http://www.bbcchindi.com

इराक़ बम धमाकों में सात की मौत

इराक़ में शनिवार को कई बम धमाकों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई जिनमें दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.

राजधानी बग़दाद के एक उत्तरी शहर ख़ालिस में शनिवार को एक बम धमाका हुआ है जिसमें कम से पाँच लोगों की मौत हो गई.

बम धमाका एक सुन्नी राजनीतिक दल इराक़ी इस्लामी पार्टी के स्थानीय मुख्यालय की इमारत के नज़दीक हुआ.

पुलिस का कहना है कि ऐसा लगता है कि बम धमाका पार्टी के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर किया गया था.

इसके अलावा राजधानी बग़दाद में भी शनिवार को कुछ अन्य बम धमाके हुए जिनमें कम से कम दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए.

इससे पहले गुरूवार को बग़दाद के पास विद्रोहियों ने करीब 12 शिया मुसलमानों की हत्या कर दी थी.

ये लोग सुन्नी बहुल इलाक़े लातिफ़िया में रहते थे जो बग़दाद से करीब 30 किलोमीटर दूर है.

गुरुवार को ही बग़दाद में आंतरिक मंत्रालय के पास एक आत्मघाती हमलावर ने चार पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी.