अमेरिकी प्रशासन के शीर्ष अधिकारी ने पुतिन के साथ ट्रंप की फ़ोन पर हुई बातचीत के बारे में क्या बताया?

व्हाइट हाउस के सुरक्षा सलाहकार माइक वॉल्ट्ज़ ने कंज़र्वेटिव पॉलिटिकल एक्शन कॉन्फ़्रेंस (सीपीएसी) के दौरान हुए एक साक्षात्कार में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई बातचीत के बारे में बताया.

सारांश

लाइव कवरेज

हिमांशु दुबे, इफ़्तेख़ार अली

  1. अमेरिकाः एलन मस्क ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर क्यों साधा निशाना?

    एलन मस्क
    इमेज कैप्शन, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति मिलेई ने एलन मस्क को एक 'आरा मशीन' तोहफ़े में दी.

    अमेरिका के अरबपति उद्यमी एलन मस्क ने कंज़र्वेटिव पॉलिटिकल एक्शन कॉन्फ़्रेंस के मंच पर डिपार्टमेंट ऑफ़ गवर्मेंट एफ़िशिएंसी से जुड़ी कई जानकारी दी और देश के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर भी आरोप लगाए हैं.

    अमेरिका में मस्क इस विभाग का नेतृत्व कर रहे हैं. उनके इस विभाग का मक़सद सरकारी विभागों के ख़र्च को कम करना है.

    मस्क के साथ मंच पर अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई भी मौजूद थे. उन्होंने मस्क को तोहफ़े में ‘एक आरा मशीन’ दी.

    मस्क अमेरिका में सरकारी ख़र्च को कम करने के प्रयासों में जुटे हैं. राष्ट्रपति मिलेई ने यही दिखाने के मक़सद से मस्क को ‘आरा मशीन’ तोहफ़े में दी.

    मस्क ने अपनी बातचीत के दौरान कई विषयों पर बात की.

    मस्क से पूछा गया कि क्या उनको लगता है कि अमेरिका पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने अंतरिक्ष यात्रियों को जानबूझकर अंतरिक्ष में छोड़ दिया, ताकि यात्रियों को पृथ्वी पर वापस लाने में उनको मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की मदद न लेनी पड़े.

    इसके जवाब में मस्क ने कहा, “हां, बिल्कुल.” मस्क ने कहा, “हम निश्चित तौर पर उनको जल्दी से वापस ला सकते थे, मगर वो ऐसे किसी भी व्यक्ति का साथ नहीं चाहते हैं, जो राष्ट्रपति ट्रंप का समर्थन करता है.”

    दरअसल, पिछले साल जून महीने से दो अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बैरी बुच विल्मोर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसे हुए हैं, क्योंकि उनके बोइंग स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट में दिक्कत आ गई है.

  2. इसराइलः तेल अवीव के दक्षिण में तीन बसों में धमाके, अब तक क्या पता चला है

    तेल अवीव के दक्षिण में धमाका
    इमेज कैप्शन, तेल अवीव के दक्षिण में धमाका

    इसराइल के प्रमुख शहरों में शुमार तेल अवीव के दक्षिण में स्थित बैट याम शहर में तीन बसों में धमाके हुए. इन धमाकों में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

    इसराइली पुलिस के मुताबिक़ यह एक संदिग्ध आतंकवादी हमला है.

    इसराइली पुलिस ने बताया कि दो अन्य बसों में भी धमाका करने के मक़सद से लगाई गई डिवाइस को पुलिस ने निष्क्रिय कर दिया.

    इसराइल के परिवहन मंत्री मिरी रागेव ने देश में सभी बसों और ट्रेनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है, ताकि यह जांच की जा सके कि कहीं धमाका करने के लिए कोई डिवाइस तो नहीं लगाई गई है.

    इसराइली पुलिस
    इमेज कैप्शन, घटनास्थल पर मौजूद इसराइली पुलिस

    इसराइल के रक्षा मंत्री इज़राइल काट्ज़ ने इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स को आदेश दिया है कि वेस्ट बैंक में स्थित शरणार्थी शिविरों में ‘सक्रियता को बढ़ा दें’.

    इसराइली डिफ़ेंस फ़ोर्स ने एक बयान में कहा कि बैट याम में हुई घटना की जांच के लिए आईडीएफ़ इसराइली पुलिस और शिन बैट सिक्योरिटी एजेंसी के साथ मिलकर काम कर रही है.

  3. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता हिमांशु दुबे अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज़ की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.