'मेरी बात सुनिए, माँ जी', अपराधियों को रोकने के लिए बेंगलुरु पुलिस ऐसा क्या कर रही, जिस पर उठ रहे सवाल

इमेज स्रोत, Imran Qureshi
- Author, इमरान क़ुरैशी
- पदनाम, बेंगलुरु से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 9 मिनट
बेंगलुरु में आईजीपी रैंक के पुलिस अधिकारी बदमाशों के घर जा रहे हैं. वे उन्हें अपराध की गतिविधियां जारी न रखने की चेतावनी दे रहे हैं और उनके परिवार के सदस्यों से भी उन्हें काबू में रखने की अपील कर रहे हैं.
बदमाशों के घर के दरवाज़े पर आईजीपी रैंक के अधिकारियों का पहुंचना एक असामान्य नज़ारा है. इसकी वजह बेंगलुरु पुलिस कमिश्नरेट को पांच हिस्सों में बांटा जाना है.
शहर में एंटी-राउडी स्क्वाड यानी बदमाशों पर नज़र रखने वाली पुलिस टीम कई दशकों से मौजूद है. लेकिन इस बार फ़र्क यह आया है कि कर्नाटक सरकार ने इस व्यवस्था को और मज़बूत किया है.
पहले इस टीम की कमान किसी डीसीपी या एसीपी रैंक के अधिकारी के पास होती थी. लेकिन अब यह सीधे एडीजीपी यानी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रैंक के अधिकारी के नियंत्रण में है.
पुलिस की इस नई रणनीति में सख़्ती और नरमी, दोनों की झलक देखने को मिली.
पूर्वी बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर डॉ. पीएस हर्षा ने एक बदमाश की मां के सामने हाथ जोड़कर कहा, "मैं आपसे गुज़ारिश कर रहा हूं कि आप उसे समझाइए."
इसके बाद उन्होंने बदमाश की ओर मुड़कर कहा कि उसे अपना रवैया सुधारना होगा और नियमित रूप से पुलिस थाने में हाज़िरी लगानी होगी.
ऐसा नहीं करने पर उसे गंभीर नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं. उन्होंने कहा, "फिर उसके साथ अलग तरह से पेश आया जाएगा.''
बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़
और जानें
समाप्त
डॉ. हर्षा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "पहले हमारे पुलिसकर्मी उनके घरों पर सिर्फ़ हथियार और आपत्तिजनक दस्तावेज़ों की तलाशी लेने जाते थे. लेकिन अब हमने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है.''
''हम यह भी देखते हैं कि वे कौन-से क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल कर रहे हैं, ऑनलाइन यूपीआई से किसे पैसे भेज रहे हैं या किससे पैसे ले रहे हैं, उनके फ़ोन से क्या जानकारी मिलती है और उनके साथी कौन हैं. इस तरह हम किसी बदमाश की पूरी गतिविधियों का 360 डिग्री आकलन करते हैं."
आमतौर पर पुलिस के सबसे निचले स्तर के अधिकारी यानी सब-इंस्पेक्टर या कॉन्स्टेबल बदमाशों के घर जाकर उन्हें थाने बुलाते थे. वहां उन्हें किसी वरिष्ठ अधिकारी के सामने पेश होना होता था.
लेकिन मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और गृह मंत्री प्रियांक खड़गे की ओर से नई व्यवस्था के तहत गठित बेंगलुरु पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों को निर्देश दिए जाने के बाद स्थिति बदल गई है.
अब पांचों कमिश्नरेट में आईजीपी या डीआईजी रैंक के अधिकारियों को तैनात किया गया है.
डॉ. हर्षा ने कहा, "हम जमीनी स्तर पर जा रहे हैं. हमारी रणनीति दो हिस्सों में बंटी है. एक तरफ़ हम इन परिवारों की महिलाओं को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि हम उनकी मदद करेंगे और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएंगे. दूसरी तरफ़ बदमाशों के मन में क़ानून का डर पैदा करना चाहते हैं. किसी के लिए भी अपराध करना मजबूरी नहीं होना चाहिए."

इमेज स्रोत, Imran Qureshi
ज़्यादातर बदमाश संगठित गिरोहों का हिस्सा होते हैं. ये गिरोह संदिग्ध रियल एस्टेट सौदों, रंगदारी, सेक्सटॉर्शन और अनैतिक देह व्यापार जैसी गतिविधियों में शामिल होते हैं.
पुलिस ने पांचों डिवीज़न में एक ही दिन में 149 ऐसे लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की, जिनके नाम राउडी शीटर के तौर पर दर्ज हैं. सिर्फ़ पूर्वी डिवीज़न में ऐसे 300 से ज़्यादा लोग हैं.
नई व्यवस्था में एंटी-राउडी स्क्वाड और ट्रैफ़िक की ज़िम्मेदारी संभाल रहे अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हेमंत निम्बालकर ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा "सड़क पर चलने वाले आम आदमी, सड़क पर चलने वाली लड़की, छोटे-छोटे कारोबार करने वाले लोग और अपनी पूंजी लगाकर छोटी-छोटी साइटों पर घर बनाने वाले लोग, इन सभी पर ऐसे लोगों का असर पड़ता है."
"ये लोग ऊंची ब्याज दरों पर पैसे का कारोबार भी चलाते हैं. समाज पर इनका किसी न किसी तरह असर पड़ता है. ऐसे लोगों को क़ानून के दायरे में लाना बहुत ज़रूरी है. इसी मक़सद से एंटी-राउडी स्क्वाड का गठन किया गया है."
सख़्त चेतावनी और मदद की अपील

