दीपिका कक्कड़ श्रीसंत को हराकर बिग बॉस जीतने से पहले क्या करती थीं?

Deepika Kakkar Shoaib Ibrahim
प्रकाशित

रविवार 30 दिसंबर 2018 की रात बिग बॉस 12 के विजेता के नाम का ऐलान हो गया. टेलीविजन एक्टर दीपिका कक्कड़ रियलिटी शो बिग बॉस 12 फ़िनाले की विजेता रहीं. उन्होंने बेहद कड़े मुक़ाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रहे एस श्रीसंत को हराया. इनाम के तौर पर दीपिका को 30 लाख रुपए मिले.

कार्यक्रम के मेज़बान सलमान ख़ान ने दीपिका की जीत की घोषणा की. तीसरे नंबर पर रहे बिहार से आए गायक दीपक ठाकुर, जो 20 लाख रुपये की रकम लेकर शो से बाहर हुए.

टीवी की इस लोकप्रिय बहू के लिए उनके फैंस ने भी जमकर वोट किया. उनके फैंस ने उन्हें ये ख़िताब जितवाया है.

दीपिका कक्कड़ बहुत पॉपुलर अभिनेत्री और मॉडल हैं. 'बिग बॉस 12' में आने से पहले दीपिका कक्कड़ ने कलर्स चैनल के धारावाहिक 'ससुराल सिमर का' में सिमर की भूमिका निभाई थी. दर्शक इन्हें सिमर की भूमिका में खूब पसंद करते थे.

Deepika Kakkar Shoaib Ibrahim

'ससुराल सिमर का' से पहले दीपिका ने 'नीर भरे तेरे नैना' और 'अगले जनम मोहे बिटिया ही कीजो' में भी काम किया था. दीपिका के पिता सेना में थे. 2018 में जे पी दत्ता की फिल्म 'पलटन' से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया और फ़िल्म में उनके काम की सराहना भी हुई थी.

2009 में दीपिका ने अपने को-एक्टर रौनक सैमसन से शादी की थी लेकिन ये शादी 3 साल ही चली. उन्होंने इस बात को छिपाकर रखा था.

दीपिका 'ससुराल सिमर का' के साथी एक्टर शोएब इब्राहिम के साथ 2015 से रिलेशनशिप में थी और उन्होंने 22 फ़रवरी 2018 को इस्लाम अपनाते हुए उनसे निकाह किया था. शोएब ने उनके ऑनस्क्रीन पति प्रेम का किरदार निभाया था. सेट पर इनका प्यार परवान चढ़ा और कुछ साल डेटिंग करने के बाद दोनों शादी के बंधन में बंध गए.

Saba Ibrahim

बिग बॉस 12 के घर में दीपिका कक्कड़ को बेहद इमोशनल माना जाता रहा, पर वो असल ज़िन्दगी में भी इमोशनल हैं. दरअसल, दीपिका के पति शोएब की बहन सबा का बर्थडे 24 दिसंबर को था. दीपिका तो कई महीनों से बिग बॉस के घर में कैद थीं, इस बात को समझते हुए उन्होंने सबा के लिए पहले ही गिफ्ट में एक प्यारी-सी ड्रेस ले ली थी और शोएब को दे दी थी. सबा अपनी भाभी का गिफ्ट और प्यार देखकर बेहद खुश हो गईं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर इस बात को शेयर भी किया.

Deepika Kakkar Shoaib Ibrahim

दीपिका ने शोएब इब्राहिम के साथ शादी के बाद अपना नाम दीपिका कक्कड़ इब्राहिम कर लिया था. दीपिका ने शादी के बाद इस्लाम के तहत अपना नाम फ़ैज़ा में बदला. दीपिका डांस रियलिटी शो 'झलक दिखलाजा 8 ' की कंटेस्टेंट भी रह चुकी हैं. वो अपने पति शोएब इब्राहिम के साथ 2017 में नच बलिये 8 में भी दिखी थी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)