'हर घर में होगा एक बैंक खाता'

नरेंद्र मोदी
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल क़िले से जन धन योजना की घोषणा की थी
प्रकाशित

नरेंद्र मोदी गुरूवार को प्रधानमंत्री जन धन योजना की शुरुआत करेंगे. इसके तहत हर परिवार में कम से कम एक बैंक खाता खोलने का लक्ष्य रखा गया है.

भारत में लगभग 40 प्रतिशत लोग बैंकिंग सुविधा से वंचित हैं और क़र्ज़ के लिए ऊंची ब्याज दरों पर साहूकारों पर आश्रित हैं.

मोदी ने 15 अगस्त को स्वाधीनता दिवस पर अपने भाषण में कहा था, "लाखों ऐसे घर हैं जिनके पास मोबाइल फ़ोन तो हैं, लेकिन बैंक खाता नहीं है. हमें इन हालात को बदलना होगा."

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार मोदी सरकार का लक्ष्य 2018 तक 7.5 करोड़ घरों को बैंक खाता उपलब्ध कराना है.

जन धन योजना योजना की मुख्य बातें -

  • यह मिशन दो चरणों में लागू होगा. पहला चरण 15 अगस्त 2014 से 14 अगस्त 2015 तक होगा.
  • सभी परिवारों को उचित दूरी के अंदर किसी बैंक की शाखा या 'बिजनेस कॉरस्पोंडेंट' के माध्यम से बैंकिंग सुविधाएं देना.
  • रुपे डेबिट कार्ड के साथ कम से कम एक मूल बैंकिंग खाता उपलब्ध कराना.
  • फिंगर प्रिंट से बैंक अकाउंट खोलना.
  • 5,000 रुपये तक की ओवरड्राफ्ट सुविधा.
  • सभी परिवारों को एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर.
  • दूसरा चरण 15 अगस्त 2015 से 14 अगस्त 2018 तक.
  • लोगों को माइक्रो-बीमा उपलब्ध कराना.
  • बिज़नेस कॉरस्पोंडेंट (बीसी) के माध्यम से स्वावलंबन जैसी ग़ैर-संगठित क्षेत्र पेंशन योजनाएं शुरू करना.
  • शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों को कवर किया जाएगा.
भारतीय स्टेट बैंक

वरिष्ठ अर्थशास्त्री प्रंजॉय गुहा ठाकुरता के मुताबिक़ इस योजना से ग़रीबों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिया जा सकेगा.

साथ ही यह अर्थव्यवस्था के वित्तीय समावेश के लिए भी बहुत कारगर साबित हो सकता है.

हालाँकि उनके मुताबिक़ योजना को लेकर कई सारी चुनौतियां भी हैं.

क्या हैं चुनौतियां

  • दूरदराज़ के इलाक़े जो बैंकों से कई किलोमीटर दूर हैं, उन तक पहुंचना.
  • ऐसे ग़रीब लोग जिनके पास पहचान का कोई सरकारी दस्तावेज़ नहीं है, उनका खाता कैसे खुलेगा.
  • अशिक्षितों को बैंक खाते की उपयोगिता बताना और सरकारी योजनाओं के फ़ायदे गिनाना.
  • बैंकों में मोबाइल सेवा की हालत बहुत अच्छी नहीं होना.
  • बैंक और खाताधारकों के बीच कड़ी का काम करने वाले बिज़नेस कॉरस्पोंडेंट को लेकर स्थिति स्पष्ट न होना.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>