इमेज स्रोत, Imran Qureshi
डॉ. हर्षा ने राउडी शीटर शिवराज की मां दुर्गम्मा से कहा, "हम यहां आकर आपको परेशान नहीं करना चाहते. उसे क़ानून का पालन करना चाहिए और उससे भटकना नहीं चाहिए. अगर वह क़ानून तोड़ेगा, तो हम कार्रवाई करेंगे. उसे गिरफ़्तार करके जेल भेजेंगे. क्या आप समझ रही हैं? आपको हमें इस नालायक के बारे में जानकारी देनी होगी."
उन्होंने दुर्गम्मा को अपनी सेहत का ख़्याल रखने की सलाह भी दी.
उन्होंने कहा, "आपको सामान्य और सम्मानजनक ज़िंदगी जीने के लिए सरकार से जिस भी मदद की ज़रूरत हो, उसे दिलाने में हम आपकी मदद करेंगे. आपको सरकार की गृह लक्ष्मी योजना का लाभ मिल रहा है. आप अच्छी ज़िंदगी जी सकती हैं और कुछ अच्छा काम कर सकती हैं."
डॉ. हर्षा ने आगे कहा, "उसे ऐसे झमेलों में पड़ने की क्या ज़रूरत है? क्या आप मेरी बात सुन रही हैं? उसका चेहरा देखिए. फ़िलहाल मैं इस मामले में किसी और तरह से कार्रवाई नहीं कर रहा हूं. मेरी बात सुनिए, माँ जी. रोइए मत. मैं आपसे बहुत सम्मान के साथ यह गुज़ारिश कर रहा हूं."
इसके बाद उन्होंने दुर्गम्मा के सामने दोबारा हाथ जोड़कर यही बात कही.
दुर्गम्मा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "यह अच्छी बात है. उन्होंने उसे बहुत अच्छी सलाह दी. उन्होंने मेरे बेटे को सही रास्ते पर चलने के लिए कहा है और हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि वह सही रास्ते पर रहे.
''मैं बहुत ख़ुश हूं. वह यहां आए और एक मार्गदर्शक की तरह हमें बहुत अच्छी सलाह दी. उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह ग़लत रास्ते पर जाता है, तो मुझे फ़ोन कर देना. बस इतना कहना कि हमारे 'साहब' का फ़ोन आया है."
उन्होंने कहा, "मैंने उन्हें भरोसा दिलाया कि मैं ऐसा ज़रूर करूंगी. मैं इसके लिए उनकी बहुत आभारी हूं. मैं हमेशा उन लोगों का हौसला बढ़ाती हूं जो बच्चों को सही रास्ते पर लाने में मदद करते हैं. जिस दिन वह जेल से बाहर आया था, उसके बाद से हमने उसे देखभाल के लिए गायें भी दी हैं. मैंने उससे कहा है कि उसे कहीं और नहीं जाना चाहिए. उसे यहीं, मेरी आंखों के सामने रहना चाहिए."
दुर्गम्मा पुराने एचएएल हवाई अड्डे के पास एक निजी अस्पताल में मरीज़ों की देखभाल का काम करती थीं. इसी दौरान उन्हें अपने पति पर हुए हमले की ख़बर मिली थी.
उन्होंने कहा, "उन लोगों ने मेरे पति पर हमला किया था, जिन्होंने मेरे बेटे और उसके साथियों पर हमला करने के लिए एक गिरोह बनाया था."
उनके पति उस हमले में लगी चोटों से कभी उबर नहीं पाए. यह हमला उनके बेटे शिवराज के एक दोस्त के साथ हुए झगड़े के बाद किया गया था.
शिवराज 'राउडी शीटर' कैसे बना?

