http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 25 दिसंबर, 2007 को 18:04 GMT तक के समाचार

उड़ीसा में कई गिरजाघरों पर हमले

उड़ीसा में क्रिसमस के दिन विश्व हिंदू परिषद् के आह्वान पर किए गए बंद के दौरान छह गिरजाघरों को निशाना बनाया गया और झड़पों में एक युवक की मौत हो गई है.

भुवनेश्वर से पत्रकार संदीप साहू का कहना है कि हिंसा में कम से कम 24 लोग घायल भी हुए हैं.

हिंसा के बारे में और जानकारी देते हुए राजस्व डिवीजन आयुक्त सत्यव्रत साहू ने कहा ' राज्य के चार ज़िलों फुलबनी, बालीगुडा, दारिंगीबाड़ी और ब्राह्मणीगांव में हिंसा को देखते हुए कर्फ्यू लगा दिया गया है.'

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाराखंभा में एक व्यक्ति की मौत हुई है.

अधिकारी का कहना था कि स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है.

राज्य के कंधामल ज़िले में छह चर्चों को निशाना बनाया गया जबकि अपुष्ट ख़बरों के अनुसार कई और स्थानों पर भी चर्चों को निशाना बनाया गया है.

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

पुलिस ने बताया कि विहिप समर्थक लक्ष्मणानंद सरस्वती पर हुए हमले का विरोध कर रहे थे.

लक्ष्मणानंद राज्य में कथित रूप से धर्म परिवर्तन का विरोध करने वालों नेताओं में प्रमुख हैं.

सोमवार से ही दारिंगबाड़ी इलाके में उस समय तनाव शुरु हुआ जब कुछ अज्ञात लोगों ने राज्य के स्टील एवं खान मंत्री पद्मनाभ बेहरा के दो घरों पर हमला किया.

इससे पहले लक्ष्मणानंद सरस्वती पर भी हमला किया गया था जिससे विहिप समर्थक ख़ासे नाराज़ थे.

लक्ष्मणानंद पर हमले के मामले में 13 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.