अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रूस पर नए टैरिफ लगाने की चेतावनी दी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो यूक्रेन-रूस जंग पर रूस के बर्ताव से बेहद निराश हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, प्रवीण

  1. निमिषा प्रिया को मौत की सज़ा के मामले में सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार ने क्या कहा?, उमंग पोद्दार, बीबीसी संवाददाता

    निमिषा प्रिया
    इमेज कैप्शन, निमिषा प्रिया

    यमनी नागरिक तलाल अब्दो महदी की हत्या के मामले में मौत की सज़ा का सामना कर रहीं केरल की नर्स निमिषा प्रिया के मुद्दे में सुप्रीम कोर्ट में सरकार ने कहा है कि सभी संभव प्रयास किए गए हैं.

    सुप्रीम कोर्ट मामले में शुक्रवार को सुनवाई करेगा.

    अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी ने सुप्रीम कोर्ट में कहा, "भारत सरकार ने जो कुछ भी संभव था, वह किया है."

    उन्होंने कहा है कि सरकार ने अपने पास उपलब्ध सभी माध्यमों का उपयोग किया है. भारत सरकार एक सीमा तक ही जा सकती है.

    अटॉर्नी जनरल ने अदालत को यह भी जानकारी दी कि सरकार ने इस मामले में अनौपचारिक तरीकों से भी बातचीत की कोशिश की, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला.

    वहीं, याचिकाकर्ता ने कोर्ट से कहा है कि मामले में सरकार को निर्देश दे कि वह निमिषा की फांसी को रोकने के लिए कूटनीतिक हस्तक्षेप करे.

  2. अभिनेत्री सरोजा देवी का हुआ निधन

    सरोजा देवी
    इमेज कैप्शन, सरोजा देवी 87 साल की थीं

    पद्म पुरस्कार से सम्मानित अभिनेत्री सरोजा देवी का सोमवार को बेंगलुरू में निधन हो गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सरोजा देवी 87 साल की थीं.

    सरोजा देवी ने कन्नड़, तमिल, तेलुगु और हिंदी भाषा की 200 से अधिक फ़िल्मों में काम किया.

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जैसे ही सरोजा देवी का नाम लिया जाता है, ‘कित्तूर चेनम्मा’, ‘बब्रुवाहन’ और ‘अन्नाथंगी’ जैसी फिल्मों में उनके मनमोहक अभिनय की यादें ताज़ा हो जाती हैं."

    "दशकों तक सुसंस्कृत फ़िल्मों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करने वाली सरोजा देवी की विदाई, भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है."

  3. विदेश मंत्री एस जयशंकर चीन के उपराष्ट्रपति से मिले, क्या चर्चा हुई?

    विदेश मंत्री एस जयशंकर और चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग
    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ चीन के उपराष्ट्रपति

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग से मुलाक़ात की.

    हान झेंग से मुलाक़ात की जानकारी एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी.

    एस जयशंकर ने कहा, "हमने हमारे द्विपक्षीय संबंधों में हुए सुधार को रेखांकित किया. (दोनों नेताओं ने) विश्वास जताया कि मेरी यात्रा के दौरान होने वाली बातचीत इस सकारात्मक दिशा को बनाए रखेगी."

    शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सम्मेलन में भाग लेने के लिए एस जयशंकर चीन के दौरे पर हैं.

  4. हरियाणा: नूंह में इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं निलंबित, राज्य सरकार क्या बोली?

    हरियाणा के नूंह में तैनात पुलिसकर्मी
    इमेज कैप्शन, नूंह में तैनात पुलिसकर्मी

    हरियाणा के नूंह में इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं 24 घंटे के लिए निलंबित कर दी गई हैं.

    ये सेवाएं 13 जुलाई रात 9 बजे से 14 जुलाई रात 9 बजे तक बंद रहेंगी.

    सरकार ने यह निर्णय नूंह ज़िले में बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा के मद्देनज़र लिया है.

    हरियाणा सरकार के आदेश में कहा गया है, "नूंह ज़िले में मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस सेवाएं (बैंकिंग और मोबाइल रिचार्ज सेवाओं को छोड़कर) और मोबाइल नेटवर्क पर दी जाने वाली सभी डोंगल सेवाएं 24 घंटे के लिए निलंबित की जाती हैं. ये सेवाएं 13 जुलाई की रात 9 बजे से 14 जुलाई की रात 9 बजे तक बंद रहेंगी."

    हालांकि, वॉयस कॉल सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है.

    आदेश में कहा गया है कि इस फ़ैसले का उद्देश्य व्हॉट्सऐप, फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर ग़लत जानकारी और अफवाहों के प्रसार को रोकना है.

