इसराइली मंत्री का दावा, नेतन्याहू ने आइज़नकोट को दिया ये ऑफ़र

इसराइल की परिवहन और सड़क सुरक्षा मंत्री मिरी रेगेव ने कहा है कि प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू एकता के लिए हाथ बढ़ा रहे हैं.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • अंडर-19 एशिया कप में भारत की जीत के चार स्टार
  • अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत की जीत
  • समंदर के नीचे टनल
  • छठ
  • जवाहरलाल नेहरू का पहला टीवी इंटरव्यू
  • सोनिया गांधी और राजीव गांधी की शादी
  • पीट हेगसेथ

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, अभिषेक प्रताप सिंह

  1. भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन का जापान में कमाल, जीता ये बड़ा ख़िताब

    लक्ष्य सेन
    इमेज कैप्शन, लक्ष्य सेन ने जापान में कुमामोटो मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में हिस्सा लिया

    भारत के लक्ष्य सेन ने जापान में खेले गए कुमामोटो मास्टर्स सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट का ख़िताब जीत लिया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, फ़ाइनल मुकाबले में लक्ष्य सेन ने जापान के कोकी वातानाबे को 13-21, 21-18, 21-14 से हराया.

    लक्ष्य सेन ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी की और अगले दोनों गेम जीतकर ख़िताब अपने नाम किया.

    लक्ष्य सेन ने सेमी फाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के अल्वी फरहान को हराया था.

  2. ललित मोदी को मिली ब्रिटिश नागरिकता, कहा- ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व

    ललित मोदी
    इमेज कैप्शन, ललित मोदी ने कहा कि ब्रिटेन कई सालों से उनका घर रहा है

    ललित मोदी को ब्रिटिश नागरिकता मिल गई है. उन्होंने 14 नवंबर 2026 को ऑक्सफ़ोर्ड यूनियन में दिए अपने संबोधन के दौरान यह जानकारी दी.

    ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, "मुझे ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व है." उन्होंने खुद को आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) का संस्थापक भी बताया.

    उन्होंने बताया कि 15 सितंबर 2026 को परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में एक समारोह के दौरान उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने का जश्न मनाया था.

    ललित मोदी ने कहा कि ब्रिटेन कई सालों से उनका घर रहा है. उन्होंने वहां के लोगों, संस्थाओं, परंपराओं और मूल्यों के प्रति अपनी सराहना भी जताई.

    साल 2009 में आईपीएल के टीवी अधिकारों के एक समझौते में कथित अनियमितताओं को लेकर ललित मोदी पर सवाल उठे थे. 2010 में ललित मोदी लंदन चले गए थे.

  3. नोएल टाटा ने टाटा संस को शेयर बाज़ार में लिस्ट करने पर उठाए सवाल

    नोएल टाटा
    इमेज कैप्शन, नोएल टाटा ने कहा कि टाटा संस के शेयर बाज़ार में लिस्ट होने से कंपनी के काम करने का मौजूदा तरीक़ा बदल सकता है (फ़ाइल फ़ोटो)

    टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस को शेयर बाज़ार में लिस्ट कराने के प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं.

    हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट के 24वें संस्करण में बोलते हुए नोएल टाटा ने शनिवार को कहा कि वह समूह की दिशा (रणनीति) के ख़िलाफ़ नहीं हैं.

    लेकिन उन्होंने इन प्रोजेक्ट्स को लागू करने में इसके अनुशासन पर सवाल उठाए.

    उन्होंने कहा कि टाटा ट्रस्ट्स, टाटा संस की राष्ट्रीय परियोजनाओं को समर्थन देने के लिए तैयार हैं. साथ ही उन्होंने समूह के उस मूल सिद्धांत पर ज़ोर दिया, जिसमें परोपकार को प्राथमिकता दी जाती है.

    नोएल टाटा ने कहा, "मेरी चिंता यह है कि शेयर बाज़ार में लिस्ट होने से टाटा समूह के काम करने का तरीक़ा बदल जाएगा."

    "भविष्य में जब हमारे 30 से 40 हज़ार शेयरधारक होंगे तो हो सकता है कि परोपकार के बजाय मुनाफ़ा प्राथमिकता बन जाए. मुझे लगता है कि इससे टाटा समूह के काम करने का तरीक़ा पूरी तरह बदल जाएगा."

  4. नेतन्याहू ने अपने राजनीति प्रतिद्वंद्वी आइज़नकोट से की ये अपील

    बिन्यामिन नेतन्याहू
    इमेज कैप्शन, नेतन्याहू ने राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाने की अपील दोहराई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी गादी आइज़नकोट के साथ राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाने की अपील दोहराई है.

    उन्होंने एक्स पर कहा कि ऐसी सरकार इसराइल के सामने मौजूद सुरक्षा चुनौतियों से निपट सकती है, जिनमें सबसे बड़ा ख़तरा ईरान है.

    सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में नेतन्याहू ने बताया कि गुरुवार को गादी आइज़नकोट के साथ हुई बातचीत ने उन्हें इस बात का और यक़ीन दिलाया है कि देश की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय एकता की सरकार बनाना ज़रूरी है.

    नेतन्याहू ने दावा किया कि ईरान का शासन इसराइल को नष्ट करना चाहता है और अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहा है.

    नेतन्याहू ने कहा कि इस ख़तरे को हमेशा के लिए ख़त्म करना ज़रूरी है.

    उन्होंने कहा, "एक ऐसी सरकार जो सीमित समर्थन पर टिकी हो या आतंकवाद समर्थकों पर निर्भर हो, इस चुनौती का सामना नहीं कर सकती."

