनी के विदेश मंत्री वांग यी भी शामिल हैं.

    इस बीच, भारत में चीन के राजदूत शू फ़ेहॉन्ग ने शुक्रवार देर रात एक्स पर लिखा कि चीन और भारत राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक की तैयारियों में जुटे हैं.

    चीनी राजदूत ने कहा कि चीन भारत से संवाद बढ़ाने, सहयोग को मज़बूत करने और मतभेदों का उचित तरीक़े से समाधान करने पर ज़ोर देगा.

    शू फ़ेहॉन्ग ने कहा कि चीन और भारत को अच्छे पड़ोसी और ऐसे साझेदार के रूप में आगे बढ़ना चाहिए, जो एक-दूसरे की सफलता में सहयोग करें.

    गौरतलब है कि शी जिनपिंग इससे पहले 2019 में भारत आए थे. उस दौरान चेन्नई के पास मामल्लापुरम में दोनों देशों के नेताओं के बीच अनौपचारिक शिखर वार्ता हुई थी.

  5. सऊदी में हुए हमले के बाद इराक़ ने अब तक क्या-क्या क़दम उठाए

    अली फ़ालिह अल-ज़ैदी
    इमेज कैप्शन, इराक़ के प्रधानमंत्री और सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ़ अली फ़ालिह अल-ज़ैदी (फ़ाइल फ़ोटो)

    सऊदी अरब में हुए ड्रोन हमलों के बाद इराक़ ने एहतियाती क़दम उठाते हुए इराक़-ईरान सीमा पर स्थित शलामचेह बॉर्डर क्रॉसिंग को बंद कर दिया है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने शनिवार को सूत्रों के हवाले से इसकी जानकारी दी.

    सऊदी अरब का दावा है कि उसके यहां हुए ड्रोन हमले इराक़ी क्षेत्र से किए गए थे.

    इसके बाद इराक़ में हमलों के लिए ज़िम्मेदार लोगों की तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान शुरू किया गया है. अधिकारियों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए कार्रवाई तेज़ कर दी है.

    सऊदी अरब को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले इराक़ के मैसान प्रांत के भीतर स्थित एक जगह से शुरू किए गए थे. इसकी पुष्टि होने के बाद इराक़ के प्रधानमंत्री और सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ़ अली फ़ालिह अल-ज़ैदी ने मैसान ऑपरेशंस कमांड की लीडरशिप की जांच के लिए एक कमेटी गठित करने का आदेश दिया है.

    इसके साथ ही मैसान प्रांत के ऑपरेशंस कमांडर को उनके पद से हटा दिया गया है.

    इराक़ के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सऊदी अरब पर हमले के लिए इस्तेमाल किए गए स्थान की पुष्टि के बाद ऑपरेशंस कमांडर को पद से हटाने का फ़ैसला लिया गया.

    गौरतलब है कि सऊदी अरब ने कहा था कि वह फिलहाल जवाबी कार्रवाई नहीं करेगा. सऊदी सरकार ने इसके बजाय इराक़ी सरकार की ओर से हमलों की जाँच और ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई के प्रयासों का समर्थन करने का फ़ैसला किया है.

  6. महिला एशिया कप: श्रीलंका ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराया, फ़ाइनल में भारत से होगा मुक़ाबला

    श्रीलंका की टीम
    इमेज कैप्शन, महिला एशिया कप 2026 के फ़ाइनल मुक़ाबले में श्रीलंका का सामना भारतीय टीम से होगा

    श्रीलंका ने लगातार दूसरी बार महिला एशिया कप के फ़ाइनल में जगह बना ली है.

    दुबई में शुक्रवार को खेले गए दूसरे सेमीफ़ाइनल में श्रीलंकाई टीम ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराया. अब फ़ाइनल में श्रीलंका का सामना भारतीय महिला टीम से होगा.

    पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 130 रन बनाए. कप्तान फ़ातिमा सना ने 36 गेंदों पर 47 रन की अहम पारी खेली. शवाल जुल्फ़िकार ने 24 और गुल फ़िरोज़ा ने 21 रन बनाए.

    श्रीलंका की ओर से कप्तान चमारी अथापट्टू और चामुदी प्रबोदा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि नीलाक्षिका और सुगंधिका को 1-1 सफलता मिली.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत ख़राब रही. फ़ातिमा सना ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर श्रीलंका पर दबाव बना दिया.

    टीम ने 40 रन के भीतर चार विकेट गंवा दिए. कविशा ने 33 और हर्षिता ने 36 रन बनाए. नीलाक्षिका ने 18 और इमेशा दुलानी ने 24 रन का योगदान दिया.

    श्रीलंका ने 18.4 ओवर में 6 विकेट पर 134 रन बनाकर मुक़ाबला अपने नाम किया. पाकिस्तान के लिए फ़ातिमा सना ने 4 विकेट लिए.

    भारत पहले से ही फ़ाइनल में पहुंच चुका है. उसने पहले सेमीफ़ाइनल में बांग्लादेश को हराया था. भारत और श्रीलंका के बीच फ़ाइनल 13 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.

  7. सऊदी ने हमले के बाद बंद किया ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन, इराक़ी क्षेत्र से हुआ हमला

    हमला
    इमेज कैप्शन, सऊदी के अधिकारियों के मुताबिक़, इन हमलों में कई लोग घायल हुए हैं और पाइपलाइन को भी नुक़सान पहुंचा है (सांकेतिक तस्वीर)

    सऊदी अरब ने शुक्रवार को एलान किया कि उसने ईस्ट-वेस्ट ऑयल पाइपलाइन को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया. इसी पाइपलाइन पर गुरुवार को कई ड्रोन हमले हुए थे.

    सऊदी के अधिकारियों के मुताबिक़, इन हमलों में कई लोग घायल हुए हैं और पाइपलाइन को भी नुक़सान पहुंचा है.

    सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) ने ऊर्जा मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि 10 सितंबर की सुबह ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन पर कई हमले किए गए. इसके बाद किसी बड़े नुक़सान को रोकने और सुरक्षा के मद्देनज़र पाइपलाइन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया.

    सऊदी के विदेश मंत्रालय के अनुसार, हमले में मानवीय क्षति तो हुई ही है, लेकिन इसके साथ जो बाकी नुक़सान हुआ, उसकी मरम्मत और बहाली का काम किया जा रहा है.

    मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पाइपलाइन को निशाना बनाने वाले कई ड्रोन इराक़ी क्षेत्र से लॉन्च किए गए थे.

    हालांकि, सऊदी अरब का कहना है कि वो फ़िलहाल जवाबी कार्रवाई नहीं करेगा.

    सऊदी विदेश मंत्रालय ने बताया, "इराक़ के प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब से अपील की है कि इराक़ सरकार को अपने देश से होने वाले ऐसे हमलों को रोकने के लिए ज़रूरी क़दम उठाने का समय दिया जाए."

    इसी अनुरोध को देखते हुए सऊदी अरब ने फ़िलहाल जवाबी कार्रवाई नहीं करने और इराक़ी सरकार के प्रयासों का समर्थन करने का फ़ैसला किया है.

    हालांकि, सऊदी अरब ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी ज़रूरी क़दम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है.

    गौरतलब है कि ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन सऊदी अरब की एक अहम तेल पाइपलाइन है. यह देश के पूर्वी हिस्से में मौजूद तेल क्षेत्रों को पश्चिमी तट से जोड़ती है. पाइपलाइन पर यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है.

  8. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.