http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 16 फ़रवरी, 2006 को 05:31 GMT तक के समाचार

ग्वांतानामो बंद करोः संयुक्त राष्ट्र अधिकारी

ऐसे समय में जबकि संयुक्त राष्ट्र ग्वांतानामो बे में अमरीकी बंदीगृह के बारे में एक रिपोर्ट तैयार कर रहा है उसकी मानवाधिकार आयुक्त ने बंदीगृह को बंद किए जाने की बात की है.

संयुक्त राष्ट्र में मानवाधिकार मामलों की वरिष्ठतम अधिकारी ने कहा है कि क्यूबा स्थित ग्वांतानामो बे में अमरीका के बंदीगृह को बंद न करने के अलावा अब अधिक विकल्प नहीं बचा है.

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयुक्त लुइस आर्बूर ने कहा है कि वहाँ कुछ बंदी तो इतने अधिक समय से क़ैद हैं कि अमरीकी न्याय व्यवस्था अधिक प्रयत्न करे तो भी जो नुक़सान हुआ है उसकी भरपाई नहीं की जा सकती है.

ग्वांतानामो बे के बारे में रिपोर्ट गुरूवार को जारी होनी है और संयुक्त राष्ट्र आयुक्त ने उससे पहले ऐसे बयान दिए हैं.

उनका कहना है कि अमरीका को या तो वहाँ रखे गए बंदियों के ख़िलाफ़ सुनवाई करनी चाहिए या अड्डे को बंद कर देना चाहिए.

उन्होंने संदिग्ध लोगों का अपहरण कर उनको ऐसे स्थानों पर भेजे जाने की घटनाओं की भी निंदा की जहाँ उनको यातना दी जाती हो.

अमरीका सरकार ने इस चलन को रेंडिशन का नाम दिया है.

ग्वांतानामो बे के बंदी गृह में उन लोगों को रखा गया है जिन पर कथित रुप से 'आतंकवाद' में शामिल होने का आरोप है.

इनमें से कई लोग अफ़ग़ानिस्तान में बंदी बनाए गए थे. इस समय वहाँ लगभग 500 क़ैदी हैं.