    उन्होंने कहा कि प्रस्तावित राष्ट्रीय एकता की सरकार में केवल वही पार्टियां शामिल होंगी जो इसराइल को यहूदी लोगों का राष्ट्र मानती हैं.

    ग़ौरतलब है कि नेतन्याहू के प्रतिद्वंद्वी और विपक्षी नेता गादी आइज़नकोट, अरब पार्टियों के समर्थन से सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं.

    उन्होंने नेतन्याहू को सत्ता से बाहर करने के लिए बाकी पार्टियों से तुरंत फ़ैसला लेने की अपील की है.

  5. पांचवें वनडे में न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीता, भारत की पहले बल्लेबाज़ी

    टीम इंडिया
    इमेज कैप्शन, चौथे वनडे मैच में न्यूज़ीलैंड ने भारत को 244 रन के बड़े अंतर से हराया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच आज बे ओवल मैदान पर पांचवां वनडे मैच खेला जा रहा है.

    न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतने के बाद कहा कि उनकी टीम पहले गेंदबाज़ी करना चाहती है.

    उन्होंने कहा कि बाद में ओस पड़ सकती है, इसलिए टीम ने लक्ष्य का पीछा करने का फ़ैसला किया है. सैंटनर ने बताया कि आज टीम में दो बदलाव किए गए हैं.

    भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि उनकी टीम भी पहले गेंदबाज़ी करना चाहती थी. उन्होंने कहा कि पिछले मैच में पहली पारी के दौरान गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी और टीम अच्छा स्कोर खड़ा करना चाहेगी.

    अय्यर ने बताया कि यश ठाकुर आज अपना डेब्यू कर रहे हैं, जबकि मोहम्मद सिराज को भी टीम में मौका दिया गया है.

    चौथे वनडे मैच में न्यूज़ीलैंड ने भारत को 244 रन के बड़े अंतर से हराया था. हालांकि, पांच मैचों की सिरीज़ में भारत 2-1 से आगे है.

  6. ग़ज़ा में बाढ़ से 70 हज़ार अस्थायी घर डूबे, राहत कार्य के लिए इसराइल से की गई ये अपील

    ग़ज़ा
    इमेज कैप्शन, बारिश और बाढ़ के कारण ग़ज़ा में क़रीब 70 हज़ार टेंट पानी में डूब गए हैं

    यूरोपीय संघ ने शनिवार को इसराइल से कहा है कि वह राहत संगठनों को ग़ज़ा में तुरंत मदद पहुंचाने की अनुमति दे. हाल में हुई भारी बारिश और बाढ़ से ग़ज़ा में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

    यूरोपीय संघ ने कहा कि इसराइल राहत संगठनों को बिना किसी रुकावट के ग़ज़ा पहुंचने दे. साथ ही, राहत सामग्री और मरम्मत के लिए ज़रूरी सामान भी वहां पहुंचाने की अनुमति दे.

    उसने ग़ज़ा के सभी सीमा रास्तों को फिर से खोलने की मांग भी की है.

    रिपोर्ट्स के मुताबिक़, बारिश और बाढ़ के कारण ग़ज़ा में क़रीब 70 हज़ार टेंट पानी में डूब गए हैं. इन टेंटों में क़रीब 20 लाख की आबादी का बड़ा हिस्सा रह रहा है.

    बाढ़ से प्रभावित लोगों को पीने के साफ़ पानी, खाने और दूसरी ज़रूरी चीज़ों की कमी का सामना करना पड़ रहा है.

  7. फ़ेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा पर इटली में लगा 8,400 करोड़ रुपये का जु़र्माना, जॉर्ज राइट

    फे़सबुक
    इमेज कैप्शन, फ़ेसबुक ने यूज़र्स से एक बार ही पूरी गैलरी देखने की अनुमति मांगी थी

    इटली ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म फे़सबुक की पैरेंट कंपनी मेटा पर क़रीब 8,400 करोड़ रुपये का जु़र्माना लगाया है.

    यह कार्रवाई एंड्रॉयड यूज़र्स की तस्वीरों तक बिना उनकी साफ़ सहमति के पहुंच बनाने के मामले में की गई है.

    इटली के डेटा प्रोटेक्शन अथॉरिटी के मुताबिक़, फ़ेसबुक ऐप के एक फ़ीचर के ज़रिए मेटा यूज़र्स की तस्वीरें और वीडियो देख सकती थी.

    नियामक का कहना है कि मेटा ने क़रीब दो करोड़ यूज़र्स को इस बारे में ठीक से जानकारी नहीं दी थी.

    इस फ़ीचर की मदद से फ़ेसबुक यूज़र्स के फ़ोन की गैलरी में मौजूद तस्वीरों और वीडियो के आधार पर पोस्ट के सुझाव देता है.

    फ़ेसबुक ने यूज़र्स से एक बार ही ऐप के ज़रिए उनकी पूरी फ़ोटो गैलरी तक पहुंचने की अनुमति मांगी थी.

    लेकिन इस दौरान यह साफ़ नहीं बताया गया था कि इस अनुमति से फ़ेसबुक उनकी तस्वीरों के आधार पर पोस्ट के सुझाव भी दे सकेगा.

    इटली के नियामक ने मेटा को 60 दिनों का समय दिया है. उसे इस फ़ीचर को अपने आप चालू होने से रोकना होगा और यूज़र्स से अलग से अनुमति लेनी होगी.

    नियामक ने कहा कि इस मामले में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं. यह समस्या उन लोगों के लिए अब भी बनी हुई है जिन्होंने ऐप अपडेट नहीं किया है या पहले ही इस फ़ीचर को इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी है.

  8. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.