    हरियाणा सरकार का आदेश
    इमेज कैप्शन, हरियाणा सरकार का आदेश

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, नूंह ज़िले में इंटरनेट और एसएमएस सेवाएं रोकने का कारण बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा का शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करना है.

    इस बीच पुलिस अधिकारी नरेश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.

  5. इसराइली हमले में ईरान के राष्ट्रपति हुए थे घायल- रिपोर्ट

    मसूद पेज़ेश्कियान
    इमेज कैप्शन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान

    ईरान की सरकारी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, देश के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान पिछले महीने हुए इसराइल के हमले में मामूली घायल हुए थे.

    इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर की क़रीबी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने बताया है कि 16 जून को तेहरान में एक सीक्रेट अंडरग्राउंड फैसिलिटी में राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की इमरजेंसी मीटिंग में शामिल थे.

    इस दौरान इसराइल ने सीक्रेट अंडरग्राउंड फैसिलिटी के प्रवेश मार्गों को छह बमों से निशाना बनाया.

    रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान के पैर में चोट आई थी.

    फ़ार्स की रिपोर्ट स्वतंत्र रूप से वेरीफ़ाई नहीं हुई है. इसराइल ने इस रिपोर्ट पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है.

    पिछले हफ्ते ही ईरान के राष्ट्रपति ने आरोप लगाया था कि इसराइल ने उन्हें मारने की कोशिश की थी. इस आरोप को इसराइली रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने खारिज कर दिया था.

  6. साइना नेहवाल ने पति से अलग होने की घोषणा की, क्या कहा?

    साइना नेहवाल और पारुपल्ली कश्यप की ये तस्वीर दिसंबर 2018 की है
    इमेज कैप्शन, साइना नेहवाल ने 2018 में शादी की थी

    भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल और उनके पति कश्यप पारुपल्ली ने आपसी सहमति से अलग होने का ऐलान किया है.

    साइना नेहवाल ने यह जानकारी इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाकर दी.

    साइना नेहवाल ने लिखा, "ज़िंदगी हमें कभी-कभी अलग दिशाओं में ले जाती है. बहुत सोच-विचार के बाद कश्यप पारुपल्ली और मैंने अलग होने का फ़ैसला किया है. "

    साइना नेहवाल का बयान
    इमेज कैप्शन, साइना नेहवाल का बयान

    उन्होंने लिखा, ‘‘मैं यादों के लिए आभारी हूं और आगे के लिए शुभकामनाएं देती हूं. इस दौरान हमारी निजता को समझने और उसका सम्मान करने के लिए धन्यवाद."

    साइना और कश्यप ने 2018 में शादी की थी.

  7. लंदन: विमान में आग लगने के बाद साउथेंड एयरपोर्ट बंद, हादसे में कोई हताहत नहीं

    साउथेंड एयरपोर्ट
    इमेज कैप्शन, साउथेंड-ऑन-सी में एक 12 मीटर लंबे प्लेन में आग लगने का मामला सामने आया है

    लंदन के साउथेंड एयरपोर्ट को एक छोटे विमान में आग लगने की घटना के बाद अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है.

    रविवार को साउथेंड-ऑन-सी में एक 12 मीटर लंबे विमान में आग लगने की सूचना मिली थी.

    हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है.

    एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा है कि अगले आदेश तक उड़ानों पर रोक रहेगी और किसी भी अपडेट की जानकारी यात्रियों को दी जाएगी.

    उन्होंने सोमवार को यात्रा की योजना बना रहे लोगों को अपनी एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी है.

    डच कंपनी ज़ेउस एविएशन ने पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त फ्लाइट SUZ1 उनकी थी.

    कंपनी ने कहा है कि हम जांच में पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं. हमारी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जो इस घटना से प्रभावित हुए हैं.

  8. पहला विंबलडन ख़िताब हासिल करने के बाद क्या बोले यानिक सिनर?

    यानिक स‍िनर
    इमेज कैप्शन, इटली के यानिक स‍िनर ने पहली बार विंबलडन जीता है

    विंबलडन 2025 का ख़िताब इटली के यानिक सिनर ने जीत लिया है.

    यानिक सिनर ने स्पेनिश खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज को 4-6, 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर अपना पहला विंबलडन ख़िताब हासिल किया.

    सिनर ने पहली बार विंबलडन जीतने पर कहा, "मेरे अलावा सिर्फ मेरे क़रीबी लोग ही जानते हैं कि हमने टेनिस कोर्ट और कोर्ट के बाहर क्या कुछ झेला है."

    उन्होंने कहा, "ये बहुत स्पेशल है. मैं अपने सपने को जी रहा हूं."

    कार्लोस अल्काराज ने 35 दिन पहले ही फ्रेंच ओपन में सिनर को हराया था, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ.

  9. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    मैं बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिंदी की कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर भी क्लिक कर सकते हैं.'