इमेज स्रोत, Imran Qureshi
34 साल के शिवराज ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "2013 में एक दिन मेरे दोस्त का रास्ता विरोधी गिरोह की कार ने रोक दिया था. इसके बाद यह मामला दो गिरोहों की लड़ाई में बदल गया. 2014 में पुलिस ने मेरे नाम से 'राउडी शीट' खोल दी. 2015 में हमने अपने दोस्त पर हमला करने की कोशिश की. इसके बाद विरोधी गिरोह के एक सदस्य ने मेरे साथी की जान लेने की कोशिश की."
उन्होंने कहा, "हमने 2016 में इसका जवाब दिया. इसके बाद हमें जेल भेज दिया गया. जब मैं जेल से बाहर आया, तो मुझे पता चला कि दूसरे गिरोह के एक सदस्य के पिता ने मेरे पिता पर हमला किया था. मैं हत्या और हत्या की कोशिश के मामलों में नियमित रूप से अदालत में पेश होता हूं."
शिवराज अपनी मां के साथ करीब दो दर्जन गायों, बकरियों और मुर्गियों की देखभाल करता है.
हालांकि, पुलिस के कुछ रिटायर्ड अधिकारियों का कहना है कि नई व्यवस्था में एंटी-राउडी स्क्वाड को फिर से सक्रिय करने में कुछ भी नया नहीं है.
लेकिन रिटायर्ड आईजीपी (इंटेलिजेंस) गोपाल होसुर ने बताया कि बदमाशों पर लगाम लगाना क्यों ज़रूरी है.
उन्होंने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा, "कई लोगों को लग सकता है कि छोटे-मोटे बदमाश सिर्फ़ अपने इलाके में परेशानी पैदा करते हैं. लेकिन ऐसा नहीं है. जैसे-जैसे उनका हौसला बढ़ता है, वे ग़ैरक़ानूनी गतिविधियों में शामिल होने लगते हैं. कभी-कभी ये गतिविधियां देश की सीमाओं से भी बाहर तक पहुंच जाती हैं."
उन्होंने अपना एक अनुभव साझा करते हुए कहा, "जब मैं मंगलुरु में डीआईजी था, तब एक बदमाश दुबई भाग गया था. वह मंगलुरु के एक बिल्डर की हत्या करने वाला था. ग़नीमत रही कि हमें हमले से कुछ मिनट पहले ही उस बिल्डर को बचाने में कामयाब रहे."
क्या बदमाशों के परिवार की महिलाओं को चेतावनी देना क़ानूनी है?

इमेज स्रोत, Imran Qureshi
बदमाशों के ख़िलाफ़ पुलिस की इस कार्रवाई पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए हैं. ख़ास तौर पर इसलिए क्योंकि पुलिस अधिकारी उनके घरों पर छापे मार रहे हैं और परिवार की महिलाओं से बात कर रहे हैं.
राज्य के पूर्व सरकारी वकील वेंकटेश बीटी ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि पुलिस की ऐसी कार्रवाई को लेकर क़ानून क्या कहता है.
उन्होंने कहा, "अगर शांति-व्यवस्था बनाए रखने की बात है, तो राउडी तत्वों से बॉन्ड भरवाया जा सकता है. हर कमिश्नर एक मजिस्ट्रेट भी होता है, यानी वह कार्यकारी मजिस्ट्रेट की भूमिका निभाता है. आम तौर पर ऐसे लोगों को दफ़्तर, थाने या कमिश्नर के दफ़्तर में बुलाकर यह कार्रवाई की जा सकती है."
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन उनके घर जाकर परिवार की महिलाओं को बताना कि वे इन लोगों को ठीक से रखें और इस तरह उन्हें डराना, यह अलग बात है. यहां इस्तेमाल किए गए शब्द और बातचीत का तरीक़ा डराने वाला है. सवाल यह नहीं है कि पुलिस की मंशा अच्छी है या बुरी. सवाल यह है कि क्या यह कार्रवाई क़ानूनी दायरे में रहकर की जा रही है. इस मामले में पुलिस क़ानूनी दायरे से कुछ बाहर गई है."
हालांकि, डॉ. हर्षा ने बदमाशों के घर जाकर उनके परिवार की महिलाओं से बात करने के पीछे अपना मक़सद साफ़ किया.
उन्होंने कहा, "कल मैंने एक माताजी के सामने हाथ जोड़कर उनसे गुज़ारिश की कि आप उसे 24 घंटे देखती हैं. दिन में 14 घंटे तो वह आपकी नज़र के सामने रहता है. आप उससे पूछिए कि वह कहां जा रहा है, क्या कर रहा है, उसकी कमाई कहां से आ रही है और वह जो चीज़ें ला रहा है, वे कहां से ला रहा है."
उन्होंने कहा, "हमने उन माताजी को यह भी बताया कि अगर किसी दूसरे के घर को लूटकर आपका चूल्हा जल रहा है, तो यह सही बात नहीं है."
अब सवाल यह है कि बेंगलुरु में बदमाशों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए शुरू की गई ये छापेमारी कुछ दिनों की मुहिम साबित होगी या पुलिस इसे लगातार जारी रखेगी.
हेमंत निम्बालकर ने कहा, "यह ट्रेलर है या पूरी फ़िल्म, यह तो पता नहीं. लेकिन यह एक लंबी सिरीज़ होगी. यह न तो एक दिन का कार्यक्रम है और न ही 30 सेकंड का ट्रेलर या दो घंटे की फ़िल्म. यह लंबी सिरीज़ होगी और इसी तरह आगे चलती रहेगी."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

























