एशियन गेम्स 2026: नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, विमेंस ट्रैप शूटिंग में जीता गोल्ड

इमेज स्रोत, ANI
जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भारत की नीरू ढांडा ने विमेंस ट्रैप शूटिंग कंपटीशन में गोल्ड मेडल जीता है.
इसके साथ ही वह एशियाई खेलों में महिला ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय निशानेबाज बन गई हैं.
हरियाणा की 26 साल की नीरू ने फाइनल में 28 का स्कोर बनाकर नया एशियाई खेल रिकॉर्ड भी कायम किया. इससे पहले यह रिकॉर्ड 24 का था.
चीन की सुन यूनोंग ने 26 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि कुवैत की अब्दुलमलिक हजर 21 अंक के साथ ब्रॉन्ज़ मेडल हासिल करने में सफल रहीं.
इस गोल्ड के साथ भारत पदक तालिका में 11वें स्थान पर पहुंच चुका है. भारत ने अभी तक 5 गोल्ड, 21 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज़ मेडल जीते हैं.
नीरू ने इससे पहले महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भी भारत को सिल्वर मेडल दिलाया था. जुलाई 2026 में वह ट्रैप शूटिंग के विश्व कप में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनी थीं.







