ग़ाज़ियाबाद: 'बांग्लादेशियों' की पहचान करने गई पुलिस टीम पर सवाल, वीडियो वायरल होने के बाद दी सफ़ाई

वीडियो में दिख रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी एक झुग्गी में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रहे हैं और उनके आईडी कार्ड देख रहे हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, सुमंत सिंह

  1. नए साल पर शी जिनपिंग ने ताइवान को लेकर की यह घोषणा

    शी जिनपिंग
    इमेज कैप्शन, शी जिनपिंग का भाषण सरकारी टीवी चैनल पर प्रसारित हुआ

    चीन ने बुधवार देर रात को ताइवान के आसपास बड़े पैमाने आयोजित सैन्य अभ्यास के पूरा होने की घोषणा की. इसके थोड़ी देर बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने नए साल के अपने संबोधन में ताइवान को लेकर बयान दिया.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, सरकारी चैनल सीसीटीवी पर प्रसारित भाषण में शी जिनपिंग ने कहा, "ताइवान स्ट्रेट के दोनों तरफ़ रहने वाले लोग पानी से भी गहरे ख़ून के रिश्ते से जुड़े हैं और राष्ट्र के एकीकरण को रोका नहीं जा सकता है."

    रॉयटर्स के मुताबिक़, पिछले साल यानी 2025 की शुरुआत में भी चीनी राष्ट्रपति ने ताइवान को लेकर इसी तरह का बयान दिया था.

    चीन ने ताइवान के आसपास 'जस्टिस मिशन 2025' नाम के सैन्य अभ्यास को पूरा किया है. चीन का कहना है कि उसकी सेना हाई अलर्ट पर बनी रहेगी और युद्ध की तैयारियों को और मज़बूत करती रहेगी.

    वहीं, ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसके क्षेत्र में अब भी चीनी विमानों और जहाज़ों की बड़ी संख्या मौजूद है, इसलिए उसकी सेनाएं अलर्ट पर रहेंगी.

  2. ईरान में बढ़ती महंगाई के ख़िलाफ़ चौथे दिन भी जारी रहे प्रदर्शन

    ईरान में विरोध प्रदर्शन
    इमेज कैप्शन, ईरान के कई शहरों से विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आईं

    ईरान में बढ़ती महंगाई के ख़िलाफ़ लगातार चौथे दिन भी प्रदर्शन जारी रहे. ये प्रदर्शन अब ईरान के कई शहरों में हो रहे हैं.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के विभिन्न शहरों में रात में प्रदर्शनों की तस्वीरें सामने आई हैं. कुह दश्त में सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए हिंसा का सहारा लिया है.

    लोरिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि कुह दश्त में एक व्यक्ति की मौत हुई है और 13 अन्य लोग घायल हुए हैं.

    कुह दश्त से सामने आई तस्वीरों में प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाते हुए भी देखा जा सकता है. अन्य तस्वीरों में फार्स प्रांत के फासा में राज्यपाल कार्यालय के सामने कई निवासियों का जमावड़ा देखा गया.

    इसी बीच तेहरान के बेहेश्ती विश्वविद्यालय में लड़कियों के छात्रावास के सामने एक छात्रा की गिरफ्तारी की तस्वीरें भी सामने आईं.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, बुधवार को शाम होने के साथ ही ईरान के कुछ शहरों में छिटपुट विरोध प्रदर्शनों की खबरें आईं. हमदान, कुह दश्त, गेनावेह, दोरूद और अलीगुदरज़ शहरों में सभाएं भी आयोजित हुईं.

  3. बांग्लादेश: ख़ालिदा ज़िया के अंतिम संस्कार के बाद बेटे तारिक़ रहमान ने जारी किया यह बयान

    तारिक़ रहमान
    इमेज कैप्शन, तारिक़ रहमान हाल ही में 17 साल बाद बांग्लादेश लौटे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के अंतिम संस्कार के बाद उनके बेटे तारिक़ रहमान ने गुरुवार को एक बयान जारी कर व्यवस्था संभालने वाले लोगों का धन्यवाद किया है.

    इस बयान में तारिक़ रहमान ने ख़ालिदा ज़िया के अंतिम संस्कार में तैनात सुरक्षा बलों और क़ानून-व्यवस्था संभाल रहे कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया है.

    उन्होंने सेना, पत्रकारों और विदेश मंत्रालय को भी उनकी भूमिका के लिए धन्यवाद दिया. साथ ही बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार प्रोफ़ेसर मोहम्मद यूनुस और कैबिनेट के सदस्यों की मौजूदगी की भी सराहना की.

    पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी चेयरपर्सन ख़ालिदा ज़िया के शव को बुधवार को राजकीय सम्मान के साथ ढाका में दफ़ना दिया गया. इस मौक़े पर बड़ी संख्या में लोगों के साथ-साथ बीएनपी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद थे.

  4. यूएई के राष्ट्रपति के पाकिस्तान दौरे के बाद शहबाज़ शरीफ़ ने की सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस से बात

    शहबाज़ शरीफ़ और मोहम्मद बिन सलमान
    इमेज कैप्शन, सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की बातचीत की पुष्टि की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ के बीच फ़ोन पर बातचीत हुई है.

    यह बातचीत ऐसे समय पर हुई, जब कुछ दिनों पहले ही यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाह्यान पाकिस्तान के दौरे पर आए थे और बीते कुछ दिनों से सऊदी अरब और यूएई के बीच यमन को लेकर तनाव चल रहा है.

    पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच पिछले साल एक समझौता हुआ है, जिसके तहत इन दोनों देशों में से किसी भी एक देश पर हमला होने की स्थिति में दोनों देशों पर हमला माना जाएगा.

    सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के साथ क्राउन प्रिंस की बातचीत की जानकारी दी है. मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंध, आपसी सहयोग बढ़ाने और क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा हुई.

    वहीं, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर यमन में हिंसा के फिर से भड़कने पर चिंता व्यक्त की.

    बयान में सऊदी अरब का ज़िक्र करते हुए कहा गया, "पाकिस्तान यमन में तनाव कम करने और शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए क्षेत्रीय प्रयासों का स्वागत करता है. पाकिस्तान सऊदी अरब के साथ पूरी एकजुटता और उसकी सुरक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है."

    बीते मंगलवार सऊदी अरब ने यमन के बंदरगाह शहर मुकल्ला पर हवाई हमला किया. सऊदी अरब ने कहा कि ये हमले इसलिए किए गए क्योंकि यूएई की मदद से इस बंदरगाह पर 'सदर्न ट्रांज़िशनल काउंसिल' (एसटीसी) के लिए हथियारों की खेप पहुंचाई जा रही थी.

    'सदर्न ट्रांज़िशनल काउंसिल' को यूएई समर्थित समूह माना जाता है और यह समूह दक्षिणी यमन को एक अलग देश बनाने की मांग करता है.

    मंगलवार को ही यूएई के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि वह यमन से अपनी बची सैन्य मौजूदगी भी ख़त्म कर देगा.

  5. इंदौर: सवाल पूछने पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आपा खोया, बाद में जताया खेद

    कैलाश विजयवर्गीय
    इमेज कैप्शन, आपत्तिजनक बयान देने के कुछ देर बाद ही बीजेपी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सफाई दी (फ़ाइल फ़ोटो)

    देश के सबसे साफ़ शहरों में शुमार इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में मंगलवार को दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत होने और सैकड़ों लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने का मामला सामने आया.

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को इस मामले में चार लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की. लेकिन कई रिपोर्ट्स में 10 मौतों तक की बात कही जा रही है.

    सीएम ने यह भी बताया कि अब तक 212 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से 50 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि 162 अब भी भर्ती हैं. इनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

    इस पूरे मामले पर एक पत्रकार के सवाल पर स्थानीय विधायक और मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसको लेकर उनकी काफ़ी आलोचना हो रही है.

    हालांकि, इसके कुछ देर बाद ही मंत्री विजयवर्गीय ने अपने बयान पर खेद जताया और सफाई दी.

    बुधवार को मंत्री विजयवर्गीय से एनडीटीवी के पत्रकार अनुराग द्वारी ने सवाल किया, 'बहुत सारे लोगों को इलाज का पैसा वापस नहीं मिला है और पीने के पानी की ठीक से व्यवस्था नहीं है?'

    इस पर कैलाश विजवर्गीय ने जवाब दिया, "छोड़ो यार, तुम फोकट प्रश्न मत पूछो."

    इसके आगे पत्रकार अपनी बात रखते हैं, जिस पर कैलाश विजवर्गीय आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं.

    दरअसल, मध्य प्रदेश सरकार की ओर से एलान किया गया था कि दूषित पानी से बीमार हुए लोगों का निःशुल्क इलाज होगा और जिन लोगों ने इलाज में पैसे ख़र्च किए हैं, उन्हें पैसे वापस किए जाएंगे.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. आज से साल 2026 की शुरुआत हो चुकी है. सभी पाठकों, दर्शकों और श्रोताओं को बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की ओर से नए साल की मंगलकामनाएं.

    मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक आज की अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.