http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 24 जनवरी, 2006 को 09:08 GMT तक के समाचार

बूटा सिंह का इस्तीफ़े से इनकार

सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद बिहार के राज्यपाल बूटा सिंह ने इस्तीफ़ा देने से इनकार करते हुए कहा है कि वह 26 जनवरी को पटना में गणतंत्र दिवस परेड की सलामी लेंगे.

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फ़ैसला अक्तूबर में ही आ गया था और उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुरूप बिहार में शानदार चुनाव करवाए हैं.

उल्लेखनीय है कि बिहार में विधानसभा भंग करने की राज्यपाल बूटा सिंह की अनुशंसा को सुप्रीम कोर्ट ने असंवैधानिक ठहराया है.

मंगलवार को दिए गए निर्णय में सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि बूटा सिंह की रिपोर्ट दुर्भावना से प्रेरित थी और एक दल (जेडीयू) को सरकार बनाने से रोकने के लिए भेजी गई थी.

इनकार

पटना से दिल्ली आए हुए बूटा सिंह ने सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद बिहार निवास पर पत्रकारों से बातचीत की.

विपक्ष ने प्रधानमंत्री और बूटा सिंह का इस्तीफ़ा मांगा

बमुश्किल पाँच मिनट चली इस पत्रकारवार्ता में बूटा सिंह ने साफ़तौर पर कह दिया कि वह इस्तीफ़ा नहीं देंगे.

उन्होंने कहा, "मुझे इस फ़ैसले पर कुछ नहीं कहना. अक्तूबर में सुप्रीम कोर्ट ने जो कुछ कहा था उसके आधार पर बिहार में शानदार चुनाव करवाए गए."

बूटा सिंह ने कहा, "बिहार में जैसे चुनाव हुए हैं वैसे पहले कभी नहीं हुए थे और इन चुनावों के लिए चुनाव आयोग ने भी बधाई दी है."

यह पूछने पर कि क्या वह इस्तीफ़ा देने जा रहे हैं, पहले तो उन्होंने पलटकर पूछा, "आपसे किसने कहा?" फिर उन्होंने कहा, "मैं 26 तारीख़ को सलामी लूंगा."

इस सवाल पर कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उन्होंने एक पार्टी को सरकार बनाने से रोका, बूटासिंह ने कहा कि वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते.

हालाँकि इस सवाल जवाब से पहले उन्होंने कहा था कि वह सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले का अध्ययन करना चाहते हैं.